थकान नहीं, ताजगी से भरा रहेगा करवा चौथ के व्रत का दिन; इन 4 बातों का रखें ख्याल

करवा चौथ के व्रत को पति-पत्नी के बीच प्यार, विश्वास और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस दिन महिलाएं निर्जला उपवास रखकर व्रत करती हैं। पूरे दिन भूखी प्यासी रहती हैं, ऐसे में कई महिलाओं को थकान और कमजोरी महसूस हो जाती है। खासकर जो महिलाएं शादी के बाद पहला व्रत रखती हैं, उनके लिए कुछ बातों को जानना जरूरी है। पोषण विशेषज्ञ से जानते हैं, व्रत के दौरान क्या खाएं जिससे ऊर्जा बनी रहे।
करवा चौथ के व्रत पर एनर्जी से भरपूर रहने के 4 उपाय
घर पर रहने वाली महिलाएं हों या फिर ऑफिस जाने वाली, दोनों को ही व्रत वाले दिन थकान महसूस होती है। इसलिए जरूरी है कि वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहें ताकि व्रत वाला दिन आसानी से गुजर सके। ऐसे में केवल व्रत के दिन खान-पान का ख्याल नहीं रखा जाता बल्कि व्रत के पहले दिन आप क्या खा रही हैं, उसपर भी काफी कुछ निर्भर करता है।
1. व्रत से पहले दिन क्या खाएं-पिएं?
व्रत के पहले दिन तला-भुना खाने से परहेज करना चाहिए ताकि व्रत वाले दिन पेट भारी न हो। इसलिए आसानी से पचने वाला भोजन ही ग्रहण करने की सलाह दी जाती है। जैसे दाल, दलिया, खिचड़ी, ओट्स, सब्जियों का सूप, सलाद आदि। रात को सोने से पहले चाय या काफी का सेवन कम करें, इससे नींद अच्छी आती है और व्रत वाले दिन ताजगी का एहसास होता है। खान-पान के साथ सही समय पर सोना भी उतना ही जरूरी है। व्रत के पहले दिन कम से कम 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं, इससे दूसरे दिन भी शरीर में पानी की कमी नहीं होगी।
2. व्रत वाले दिन क्या करें?
अगर कोई महिला ऑफिस में काम करती हैं तो यह संभव है कि पूरे दिन व्यस्तता के कारण भूख का एहसास कम होता है, लेकिन मानसिक तनाव से ऊर्जा कम होने लगती है। ऐसे में बीच-बीच में गहरी लंबी सांसों का अभ्यास बहुत काम आता है। जो महिलाएं घर पर हैं, उन्हें बैठे-बैठे अधिक थकान महसूस होती है। ऐसे में अच्छी किताबें पढ़ना, संगीत सुनना या दोस्तों से बात करना अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इस व्यस्तता में उन्हें भूख का एहसास कम होगा।
3. तनाव मुक्त और शांत रहें
व्रत तभी सफल होता है जब पूरे दिन आपका मन शांत और तनाव मुक्त रहता है। इसलिए जरूरी है कि जब भी आपको थकान लगे तब गहरी लंबी सांसों का अभ्यास करें और मेडिटेशन करें। पूरे दिन अगर दिमाग में खाने की बात ही चलती रहेगी तो उसका असर आपकी मानसिक स्थिति पर भी पड़ेगा। इसलिए, अपने विचारों को सकारात्मक रखें।
4. संतुलित आहार लें
व्रत खोलते ही एकदम से भारी भोजन न लें। पहले घूंट-घूंट पानी पिएं और उसके बाद कुछ हल्का खाएं। पूरे दिन भूखा रहने के बाद आपको ज्यादा कुछ खाने की इच्छा नहीं होती। इसलिए कोशिश करें कि संतुलित आहार ग्रहण करें, जिसमें फाइबर, विटामिन, आयरन की मात्रा पर्याप्त हो। आप चाहें तो फलाहार कर सकती हैं या फिर थोड़े से ड्राई फ्रूट्स खा सकती हैं, इससे आपको तुरंत एनर्जी महसूस होगी।
यह भी पढ़ें- Karwa Chauth 2026 की सरगी में क्या खाएं? जानें थाली में रखी जाने वाली 6 चीजें
करवा चौथ के दिन इन बातों का रखें ध्यान
- व्रत से पहली रात को भारी खाना न खाएं।
- समय पर सोएं और शरीर हाइड्रेट रखें।
- तनाव कम लें और मन शांत रखें।
- इम्यूनिटी बूस्ट करने वाला भोजन लें।
- अगर डायबिटीज-बीपी की समस्या है तो डाक्टर से पूछकर दवाएं जरूर लें।
आप भी इन टिप्स की मदद से करवा चौथ के व्रत वाले दिन को ताजगी से भरा रख सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
लेखक- सुमन अग्रवाल
- करवा चौथ के व्रत में थकान और कमजोरी से कैसे बचें?
- व्रत से पहले संतुलित और पौष्टिक भोजन करें। सरगी में प्रोटीन, फाइबर और पर्याप्त ऊर्जा देने वाली चीजें शामिल करें। अपनी सेहत का ध्यान रखें और जरूरत से ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से बचें।
- करवा चौथ के व्रत से पहले सरगी में क्या खाना चाहिए?
- सरगी में फल, दूध या दही, सूखे मेवे और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल कर सकती हैं। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और पेट लंबे समय तक भरा रह सकता है।
- करवा चौथ के व्रत में चक्कर या कमजोरी महसूस हो तो क्या करें?
- अगर व्रत के दौरान चक्कर, बहुत ज्यादा कमजोरी या बेहोशी जैसा महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। सुरक्षित जगह पर बैठें या लेटें और जरूरत पड़ने पर व्रत तोड़कर पानी पिएं तथा चिकित्सकीय मदद लें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।