यह संकेत बताते हैं कि आप जरूरत से ज्यादा ले रही हैं विटामिन-डी

यह तो हम सभी जानते हैं कि शरीर की कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से चलाने के लिए कई तरह के मिनरल्स व विटामिन की जरूरत होती है। इन्हीं विटामिन में से एक है विटामिन-डी। विटामिन-डी आपके संपूर्ण स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन-डी सिर्फ शरीर में कैल्शियम को बेहतर तरीके से अब्जॉर्ब करने में मदद ही नहीं करता है, बल्कि यह मसल्स सेल्स की ग्रोथ, स्केलेटल सिस्टम के रखरखाव और इम्यून सिस्टम के लिए भी आवश्यक है।
विटामिन-डी का एक सबसे बड़ा स्त्रोत सूरज की किरणे हैं। इसके अलावा, कुछ खाद्य पदार्थों व सप्लीमेंट्स के जरिए भी लोग विटामिन डी लेते हैं। हालांकि, अगर आप लगातार विटामिन-डी के सप्लीमेंट्स लेते हैं तो इससे शरीर में उसकी अधिकता हो जाती है। विटामिन-डी की अधिकता कई तरह की परेशानियों की वजह भी बन सकती है। तो चलिए आज इस लेख में सेंट्रल गवर्नमेंट हॉस्पिटल के ईएसआईसी अस्पताल की डायटीशियन रितु पुरी आपको बता रही हैं कि शरीर में विटामिन-डी की अधिकता होने पर क्या लक्षण नजर आते हैं-
पेट से जुड़ी समस्याएं होना

जब आप लगातार बहुत अधिक मात्रा में विटामिन-डी का सेवन करते हैं, तो इसका असर आपके डाइजेस्टिव सिस्टम पर नजर आता है। दरअसल, विटामिन-डी लेने से रक्त में कैल्शियम का स्तर बढ़ सकता हैं। उच्च कैल्शियम के स्तर के परिणामस्वरूप आपको पेट में दर्द होना, भूख न लगना, उल्टी होना कब्ज या दस्त का अनुभव हो सकता है। कुछ लोगों को इस स्थिति में बार-बार पेशाब आने की समस्या भी होती है।
थकान महसूस होना

जब आपके शरीर में विटामिन-डी की अधिकता होती है, तो आप खुद को सहज नहीं महसूस करते हैं। बार-बार उल्टी, दस्त या कब्ज आपको परेशान कर सकती है, जिससे आपको लगातार थकान का अहसास होता है। यह देखा जाता है कि ऐसे लोगों का किसी भी काम में मन नहीं लगता है और उनके शरीर में उत्साह या एनर्जी ना के बराबर ही होती है।
इसे भी पढ़ें:43 की उम्र में 23 जैसा ग्लो चाहिए तो 1 मुट्ठी ये सुपरफूड खाएं
भ्रम होना
विटामिन-डी की अधिकता परिणामस्वरूप अक्सर लोगों के मन में एक भ्रम की स्थिति पैदा होती है। उन्हें हमेशा ही एक कन्फ्यूज़न रहता है और वह कोई भी डिसीजन नहीं ले पाते हैं। यह उच्च कैल्शियम के स्तर के परिणामस्वरूप भी प्रतीत होता है, जो विटामिन-डी की उच्च खुराक का कारण बन सकता है।
बहुत अधिक प्यास लगना

चूंकि शरीर में विटामिन डी की अधिकता कहीं ना कहीं डिहाइड्रेशन की वजह भी बनती है, जिसके कारण व्यक्ति को बहुत ज्यादा प्यास लगती है। हो सकता है कि आप बार-बार पानी पीएं, लेकिन फिर भी आपकी प्यास ना बुझे।
कैल्शियम डिपॉजिट होना
यह शरीर में विटामिन डी की अधिकता का सबसे बड़ा संकेत है। दरअसल, विटामिन डी का एक काम शरीर में कैल्शियम को अब्जॉर्ब करना होता है। लेकिन जब आप अधिक मात्रा में विटामिन डी का सेवन करते हैं, तो इससे शरीर में कैल्शियम डिपॉसिट होना शुरू हो जाता है। यह आपको बाहर से नजर भी आता है। कैल्शियम डिपॉजिट आपके शरीर के किसी भी अंग पर हो सकता है। इतना ही नहीं, कैल्शियम की अधिकता के कारण आपको किडनी स्टोन हो भी सकते हैं।
किडनी पर हो सकता है असर

बहुत अधिक विटामिन डी का सेवन किडनी इंजरी का कारण बन सकता है और कुछ मामलों में इससे किडनी फेलियर भी हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि शरीर में बहुत अधिक विटामिन डी होने से कैल्शियम का उच्च स्तर हो सकता है, जिससे बहुत अधिक पेशाब और किडनी के कैल्सीफिकेशन के माध्यम से पानी की कमी हो सकती है। यहां दिलचस्प बात यह है कि विटामिन डी की कमी भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकती है।
इसे भी पढ़ें:गर्मियों में इस तरह से पिएं छाछ, कभी नहीं बिगड़ेगा डाइजेशन
इसका रखें ध्यान
अमूमन विटामिन डी की अधिकता विटामिन डी के सप्लीमेंट्स लेने के कारण होती है। इसका कारण आहार या सूर्य का संपर्क नहीं है। ऐसा इसलिए है क्योंकि आपका शरीर सूर्य के संपर्क में आने से उत्पन्न विटामिन डी की मात्रा को रेग्युलेट करता है और यहां तक कि फोर्टिफाइड फूड्स में भी अधिक मात्रा में विटामिन डी नहीं होता है। इसलिए अगर आप विटामिन डी के सप्लीमेंट ले रहे हैं, तो उसे हमेशा ही एक्सपर्ट की सलाह पर लें। साथ ही, इसके डोज का भी खास तौर पर ध्यान रखें।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकीअपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit- freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।