Period Poop: क्या पीरियड्स के दौरान ज्यादा बार पॉटी आना नॉर्मल है? डॉक्टर से जानें

पीरियड्स के दौरान महिलाएं अपने शरीर में कई तरह के बदलाव महसूस करती है। पीरियड्स सिर्फ ब्लीडिंग या क्रैम्प्स तक सीमित नहीं होते हैं, बल्कि इसका असर हमारे पूरे शरीर पर होता है। पीरियड्स के दौरान और इससे कुछ दिन पहले महिलाओं के शरीर में कई हार्मोनल बदलाव होते हैं और इन बदलावों का असर महिलाओं के डाइजेशन, मूड और एनर्जी लेवल समेत कई चीजों पर होता है। कुछ महिलाओं को इन दिनों में कब्ज रहती है, तो कई महिलाओं को पीरियड्स के दौरान बार-बार पॉटी आती है। इसे हम पीरियड पूप कहते हैं। कई बार महिलाएं समझ नहीं पाती कि ऐसा क्यों हो रहा है, क्या ये नॉर्मल है या किसी गड़बड़ का इशारा है, चलिए इन सवालों के जवाब डॉक्टर से जानते हैं। यह जानकारी हम डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS Doctor, Health and Wellness Expert) संग हुई बातचीत के आधार पर शेयर कर रहे हैं।
क्या पीरियड्स के दौरान ज्यादा बार पॉटी आना नॉर्मल है?

पीरियड्स के दौरान और इससे कुछ दिन पहले महिलाओं के शरीर में हार्मोनल उतार-चढ़ाव होता है और इसकी वजह से डाइजेशन भी प्रभावित होता है। इस समय शरीर से प्रोस्टाग्लैंडिंस (Prostaglandins) हार्मोन रिलीज होता है। ये हार्मोन असल में हमारी यूट्रस की मसल्स को सिकुड़ने में मदद करता है और इसी की वजह से ब्लीडिंग होती है। इस हार्मोन की वजह से हमारी आंते भी प्रभावित होती है और आमतौर पर हमारी इंटेस्टाइन यानी आंते ओवर-एक्टिव हो जाती हैं और इसी वजह से कई महिलाओं को बार-बार पॉटी जाना पड़ता है, कई बार स्टूल ढीला हो जाता है तो कभी-कभी लूजमोशन भी होने लगते हैं। इसके अलावा इस समय पर शरीर में प्रोजेस्टेरोन (Progesterone) हार्मोन कम होने लगता है।
जब ये हार्मोन शरीर में ज्यादा होता है, तो कब्ज रहती है यानी पेट ठीक से साफ नहीं होता है। ऐसे में इसका लेवल कम होने पर पेट ज्यादा साफ होने लगता है और मोशन ज्यादा होते हैं। अब सवाल ये भी है कि क्या ये नॉर्मल है या इसकी वजह से घबराने की जरूरत है? डॉक्टर का कहना है कि ये पूरी तरह से नॉर्मल है। पीरियड्स के 2-3 दिन आपके साथ ऐसा हो रहा है, तो इसे लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर आपको बहुत अधिक लूजमोशन हो जाते हैं, तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक रिसर्च के मुताबिक भी इन दिनों में महिलाओं को पेट से जुड़ी दिक्कतें महसूस होना काफी आम है।
यह भी पढ़ें- 2 अप्रैल को पीरियड्स आए, तो किस दिन इंटिमेट होने से बढ़ सकते हैं प्रेग्नेंसी के चांसेज?
पीरियड्स में इन बातों का रखें ध्यान

- अगर आपको पीरियड में ज्यादा पॉटी आ रही है या पेट में मरोड़ और दर्द है, लेकिन पीरियड्स खत्म होने के साथ ही ये सभी दिक्कतें खत्म हो जाती हैं, तो ये नॉर्मल है।
- इन दिनों में गैस, ब्लोटिंग या उल्टी जैसा महसूस होना भी नॉर्मल है।
- इस समय पर आपको हाइड्रेट रहना चाहिए और ज्यादा भारी खाने से बचना चाहिए।
- पीरियड्स के दौरान बॉवेल मूवमेंट में बदलाव होना सामान्य है, लेकिन खान-पान का ध्यान रखना भी जरूरी है।
यह है एक्सपर्ट की राय

एक्सपर्ट का कहना है कि पीरियड्स के दौरान ज्यादातर महिलाओं को डाइजेशन से जुड़ी दिक्कतें होती हैं। ऐसे में इसकी वजह से परेशान होने की जरूरत नहीं है, लेकिन इन दिनों में आपको अपने खान-पान का खास ख्याल रखना चाहिए। हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shuttersotck
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।
