पीरियड पेन को दूर भगाने के लिए रुजुता दिवेकर के बताए ये 3 योगासन करें

पीरियड्स के दौरान ज्यादातर महिलाओं और लड़कियां को कमर, टांगों या पेट में दर्द की शिकायत होती है। कई महिलाओं को इस दौरान सिर में दर्द की शिकायत भी रहती है। हालांकि हल्के दर्द को महिलाएं बर्दाशत कर लेती हैं, लेकिन कुछ महिलाओं को दर्द इतना ज्यादा होता है कि उन्हें इससे बचने के लिए पेनकिलर का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन आपने देखा होगा कि घर में मौजूद बुजुर्ग महिलाएं इस दौरान पेनकिलर लेने के लिए मना करती हैं, क्योंकि उनका मानना है कि इससे हेल्थ को नुकसान हो सकता है। ऐसे में मन में यही सवाल आता है कि क्या किया जाए कि दर्द से आसानी से राहत मिल सके? तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं, क्योंकि कुछ योगासन को अपने फिटनेस रूटीन में शामिल करके आप पीरियड्स के दर्द से छुटकारा पा सकती हैं। इन योगासन के बारे में सेलेब्रिटी न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर बता रही हैं। जी हां इस बात की जानकारी हमें उनका इंस्टाग्राम अकाउंट देखकर मिली है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैन्स के साथ पीरियड्स पेन से बचाने वाले 3 योगासन का वीडियो शेयर किया है। आप इस वीडियो को देखकर आसानी से योगासन कर सकती हैं। आइए जानें कौन से है ये योगासन।
वीडियो में रुजुता पीरियड्स पेन को दूर करने वाले योगासन के साथ ही इससे जुड़ी कुछ बातें भी बता रही है। उनका कहना है कि ''पीरियड्स के बारे में बात करना इसलिए जरूरी है, क्योंकि इससे जुड़े कई मिथ महिलाओं के दिमाग में हैं। लेकिन इस बात का ध्यान रखिए कि पीरियड्स होना आपको बिल्कुल भी कमजोर और अशुद्ध नहीं बनाता है। ऐसा नहीं है कि आप पीरियड्स के दौरान मंदिर में नहीं जा सकती हैं। लेकिन पीरियड्स का पेन बहुत तकलीफदायक होता है। इसलिए इस दर्द से बचने के लिए योगासन कर सकती हैं। मैं आपको पीरियड्स पेन दूर करने वाले ऐसे ही आसान और असरदार 3 योगासन के बारे में बता रही हूं।''
इसे जरूर पढ़ें: दवाओं को भूल जाएं, पीरियड्स पेन को रोकेंगे ये 5 आसान उपाय
View this post on Instagram
सुप्त बद्धकोणासन
रुजुता दिवेकर सबसे पहले सुप्त बद्धकोणासन के बारे में बता रही है। उनका कहना है कि ''इस योगासन को करना बहुत आसान है और इसे करने से आपको पीरियड्स पेन से राहत मिलती है। इसे करने के लिए आपको गोल तकिये, थोड़े कंबल की जरूरत होती है। अगर आप चाहे तो बेल्ट का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।'' इसके बाद उन्होंने इसे करने के तरीके के बारे में बताया-
- इस योग को करने के लिए सबसे पहले दीवार के सहारे लंबाई में तकिये को लगा दें।
- तकिये और हिप्स में थोड़ी सी दूर होना जरूरी है।
- फिर पीठ को सीधा और छाती को चौड़ा कर लें।
- ऐसा करने के बाद अपने घुटनों को मोड़कर तलवों को जमीन से लगाकर रखें।
- दोनों तलवों को नमस्कार की मुद्रा में एक दूसरे के करीब लाकर जमीन से लगाएं।
- जितना संभव हो एड़ियों को पेल्विक एरिया के करीब लाएं।
- अब तकिये पर लेट जाएं। इस पोजिशन में कुछ देर आराम करें।
- अगर आप चाहे तो सिर के नीचे कंबल लगा सकती हैं।
- अपनी चेस्ट को चौड़ा करें, घुटनों को जमीन पर लगाकर रखें और हाथों को साइड में रखें।
- ऐसा करते हुए अपनी आंखों को बंद रखें।
- अपना ध्यान नाभि से नीचे की ओर ले जाने की कोशिश करें।
- ऐसा 4-5 मिनट के लिए करें।
- अगर आपके घुटने जमीन पर नहीं लगते हैं, तो उनके नीचे कंबल लगा सकती हैं।
अधोमुख वीरासन
- इस योगासन को करने के लिए आपको तकिये को सामने की और लगाने की जरूरत होती है।
- अब दोनों टांगों को मोड़कर पंजों को खोलकर उन पर बैठ जाएं।
- आपके हिप्स आराम की पोजिशन में होने चाहिए।
- अपने घुटनों को खोलें और चेस्ट को चौड़ा करें।
- घुटनों के बीच में तकिया लगाकर, आगे की ओर झुककर तकिये पर रिलैक्स करें।
- अपने हाथों को सामने की तरफ रखें।
- अगर आपको कम्फर्टेबल नहीं लग रहा है, तो माथे के नीचे कंबल लगा सकती हैं।
- इस पोजिशन में भी 3-5 मिनट तक रहें। और फिर वापस नॉर्मल पोजिशन में आ जाएं।
उपविष्ठ कोणासन
- इस योगासन को करने के लिए दो कंबल के ऊपर बैठ जाएं।
- फिर अपनी टांगों को पूरी तरह से खोल लें, जितना आप आसानी से खोल सकती हैं उतना ही करें।
- अब अपनी चेस्ट को खोल लें और अपने हाथों को पीछे की तरफ कंबल पर रखें।
- ऐसा करते हुए टांगों को जमीन पर लगाने की कोशिश करें। पंजों को ऊपर की तरफ रखें।
- इस योगासन को करने से आपको टांगों में स्ट्रेच महसूस होगा।
- अब अपनी टांगों के बीच में एक चेयर को लगा लें और अपनी हथेलियों को चेयर के कोने में रखें।
- आप चाहे तो सिर को चेयर पर रखकर रिलैक्स कर सकती हैं।
- इस पोजिशन में भी 3-5 मिनट के लिए रहें।
इसे जरूर पढ़ें: रुजुता के ये 5 आसान टिप्स अपनाएंगी तो नहीं होगा पीरियड्स में पेन
इन योगासन को करने से आपको आराम महसूस होता है और इसे आप कभी भी और कहीं भी कर सकती हैं। यह पीसीओडी, थायरॉइड और एंडोमेट्रियोसिस से परेशान महिलाओं के लिए बहुत अच्छा होता है। आप इसे पीरियड्स के दौरान दर्द को दूर करने के लिए कर सकती हैं। अंत में रुजुता ने एक स्पेशल बात बताई, शायद बहुत सी महिलाएं इस बात से अंजान हैं। उन्होंने बताया कि ''अगर महिलाएं अपनी छाती को दबाकर रखती हैं तो इसका असर रिप्रोडक्टिव अंगों पर पड़ता है।'' अगर आप भी पीरियड्स पेन से बचना चाहती हैं तो इन योगासन को अपनी फिटनेस रूटीन का हिस्सा बनाएं। इस तरह की और जानकारी पाने के लिए हरजिंदगी से जुड़े रहें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।