ट्रेडमिल छोड़कर सीखें भरतनाट्यम, 45 मिनट का डांस सेहत को दे सकता है कई फायदे

अक्‍सर खुद को फिट रखने के लिए महिलाएं जिम जाती हैं, कार्डियो करती हैं, खूब वर्कआउट भी करती हैं, लेकिन यहां उतने बेहतर परिणाम नहीं आते जिनकी उन्‍हें उम्‍मीद होती है। 
Updated:- 2026-11-26, 12:29 IST
 bharatanatyam dance cardio workout

हर महिला खुद को हेल्‍दी और फिट रखना चाहती है। गुड लुक और गुड फील देने के लिए रोजाना घंटों जिम में पसीना बहाती हैं। कुछ दिन शरीर बेहतर लगता है, लेकिन बाद में ज्‍यादा फर्क नहीं लगता। एक तरीका और है जहां आपको जिम या ट्रेडमिल पर घंटों पसीना बहाने की जरूरत नहीं। अगर आपको डांस करना पसंद है तो भरतनाट्यम भी फिटनेस का एक अच्छा ऑप्‍शन साबित हो सकता है। क्‍या हैं भरतनाट्यम करने के फायदे, आइए जानते हैं।

भरतनाट्यम शास्‍त्रीय नृत्य सिर्फ कला और संस्कृति से जुड़ा नहीं है, बल्कि शरीर को एक्टिव रखने और फिटनेस बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है। फिटनेस एंड लाइफस्‍टाइल एक्सपर्ट डॉक्‍टर हर्षा का कहना है कि भरतनाट्यम के 45 मिनट का एक सेशन जिम के कार्डियो वर्कआउट जितने कार्डियोवैस्कुलर फायदे दे सकता है। इसके साथ ही मांसपेशियों की ताकत, शरीर का लचीलापन, संतुलन, पोस्चर और कोऑर्डिनेशन बेहतर करने में भी मदद मिल सकती है।

भरतनाट्यम कैसे बन सकता है कार्डियो वर्कआउट?

भरतनाट्यम का एक पूरा सेशन शरीर को कई तरह से एक्टिव रखने में मदद करता है। इस डांस फॉर्म में आधी बैठी हुई मुद्रा (हाफ-सिटिंग पोजीशन), तेज फुटवर्क, जंप और लगातार शरीर को मूव करना शामिल होता है। इन गतिविधियों की वजह से डांस करते समय लंबे समय तक हार्ट रेट बढ़ा रह सकता है।

एक्सपर्ट के अनुसार, भरतनाट्यम की प्रैक्टिस करने वाले कई लोग मीडियम से हाई इंटेंसिटी तक की एक्सरसाइज कर लेते हैं। यह तेज एरोबिक्स या सामान्य जिम कार्डियो सेशन जैसा हो सकता है। इसकी खासियत यह है कि इसमें एक ही समय पर शरीर की ताकत, फ्लेक्सिबिलिटी और कोऑर्डिनेशन पर भी काम होता है।

trade mill Vs bharat natyam

Image Credit: magnific.com

ट्रेडमिल करने और भरतनाट्यम में क्या है अंतर?

ट्रेडमिल पर दौड़ने या चलने से मुख्य रूप से कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस पर काम होता है। भरतनाट्यम में दिल की सेहत के साथ शरीर के कई दूसरे हिस्से भी एक्टिव रहते हैं। इसीलिए भरतनाट्यम ऐसा फिजिकल एक्टिविटी का ऑप्‍शन माना जा सकता है, जिसमें कार्डियो के साथ ताकत, संतुलन और तालमेल पर भी काम होता है।

शुरुआत में कितनी देर करें भरतनाट्यम की प्रैक्टिस?

अगर आपने पहले कभी भरतनाट्यम नहीं किया है, तो शुरुआत में ही 45 मिनट तक लगातार डांस करने की कोशिश न करें। बिगिनर्स को शुरुआत में 15 से 20 मिनट के प्रैक्टिस सेशन रखने चाहिए। धीरे-धीरे अपनी क्षमता और सहनशक्ति के अनुसार इसे बढ़ाकर 30 से 45 मिनट तक कर सकती हैं।

दूसरी तरफ अगर आप पहले से ही भरतनाट्यम सीख रही हैं या इसकी नियमित प्रैक्टिस करती हैं तो अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार लंबे सेशन कर सकती हैं। हालांकि, इसके लिए सही वार्म-अप, बीच-बीच में रिकवरी ब्रेक और पर्याप्त आराम भी जरूरी है।

indian bharatnatyam

Image Credit: magnific.com

घुटनों और कूल्हों का रखें ध्यान

भरतनाट्यम में कई ऐसी मुद्राएं होती हैं, जिनमें घुटनों को मोड़कर आधी बैठी हुई पोजीशन में रहना पड़ता है। ऐसे में अगर आपको पहले से घुटनों या कूल्हों में दर्द की समस्या है, तो बिना डॉक्‍टरी परामर्श के लंबे समय तक इस मुद्रा में प्रैक्टिस करना नुकसानदायक हो सकता है।

लंबे समय तक बिना रुके डीप-फ्लेक्सन पोजीशन में रहने से बचें। डांस के दौरान दर्द को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। अगर किसी मूवमेंट में दर्द महसूस हो, तो उसे रोकें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।

फिटनेस के लिए डांस को बनाएं अपनी दिनचर्या का हिस्सा

gym or bharatnatyam

Image Credit: magnific.com

भरतनाट्यम उन लोगों के लिए फिटनेस का एक अच्छा ऑप्‍शन हो सकता है, जिन्हें पारंपरिक एक्सरसाइज या जिम जाना पसंद नहीं है। इसकी प्रैक्टिस से शरीर को एक्टिव रखने के साथ डांस सीखने और अपनी कला को निखारने का मौका भी मिलता है। हालांकि, हर व्यक्ति की शारीरिक क्षमता अलग होती है। इसलिए अपनी फिटनेस और स्वास्थ्य के अनुसार ही डांस की अवधि और उसकी इंटेंसिटी तय करें।

यह भी पढ़ें- 100 Crunches के बाद भी पेट नहीं हो रहा अंदर? यह 1 एक्सरसाइज करेगी मदद

भरतनाट्यम को कार्डियो का अच्छा ऑप्‍शन माना जा सकता है, लेकिन यह सभी के लिए जिम या ट्रेडमिल का सीधा विकल्प नहीं है। इसके फायदे आपकी प्रैक्टिस की अवधि, गति, तकनीक और शारीरिक क्षमता पर निर्भर करते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: AI, magnific.com

FAQ
भरतनाट्यम क्या है और इसकी उत्पत्ति कहां हुई?
यह भारत के 8 प्रमुख शास्‍त्रीय नृत्यों में से सबसे पुराना नृत्य माना जाता है। इसकी उत्पत्ति तमिलनाडु के मंदिरों में हुई थी, जहां इसे पहले 'सदिर अट्टम' के नाम से जाना जाता था।
 भरतनाट्यम सीखने की सही उम्र क्या है?
इसे सीखने के लिए 6 से 8 वर्ष की उम्र सबसे आदर्श मानी जाती है, क्योंकि इस उम्र में शरीर लचीला होता है और जटिल मुद्राएं (जैसे 'अरामंडी' - आधा बैठने की मुद्रा) सीखना आसान होता है। हालांकि, रुचि होने पर किसी भी उम्र में इसे सीखा जा सकता है।
अरंगेत्रम क्या होता है?
अरंगेत्रम एक तमिल शब्द है जिसका अर्थ है 'मंच पर चढ़ना'। वर्षों की कठिन ट्रेनिंग के बाद, जब कोई शिष्य पहली बार दर्शकों और गुरुओं के सामने अकेले अपनी कला का प्रदर्शन करता है, तो उस समारोह को अरंगेत्रम कहा जाता है। यह नृत्य में स्‍नातक होने जैसा है।
Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।