Fri Sep 11, 2026 | Updated 07:31 PM IST

सिर्फ रोटी-सब्जी नहीं, महिलाओं की थाली में जरूर शामिल होनी चाहिए ये चीजें

क्‍या सिर्फ रोटी-सब्‍जी से महिलाओं को पूरा पोषण मिल जाता है? जानें किन जरूरी पोषक चीजों को डेली डाइट में शामिल करना चाहिए, ताकि आपका शरीर हेल्‍दी और एनर्जी से भरपूर रहे। 
Updated:- 2026-08-06, 22:24 IST
image

रोटी-सब्जी को भरोसेमंद और पसंदीदा खाना माना जाता है। यह स्‍वाद और सेहत का परफेक्‍ट कॉम्बिनेशन होने के कारण हर  किसी की थाली का अहम हिस्‍सा है। खासकर महिलाएं रोटी-सब्जी को अपनी डेली डाइट में शामिल करती हैं और मानती हैं कि घर का बना खाना पूरी तरह से संतुलित और पौष्टिक होता है।

सिर्फ रोटी-सब्जी नहीं, पोषण के लिए जोड़ें ये फूड्स

क्या सच में सिर्फ रोटी और सब्जी खाने से शरीर को जरूरी पोषण मिल जाता है? अगर आपको भी ऐसा ही लगता है, तो हम आपको बता देते हैं कि यह थाली पेट तो भर देती है, लेकिन कई बार इसमें कुछ जरूरी पोषक तत्वों की कमी रह जाती है। शरीर को ताकत, एनर्जी और लंबे समय तक हेल्‍दी रखने के लिए थाली में कुछ और चीजों को शामिल करना भी जरूरी है। इनके बारे में अपोलो हॉस्पिटल्स, बेंगलुरु की डाइटीशियन और न्यूट्रिशन एक्‍सपर्ट, डॉ. पद्मिनी बी वी बता रही हैं।

प्रोटीन से भरपूर फूड्स

थाली में सबसे बड़ी कमी प्रोटीन की होती है। कई महिलाएं दो रोटी के साथ थोड़ी-सी सब्जी खाती हैं, लेकिन दाल, दही, पनीर, अंडे, चना, राजमा, स्प्राउट्स, सोया या अन्य प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल नहीं करती हैं।

  • प्रोटीन मसल्‍स की मजबूती, बालों की सेहत, त्वचा की मरम्मत, इम्यूनिटी, हार्मोन बैलेंस और लंबे समय तक पेट भरा रखने के लिए जरूरी होता है।
  • अगर डाइट में पर्याप्त प्रोटीन न हो तो महिलाओं को थकान, जल्दी भूख लगना, बाल झड़ना, कमजोरी, शरीर की रिकवरी धीमी होना या धीरे-धीरे मसल्‍स में कमी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं।

protein rich foods

डाइट में विविधता

हर बार एक जैसी सब्जियां खाने से शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते हैं।

  • महिलाओं के लिए आयरन, कैल्शियम, विटामिन D, विटामिन B12, फोलेट, मैग्नीशियम और जिंक जैसे पोषक तत्व बेहद जरूरी होते हैं।
  • ये एनर्जी, हड्डियों की मजबूती, पीरियड्स से जुड़ी सेहत, मूड और लंबे समय तक हेल्‍दी रहने में मदद करते हैं।

हेल्‍दी फैट

रोटी-सब्‍जी वाली थाली में हेल्‍दी फैट की कमी भी हो सकती है। कई महिलाएं वजन बढ़ने के डर से डाइट में फैट को कम कर देती हैं। वहीं कुछ की डाइट में फैट का मुख्य स्रोत ज्यादा तेल, तले हुए स्नैक्स या प्रोसेस्ड फूड होते हैं। ऐसा करना बिल्‍कुल भी सही नहीं है। नट्स, बीज, मूंगफली, तिल, अलसी, थोड़ी मात्रा में घी या कोल्ड-प्रेस्ड ऑयल जैसे हेल्दी फैट हार्मोन बैलेंस, त्वचा की सेहत और शरीर में फैट-घुलनशील विटामिन्स के अवशोषण के लिए जरूरी होते हैं।

healthy diet

फाइबर से भरपूर चीजें

डाइट में फाइबर की कमी पर भी ध्यान देना जरूरी होता है। हालांकि, सब्जियों से फाइबर मिलता है, लेकिन कई बार इसकी मात्रा काफी कम होती है। सलाद, हरी पत्तेदार सब्जियां, साबुत दालें और मौसमी फल शामिल करने से डाइजेशन अच्‍छा होता है, क्रेविंग कम होती है और आंतों की सेहत अच्छी रहती है।

यह भी पढ़ें- क्या आप जानते हैं कि हमें फर्मेंटेड फूड्स क्यों खाने चाहिए?

फर्मेंटेड फूड

दही, छाछ और फर्मेंटेड फूड्स को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इन चीजों को कई घरों में वैकल्पिक माना जाता है, लेकिन ये डाइजेशन को सही रखते हैं और कैल्शियम और प्रोटीन भी देते हैं।

fermented foods

एक संतुलित प्लेट में शामिल होना चाहिए

रोज की थाली ऐसी होनी चाहिए, जिसमें स्‍वाद के साथ शरीर की पोषण संबंधी जरूरतें भी पूरी हों। इसके लिए प्‍लेट में अनाज, सब्जियों, प्रोटीन और डेयरी प्रोडक्‍ट्स जैसे जरूरी फूड्स का सही संतुलन होना चाहिए।

प्लेट का 1/4 भाग रोटी, चावल या अन्य साबुत अनाज
प्लेट का 1/4 भाग सब्जियां, दालें और सलाद
प्लेट का 1/4 भाग प्रोटीन से भरपूर चीजें
साथ में एक कटोरी दही या योगर्ट

नॉन-वेज खाने वाली महिलाओं के लिए अंडे, फिश या लीन मीट प्रोटीन के अच्‍छे स्रोत हो सकते हैं। वेजिटेरियन के लिए दाल, पनीर, चना, राजमा और सोया अच्छे विकल्प हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, रोटी, सब्जी, दाल या रोटी, पनीर और सलाद की थाली सिर्फ रोटी-सब्जी की तुलना में ज्यादा संतुलित होती है।

यह भी पढ़ें- थाली में छिपा खतरा: कहीं ये फूड कॉम्बिनेशन लेने से तो नहीं बिगड़ रही आपकी सेहत

घर का बना खाना अच्‍छी शुरुआत है, लेकिन सिर्फ घर का खाना हमेशा पूरी तरह से संतुलित हो, यह जरूरी नहीं है। पीरियड्स, प्रेग्‍नेंसी, पेरिमेनोपॉज या बढ़ती उम्र जैसी कंडीशन से गुजर रही महिलाओं की रोज की थाली सिर्फ भूख मिटाने वाली नहीं, बल्कि शरीर को ताकत, एनर्जी और पोषण देने वाली होनी चाहिए।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit: magnific.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।