गर्मियों में जमकर खाएं ये चीजें, पचने में हैं आसान और वजन भी रहेगा नियंत्रित

सेहतमंद रहने के लिए सिर्फ पौष्टिक आहार का सेवन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपको यह जानना और समझना भी होगा वह आहार आपके लिए कितना सुपाच्य है। असल में भोजन का पूरा लाभ मिलने के लिए उसका सही तरीके से पाचन बेहद जरूरी है। देखा जाए तो पाचन पर मौसम और शारीरिक परिस्थितियों का काफी हद तक असर पड़ता है, इसलिए मौसम अनुसार सुपाच्य भोजन (Easy to digest foods) का ही चयन करना चाहिए।
खासकर गर्मियों के मौसम में आहार का सुपाच्य होना बेहद जरूरी है। इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे सुपाच्य खाद्य पदार्थों के बारे में बता रहे हैं जो गर्म मौसम में भी आसानी पच जाते हैं। ऐसे में पाचन तो बेहतर रहता ही है, साथ ही शरीर को इनका पूरा पोषण भी मिल पाता है। बता दें कि हमने इस बारे में डाइटिशियन गुंजन सचदेवा से बात की है और उनसे मिली जानकारी यहां आपके साथ शेयर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- गर्मियों में पाचन संबंधी समस्याओं से बचना है तो अपनी आदतों में लाएं ये जरूरी बदलाव
हमारी डाइट एक्सपर्ट बताती हैं कि गर्मियों में फाइबर से भरपूर चीजों का सेवन फायदेमंद होता है, क्योंकि ऐसी चीजें आसानी से पच जाती हैं। वहीं एंटी इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट्स गुणों से भरपूर चीजें पाचन संबंधी समस्याओं को कम करती हैं, ऐसे में उनका सेवन गर्मियों के दिनों में विशेष तौर पर लाभकारी हो सकता है। तो चलिए जानते हैं ऐसे ही कुछ खाद्य पदार्थों (Easy to digest foods for summer) के बारे में जो गर्मियों में स्वाद के साथ ही आपको सेहत लाभ का आनंद भी देंगे।
तरबूज
तरबूज गर्मियों के लिए सबसे अधिक सुपाच्य और पौष्टिक फल माना जाता है। इसमें मौजूद हाई फाइबर पाचन के लिए बेहद फायदेमंद है। ऐसे में इसके सेवन से कब्ज, अपच, एसिडिटी और पेट की दूसरी समस्याओं से राहत मिलती है। साथ ही फाइबर की अधिकता के कारण तरबूज वजन को नियंत्रित रखने में भी मददगार होता है।

तरबूज की ठंडी तासीर शरीर को शीतलता प्रदान करने में भी सहायक साबित होती है, जिससे गर्मी से उपजी दूसरी समस्याओं से भी बचाव होता है। वहीं विभिन्न तरह के विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर इस फल का सेवन शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने में भी बेहद लाभकारी साबित होता है।
पपीता
पपीते की तासीर गर्म होने के कारण कुछ लोग इसे गर्मियों के लिए प्रतिकूल खाद्य पदार्थ मानते हैं, जबकि असल में देखा जाए पपीते में वो सभी गुण पाए जाते हैं जो इसे सुपाच्य बनाते हैं। फाइबर की अधिकता के कारण जहां यह आसानी से पच जाती है, तो इसमें मौजूद पाचन एंजाइम दूसरे खाद्य पदार्थो के पाचन में भी लाभकारी साबित होते हैं।

बता दें कि पपीते में मौजूद ‘पपेन’ एंजाइम प्रोटीन और भोजन में मौजूद दूसरे पोषक तत्वों को अवशोषित करने में सहायक होता है। इसलिए अगर गर्मियों में आपको पेट में जलन, दर्द या अपच की समस्या रहती है तो आपके लिए पपीते का सेवन बेहद लाभकारी हो सकता है। हां, पर इसकी मात्रा का ध्यान रखें। पपीते का अधिक सेवन कुछ परिस्थितियों में हानिकारक भी हो सकता है।
दही
गर्मियों में दही का सेवन पाचन के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि दही एक प्रोबायोटिक है और इसमें मौजूद बैक्टीरिया पाचन को बेहतर बनाते हैं। इसलिए अगर आप गर्मियों में हाजमे को दुरुस्त रखना चाहते हैं तो आपके अपने रोजाना के आहार में दही को जरूर शामिल करना होगा। इसमें मौजूद प्रोटीन, विटामिन और कैल्शियम, मैग्नीशियम जैसे खनिज तत्व शरीर को पौष्टिकता प्रदान करते हैं।
खीरा
खीरा, खराब पाचन के साथ ही गर्मियों की दूसरी कई सारी समस्याओं के लिए रामबाण माना जाता है। खीरे में मौजूद हाई फाइबर पाचन के लिए जहां सीधे तौर पर लाभकारी होता है, वहीं इसमें मौजूद मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे खनिज तत्व उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याओं से निजात दिलाने में सहायक होते हैं। इसलिए सेहत लाभ के लिए आप गर्मी के दिनों खीरे का जमकर सेवन कर सकते हैं।
साबुत अनाज
साबुत अनाज का सेवन गर्मियों में पाचन के साथ ही संपूर्ण सेहत के लिए लाभकारी होता है। साबुत अनाज में हाई फाइबर के साथ ही ओमेगा -3 फैटी एसिड जैसे अतिरिक्त पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। असल में जब आंत के बैक्टीरिया फाइबर को किण्वित करते हैं, तो वे शॉर्ट-चेन फैटी एसिड का उत्पादन करते हैं। बता दें कि फैटी एसिड शरीर की सभी कोशिकाओं को सही ढंग से काम करने में मदद प्रदान करता है।
उम्मीद करते हैं कि सेहत से जुड़ी यह जानकारी आपके लिए उपयोगी साबित होगी। अगर यह जानकारी आपको अच्छी लगी हो तो इसे अपने दोस्तों और परिचितों के साथ शेयर करना न भूलें।
यह भी पढ़ें- नेचुरल एंटासिड हैं ये फूड, मिनटों में दिलाते हैं पेट की जलन से राहत
आपकी राय हमारे लिए महत्वपूर्ण है! हमारे इस रीडर सर्वे को भरने के लिए थोड़ा समय जरूर निकालें। इससे हमें आपकी प्राथमिकताओं को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी। यहां क्लिक करें-
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।