Chhath Puja 2026: दिखने में एक जैसे पर स्वाद में बिल्कुल अलग, जानें बिहार के फेमस ठेकुआ और खजूरी में अंतर

आज छठ महापर्व का दूसरा दिन है। छठ पूजा का नाम आते ही सबसे पहले ठेकुआ का ही ख्याल आता है। बिहार और पूर्वांचल में तो इस त्योहार पर घर-घर में ठेकुआ बनाया जाता है। इसे छठी मैया को चढ़ाए जाने वाले खास प्रसाद में शामिल किया जाता है, लेकिन क्या आपने कभी ठेकुआ के साथ खजूरी भी खाई है?
कई लोग ठेकुआ और खजूरी को देखकर पहचान ही नहीं पाते हैं कि कौन सा ठेकुआ है और कौन सा खजूरी। इसकी वजह है कि दोनों का रंग और आकार काफी मिलता-जुलता होता है। हालांकि, जब आप इन्हें खाते हैं, तो स्वाद और कुरकुरेपन का फर्क आसानी से समझ आ जाता है।
ठेकुआ और खजूरी में अंतर
आज का हमारा लेख इसी पर है। हम आपको बता रहे हैं कि बिहार की इन दोनों मशहूर मिठाइयों ठेकुआ और खजूरी में क्या अंतर है? आइए जानते हैं-
-1794638303843.webp)
image credit- magnific
ठेकुआ और खजूरी की बनावट में क्या फर्क है?
आपको बता दें कि ठेकुआ और खजूरी देखने में भले ही एक जैसे लगें, लेकिन दोनों को बनाने का तरीका और इनकी बनावट अलग होती है।
- ठेकुआ की बनावट: ठेकुआ आमतौर पर गोल आकार का होता है। इसे खास तरह के सांचे में दबाकर बनाया जाता है, जिससे ऊपर सुंदर डिजाइन बन जाता है। बाहर से यह थोड़ा खुरदुरा दिखता है, जबकि खाने पर अंदर से बहुत ही खस्ता और थोड़ा मुलायम होता है। दरअसल, इसमें अच्छी मात्रा में मोयन मिलाया जाता है, जिससे इसका टेक्सचर बहुत ही अच्छा हो जाता है।
- खजूरी की बनावट: खजूरी का नाम इसके आकार की वजह से पड़ा है, क्योंकि यह देखने में खजूर जैसी लगती है। ठेकुआ के मुकाबले यह ज्यादा क्रिस्पी होती है। इसका बाहर का हिस्सा भी बहुत क्रिस्पी लगता है।
यह भी पढ़ें- Chhath Puja 2026 के लिए नारियल का ठेकुआ बिना सांचे के घर पर कैसे बनाएं? जानें Sanjeev Kapoor की आसान रेसिपी
ठेकुआ और खजूरी बनाने में इस्तेमाल होती हैं अलग चीजें
इन दोनों के बीच एक बड़ा फर्क इन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री का भी है। देखने में दोनों का रंग भले ही मिलता-जुलता हो, लेकिन इनका स्वाद अलग होने की वजह भी यही है।
- ठेकुआ बनाने की सामग्री: इसे गेहूं के आटे और गुड़ से तैयार किया जाता है। आटे में मोयन के लिए शुद्ध घी मिलाया जाता है। इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए इलायची, सौंफ और सूखे नारियल का बुरादा भी डाला जाता है। ठेकुआ को अच्छी तरह मोया जाता है, ताकि खाने पर यह खस्ता और मुलायम लगे।
- खजूरी बनाने की सामग्री: खजूरी की बात करें तो इसमें गेहूं के आटे की जगह मैदा इस्तेमाल किया जाता है। इसे ठेकुआ की तरह ज्यादा मोयने की जरूरत नहीं होती है। इसमें गुड़ की जगह चीनी डाली जाती है। इसी वजह से इसका स्वाद ठेकुआ से ज्यादा मीठा होता है और यह ज्यादा क्रिस्पी भी बनती है।
image credit- magnific
छठ पूजा में क्या है ठेकुआ और खजूरी का महत्व?
ठेकुआ और खजूरी के बीच सिर्फ स्वाद और बनावट का ही फर्क नहीं है, बल्कि छठ पूजा में इनकी जगह भी अलग है।
- छठ में खास प्रसाद है ठेकुआ: ठेकुआ को छठ पूजा का महाप्रसाद माना जाता है। अर्घ्य देते समय इसे प्रसाद के रूप में जरूर रखा जाता है। इसे बनाते समय साफ-सफाई और शुद्धता का खास ध्यान रखा जाता है। इतना ही नहीं, अर्घ्य देने से पहले ठेकुआ को चखना भी मना होता है।
- खजूरी का इस्तेमाल है अलग: खजूरी को छठ पूजा में प्रसाद के तौर पर चढ़ाया जा सकता है। हालांकि, इसे सिर्फ त्योहार तक सीमित नहीं रखा जाता है। लोग इसे आम दिनों में भी मीठे स्नैक की तरह खाते हैं। छठ पूजा में इसका महत्व ठेकुआ जितना नहीं होता है।
यह भी पढ़ें- बिना प्रिजर्वेटिव के हफ्तों तक फ्रेश रहता है बिहारी ठेकुआ, जानिए इसके पीछे की वजह
तो अगली बार ठेकुआ और खजूरी में ऐसे पहचानें फर्क
अगर आपके सामने ठेकुआ और खजूरी रखी हो, तो इन्हें पहचानना मुश्किल नहीं है। ठेकुआ आमतौर पर गेहूं के आटे और गुड़ से बनता है। इसके ऊपर सांचे से डिजाइन बनाया जाता है और यह अंदर से थोड़ा मुलायम होता है। वहीं, खजूरी मैदा और चीनी से बनती है। इसका आकार खजूर जैसा होता है और यह ज्यादा कुरकुरी लगती है। दोनों का अपना अलग स्वाद है, लेकिन छठ पूजा के महाप्रसाद की बात करें, तो ठेकुआ की जगह सबसे खास है।
अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- AI
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।