साबूदाने के ये हेल्दी और टेस्‍टी ब्रेकफास्‍ट आपको पूरे दिन रखेंगे एनर्जेटिक

साबूदाने से बने ब्रेकफास्ट गर्मी में हल्के होते हैं और आपको दिनभर एक्टिव रखते हैं। इस आर्टिकल में हम साबूदाना खिचड़ी, चीला, उपमा और खीर जैसी टेस्टी और हेल्दी ब्रेकफास्ट रेसिपीज और सेहत से जुड़े फायदों के बारे में जानेंगे।
Updated:- 2026-06-30, 13:54 IST
sabudana healthy breakfast recipes for full day energy

सुबह नाश्ते में ऐसा क्या हेल्दी और स्वादिष्ट बनाएं, जिससे हल्का भी महसूस हो और दिनभर ऊर्जा भी मिले? यह सवाल अक्सर मन में आता है। इसका एक अच्छा जवाब है साबूदाने से बने नाश्ते। आमतौर पर साबूदाना व्रत में खाया जाता है, लेकिन इससे रोजमर्रा के नाश्ते के लिए भी कई स्वादिष्ट और पौष्टिक रेसिपीज बनाई जा सकती हैं। इसके बारे में शेफ गौतम चौधरी से जानते हैं।

गर्मी के दिनों में साबूदाने का नाश्ता पेट के लिए हल्का और सुपाच्य होता है। इससे व्यंजन तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगता। बस साबूदाने को कुछ घंटे पहले भिगोना पड़ता है।

sabudana khichdi

साबूदाने की खिचड़ी

यह एक लोकप्रिय व्यंजन है, जिसे सुबह के नाश्ते में आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए साबूदाने को लगभग पांच घंटे पहले भिगो दें, ताकि वह अच्छी तरह फूल जाए। इसके बाद इसमें मूंगफली, आलू, हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर स्वादिष्ट खिचड़ी तैयार करें। यह पेट के लिए हल्की और स्वादिष्ट होती है।

साबूदाने का चीला

साबूदाने का चीला भी बेहद स्वादिष्ट होता है। इसे बनाने के लिए भिगोए हुए साबूदाने में कुट्टू का आटा मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार किया जाता है और फिर चीला बनाया जाता है।

साबूदाने-आम की खीर

आम के मौसम में साबूदाना और आम की खीर बेहतरीन विकल्प है। आम के कारण इसमें प्राकृतिक मिठास आ जाती है। चाहें तो इसमें गुड़ या ड्राई फ्रूट्स मिला सकते हैं। दालचीनी डालने से इसका स्वाद और बढ़ जाता है। इसे नारियल के दूध से भी बनाया जा सकता है।

साबूदाने का उपमा

साबूदाने का उपमा भी स्वादिष्ट और पौष्टिक होता है, क्योंकि इसमें शिमला मिर्च, गाजर, मटर और कार्न जैसी चीजें मिलाई जाती हैं। भिगोए हुए साबूदाने को हल्की पकी हुई सब्जियों में डालकर कुछ देर पकाएं और आखिर में नींबू का रस मिलाकर परोसें।

sabudana upma

साबूदाना खाने के फायदे

साबूदाने को हेल्‍थ के लिए सुपरफूड माना जाता है। यह आपको दिनभर एनर्जी देने के साथ ही पेट और हड्डियों की सेहत के लिए भी अच्‍छा होता है।  

तुरंत मिलती ऊर्जा- साबूदाने में स्टार्च और कार्बोहाइड्रेट की अच्छी मात्रा होती है, इसलिए इसे खाने से शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलती है।

पाचन के लिए अच्छा- जिन लोगों को पेट से जुड़ी समस्याएं रहती हैं, उनके लिए यह हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन है। डायरिया के दौरान भी इसे खाने की सलाह दी जाती है।

ग्लूटेन फ्री- साबूदाना प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री होता है। जिन्हें गेहूं से एलर्जी है या सीलिएक रोग है, वे इसे अपने आहार में सुरक्षित रूप से शामिल कर सकते हैं।

मजबूत हड्डियां- साबूदाने में कैल्शियम, आयरन और विटामिन-के जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं।

sabudana recipes

इन लोगों को करना चाहिए परहेज

साबूदाने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआइ) 80 से 90 के बीच होता है, जो सफेद चीनी से भी ज्यादा है। इसे खाने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसे खाने से परहेज करना चाहिए। जो लोग वजन नियंत्रण करना चाह रहे हैं, उन्हें इसे नहीं खाना चाहिए। जिनके पेट में पथरी है उन्हें भी इससे दूर रहना चाहिए, क्योंकि इसमें मौजूद कैल्शियम आक्सलेट क्रिस्टल पथरी की समस्या बढ़ा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- इस तरह बनाएं साबूदाने का स्वादिष्ट डोसा, बाजार के डोसे का भूल जाएंगे स्वाद

सीमित मात्रा में खाएं

भारतीय बाजार में मिलने वाले अधिकांश साबूदाने की क्‍वालिटी एक जैसी नहीं होती और कई प्रोडक्‍ट्स का ग्लाइसेमिक इंडेक्स (जीआइ) ज्‍यादा होता है। इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, लेकिन अगर इसमें मूंगफली, सब्जियां, दही या अन्य पौष्टिक सामग्रियां मिलाई जाएं तो यह अपेक्षाकृत अधिक संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक विकल्प बन सकता है।

यह भी पढ़ें- बिना नमक का व्रत करती हैं आप? तो बेहद काम आएगी ये साबूदाने से बनी मीठी खिचड़ी

आप भी साबूदाने की इन चीजों को ब्रेकफास्‍ट में खाकर पूरा दिन एनर्जी से भरपूर रह सकते हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल 

Image Credit: Shutterstock 

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।