सावन का पवित्र महीना भगवान भोलेनाथ को समर्पित होता है। ऐसे में शिव भक्तों के लिए इस महीने का खास महत्व होता है। शिवजी की आराधना के लिए यह सबसे फलदायी महीना होता है। जिसके चलते पूरे श्रावण माह में शिवभक्तों का तांता लगा रहता है। इसके अलावा सावन महीने में पड़ने वाले चार सोमवार को भोले के भक्त व्रत रखकर सच्चे मन से उपासना करते हैं। इस साल सावन का महीना 11 जुलाई, 2025 से शुरू हो रहा है। मान्यता अनुसार सावन महीने में आप जो भी शिवजी से मांगते हैं वो मनोकामना पूरी हो जाती है। ऐसे में अधिकतर शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है।
भारत में शिवजी के अनेकों चमत्कारी मंदिर हैं। जहां सावन के महीने में हर दिन हजारों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अगर आप भी इन मंदिरों में दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करना चाहती हैं, तो आज हम आपको तीन ऐसे ही शिव मंदिरों के नाम बताने जा रहे हैं। जहां आप भी सावन के महीने में दर्शन करने पहुंच सकती हैं। इन शिव मंदिरों के दर्शन मात्र से आपको अद्भुत लाभ मिलेंगे।
भारत में शिवजी के प्रसिद्ध चमत्कारी शिव मंदिर
आप सावन के महीने में इन मंदिरों में पहुंचकर शिवजी का आशीर्वाद प्राप्त कर सकती हैं। यहां दर्शन करने से आपको शुभ लाभ मिलेगा।
1 अचलेश्वर महादेव मंदिर, धौलपुर, रंग बदलता शिवलिंग
भारतवर्ष में अनेकों चमत्कारी मंदिर हैं और इनसे जुड़े रहस्यमयी किस्से भी हैं। जिनको सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगी। ऐसा ही एक प्रसिद्ध शिव मंदिर राजस्थान के धौलपुर में स्थित है। यहां शिवलिंग दिन में तीन रंग बदलता है। यहां सुबह के वक्त शिवलिंग का रंग लाल होता है। दोपहर में केसरिया और शाम को सांवला हो जाता है। इस मंदिर का नाम अचलेश्वर महादेव मंदिर है। यह मंदिर 5 किलोमीटर दूर चंबल नदी के किनारे बीहड़ों में बना है। मान्यता के अनुसार यहां दर्शन करने से भक्त की सभी इच्छाएं पूरी होती हैं। सावन माह में आप परिवार के संग शिवजी के इस मंदिर में दर्शन के लिए जा सकती हैं।
2 स्तंभेश्वर महादेव मंदिर, गुजरात
गुजरात के कवि कंबोई गांव में बसा यह चमत्कारी प्रसिद्ध शिव मंदिर है। स्तंभेश्वर महादेव मंदिर करीब 150 साल पुराना है। यह मंदिर चारों ओर अरब सागर और खंभात की खाड़ी से घिरा है। समुंद्र के बीच में बना यह मंदिर बेहद खूबसूरत लगता है। यह शिव मंदिर दिन में दो बार पूरा समुंद्र में समा जाता है। जिसकी वजह समुद्र में जल स्तर का बढ़ जाना है। वहीं जब पानी का स्तर कम होता है तो मंदिर फिर नजर आने लगता है। भक्त मंदिर को पानी में डूबने का मतलब शिवजी का अभिषेक मानते हैं। यदि आप गुजरात के आसपास रहती हैं तो सावन महीने में स्तंभेश्वर महादेव के दर्शन जरूर करने जाएं।
3 लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के खरौद नगर में बसा लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर की भी काफी मान्यता है। इस मंदिर को छत्तीसगढ़ का काशी भी कहा जाता है। बताया जाता है इस मंदिर के गर्भगृह में बने शिवलिंग की स्थापना रामचंद्र जी के भाई लक्ष्मण जी ने की थी। लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर के शिवलिंग में एक लाख से भी ज्यादा छिद्र बने हैं। इनमें से एक छेद ऐसा है जिसमें आप चाहे जितना भी पानी डालो सब अंदर चला जाता है। जिसके चलते कहा जाता है इस छेद का रास्ता पाताल तक जाता है। ऐसे में आप इस सावन इस चमत्कारी शिव मंदिर के दर्शन करने जा सकती हैं।
ये भी पढ़ें: ऐसा शिव मंदिर जहां अपनी किस्मत खोलने के लिए लोगों को ताला लगाना पड़ता है, सावन में भक्तों की लगती हैं भीड़
इस आर्टिकल के बारे में अपनी राय भी आप हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं। साथ ही, अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो, तो इसे शेयर जरूर करें। इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हर जिन्दगी के साथ।
Image Credit: Freepik/jagran/herzindagi
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों