5 Days Dinner Ideas: सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन डिनर में बनाने के लिए देखें आसान रेसिपीज, 1 घंटें में हो जाएगी तैयार

वर्किंग महिलाओं को ऑफिस से आने के बाद फिर से घर में खाना बनाने का मन नहीं करता। लेकिन क्या करें आज भी महिलाओं से ही उम्मीद की जाती है कि खाना आपको बनाना पड़ेगा। महिलाओं ने भले ही नौकरी को अपनी आजादी समझ ली है, लेकिन खाना बनाने के काम से उन्हें कभी छुट्टी नहीं मिल सकती। क्योंकि, आज भी लोगों की यही मानसिकत है कि खाना बनाना महिलाओं का ही काम है। यही कारण है कि ऑफिस से थक कर आने वाली महिलाएं डिनर में बनाने के लिए आसान रेसिपीज खोजती हैं। ऐसी रेसिपी जिसे बनाने में समय भी कम लगे और पेट भी भर जाए। आज के इस आर्टिकल में हम आपको सोमवार से लेकर शुक्रवार तक क्या बनाना है, इसके बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
सोमवार को बनाएं टमाटर प्याज की तड़के वाली चटनी
हफ्ते के पहले दिन अक्सर काम से आने के बाद दिल उदास रहता है। क्योंकि, अभी पूरे हफ्ते ऑफिस जाना है। ऐसे में रात के समय आपको काम करने में आलस आता है। इसलिए, कम समय में डिनर में आप टमाटर-प्याज की चटनी और रोटी बना सकती हैं। इसके लिए आपको केवल टमाटर-प्याज ज्यादा मात्रा में काटना है। आप 3 लोगों के खाने के लिए आप 3 प्याज और 4 टमाटर लें और जिस तरह से सब्जी बनाती हैं, ठीक उसी तरह बनाएं। इसमें बस यह होगा कि आपको टमाटर प्याज के अलावा और कोई सब्जी नहीं काटनी। इससे पेस्ट से रोटी खानी है। यह एक तरह से चटनी ही है, जो खाने में स्वाद लगती है।
मंगलवार को बनाएं राजमा राइस
इसे बनाने के लिए आपको सुबह ऑफिस जाते समय पानी में राजमा को भिगो देना है। अगर घर में कोई है, तो उसे भी कह सकती हैं। पूरे दिन पानी में रखने पर राजमा अच्छे से खिल जाएंगे। इसके बाद रात में गैस पर एक चुल्हे पर चावल पकाएं और दूसरे चुल्हे पर सब्जी बना लें। इससे 1 घंटे में सब्जी भी तैयार हो जाएगी और चावल भी। क्योंकि राजमा को भी कूकर में सीटी देकर पकाना है और चावल को भी।
बुधवार को बनाएं वेजिटेबल दलिया पुलाव
हफ्ते के तीसरे दिन आप कुछ हल्का बना सकती हैं। वेजिटेबल दलिया पुलाव को भी कूकर में पकाया जा सकता है और इसे रायते के साथ खा सकती हैं। इसे बनाने के लिए आपको दलिया में ढेर सारी सब्जियां डालकर सीटी देनी है। जब तक दलिया बन रहा है, साथ में रायता तैयार कर लें। यह खाने में भी स्वाद लगता है और इसे बनाना भी सबसे आसान है। इसके लिए आपको घंटों तक गैस के आगे खड़े नहीं रहना पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें- 7 Day Meal Plan: रोज-रोज 'क्या बनेगा' के सिरदर्द से चाहिए छुट्टी? वर्किंग वुमन्स के लिए बेस्ट है ये वीकली डिनर प्लान
गुरूवार को बनाएं पनीर पराठा
इसे बनाना भी सबसे आसान है, क्योंकि इसके लिए आपको आलू उबालने की झंझट नहीं होती। बस आटा गूंथे और एक तरफ प्याज और पनीर को कद्दूकस करके मसाले डालें और मिक्स कर लें। पराठा तैयार करें और दही या अचार के साथ सर्व करें। 1 घंटे में आराम से आप 3 लोगों का डिनर बना लेंगी। हफ्ते में एक दिन रात में आप पराठा खा सकती हैं, क्योंकि पनीर सेहत के लिए अच्छा होता है।
इसे भी पढ़ें- इन 3 चीजों से हर दिन अलग-अलग बनाएं नाश्ता, यहां देखें पूरे हफ्ते का Menu
शुक्रवार को बनाएं दही की लबाबदार सब्जी और रोटी
दही की लबाबदार सब्जी भी आजकल बहुत ज्यादा पसंद की जा रही है। इसे बनाने के लिए भी आपको ज्यादा सब्जियां नहीं काटनी पड़ती, इसलिए इसमें समय नहीं लगेगा। इसके लिए आपको पहले प्याज-टमाटर को अच्छे से पका लेना है। इसके बाद मसाले डालें और धीरे-धीरे दही को मिक्स कर लें। अब इसे 5 से 10 मिनट के लिए पकाएं और दही-लबाबदार तैयार है। रोटी के साथ इसे सर्व करें। इस सब्जी को बनाने में केवल 15 से 20 मिनट का समय लगता है। इसलिए, डिनर के लिए बेस्ट ऑप्शन है।
आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
image credit- magnific
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।