बच्चे नहीं खाते हैं फ्रूट्स, तो सेब से बनाएं ये 5 यूनिक रेसिपी

आजकल के बच्चे हेल्दी चीजें खाना बिल्कुल भी पसंद नहीं करते हैं। वहीं, अगर पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राई, मोमोज मिल जाए, तो उन्हें मजा ही आ जाता है। फलों को देखकर उनका मुंह बनाना तो तय होता है। ऐसे में अगर इसी फल में थोड़ी क्रिएटिविटी दिखाकर अलग तरीके से बना लिया जाए, तो वो बिना नखरे किए खा लेते हैं। सेब भी उन्हीं में से एक है। यह एक ऐसा फल है जिसे कच्चा खाने के अलावा कई स्वादिष्ट रेसिपी में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
अगर आप भी बच्चों को रोज-रोज सेब काटकर देने से थक गई हैं, तो हम आपको सेब से बनने वाली कुछ टेस्टी रेसिपी बता रहे हैं। आइए जानते हैं-
एप्पल दही पार्फे
अगर आपका बच्चा दही खाता है, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें। इसे बनाने के लिए आपको ये चीजें चाहिए होंगी-
- 1 सेब
- 1 कप गाढ़ा दही
- 1-2 चम्मच शहद (एक साल से बड़े बच्चों के लिए)
- थोड़ा ग्रेनोला या भुने हुए ओट्स
- थोड़े कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (अगर बच्चा खाता हो)
यह भी पढ़ें- भारत नहीं सात समंदर पार से हुई थी इन फलों की शुरुआत, इनका जन्मदाता है कोई और देश
बनाने का तरीका भी जानें
इसे बनाने के लिए सेब को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक कांच की गिलास में सबसे पहले दही डालें। फिर उसमें सेब के टुकड़े डालें। अब ऊपर से ग्रेनोला या ओट्स डालें। आखिर में थोड़ा शहद और ड्राई फ्रूट्स डालकर सर्व कर सकती हैं। यकीन मानिए यह आपके बच्चों को जरूर पसंद आएगा।
एप्पल ओट्स पैनकेक
अगर आप बच्चे को नाश्ते में कुछ हेल्दी देना चाहती हैं तो एप्पल ओट्स पैनकेक से बेहतरीन कुछ हो ही नहीं सकता है। इसे बनाने के लिए आपको ये चीजें चाहिए होंगी-
-1784878801575.jpg)
- 1 ग्रेट किया हुआ सेब
- 1 कप ओट्स का आटा
- 1 एग (अगर इस्तेमाल करते हों) या थोड़ा दूध
- आधा चम्मच दालचीनी पाउडर (ऑप्शनल)
- थोड़ा घी
बनाने का तरीका भी जानें
हमने आपको जो सामग्री बताई है, उन सभी चीजों को मिलाकर अच्छा सा बैटर तैयार कर लें। ध्यान रहे कि बैटर में काेई गांठ न रहे। अब तवा गर्म करें और थोड़ा सा घी लगाएं। इसके बाद बैटर डालकर दोनों तरफ से गोल्डन होने तक सेंक लें। इसे आप दही या थोड़ा शहद के साथ सर्व कर सकती हैं।
एप्पल स्मूदी
अगर बच्चा फल चबाकर नहीं खाता, तो स्मूदी भी बना सकती हैं। इसे बनाने में आपको ज्यादा समय भी नहीं लगेगा। इसके लिए आपको यह चीजें चाहिए-
- 1 सेब
- 1 गिलास ठंडा दूध
- 2-3 खजूर या थोड़ा शहद
- कुछ बादाम (ऑप्शनल)
- थोड़ी दालचीनी (अगर पसंद हो)
बनाने का तरीका जान लें
एप्पल स्मूदी बनाने के लिए सबसे पहले सेब के बीज निकालकर टुकड़ों में काट लें। अब सभी चीजाें को मिक्सर में डालें और अच्छे से ब्लेंड कर लें। इसे आप तुरंत सर्व करें।
एप्पल सैंडविच
एप्पल सैंडविच आप बच्चों के टिफिन में भी पैक कर सकती हैं। ये खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाने के लिए आपको क्या चाहिए?
- 4 ब्राउन या व्हाइट ब्रेड स्लाइस
- 1 सेब
- पीनट बटर या मलाईदार चीज
- थोड़ा दालचीनी पाउडर
बनाने का तरीका क्या है?
इसे बनाने के लिए ब्रेड पर पीनट बटर या चीज लगाएं। अब ऊपर से सेब के पतले-पतले स्लाइस रखें। चाहें तो थोड़ा दालचीनी पाउडर भी छिड़क सकती हैं। अब दूसरी ब्रेड रखकर सैंडविच बना लें। इसके बाद छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बच्चों के टिफिन में पैक कर दें।
एप्पल खीर
हमारे यहां भारतीय घरों में खीर खाना तो लगभग हर किसी को पसंद होता है। ऐसे में आप बच्चों के लिए एप्पल खीर भी बना सकती हैं। इसके लिए आपको ज्यादा चीजाें की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
- 1 ग्रेट किया हुआ सेब
- घी
- 500 मिली दूध
- 1-2 चम्मच गुड़ पाउडर या चीनी
- इलायची पाउडर
- थोड़े कटे हुए बादाम और पिस्ता
बनाने का तरीका भी जान लें
इसे भी चावल की खीर जैसे ही बनाना है। बस चावल की जगह सेब का इस्तेमाल करना है। सेब को ग्रेट करके सबसे पहले घी में भून लें। अब दूध डालें ओर इसे गाढ़ा होने दें। इसी बीच इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स भी डाल दें। जब ये गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें। जब दूध ठंडा हो जाए तो गुड़ का पाउडर मिला दें। आपका सेब का खीर तैयार है।
तो अगर आपका बच्चा भी सेब खाने में आनाकानी करता है तो आप ऊपर बताई गई रेसिपी ट्राई कर सकती हैं। साथ ही अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit- Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।