सर्दियों में पेट भी भरेगा और शरीर को मिलेगी अंदर से गर्माहट, डिनर में बनाएं गेहूं के आटे का सूप; नोट करें आसान रेसिपी

अगर आस सर्दि‍यों की रात में वही राेटी-सब्‍जी खाकर बोर हो गई हैं, तो हम आपको गेहूं के आटे से बनने वाले सूप की आसान रेस‍िपी बता रहे हैं। यकीन मान‍िए इसका स्‍वाद लोगों काे खूब पसंद आएगा।
Updated:- 2026-11-27, 10:24 IST
wheat flour soup recipe for dinner in winter

wheat flour soup recipe for dinner in winter

सर्दियों में रात के खाने में कुछ गरमागरम और टेस्टी मिल जाए, तो खाने का मजा ही अलग होता है, लेकिन हर रोज वही रोटी-सब्जी और दाल खाकर कई बार मन ऊब जाता है। ऐसे में आप चाहें तो डिनर में गेहूं के आटे का सूप बना सकती हैं। यह आम सब्जियों और घर में रखी चीजों से बन जाता है। इसमें भुने हुए आटे, लहसुन और सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है।

वहीं, इसमें दूध डालने से सूप थोड़ा क्रीमी भी हो जाता है। कुल मिलाकर आटे का सूप बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। ऐसे में अगर आप भी इस बार रात के खाने में कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो हम आपको इसकी आसान रेसिपी बता रहे हैं। आइए जानते हैं-

wheat flour soup recipe for dinner in winter (2)

image credit- magnific

गेहूं के आटे का सूप बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

इस सूप को बनाने के लिए आपको बहुत सारी चीजों की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसकी ज्यादातर सामग्री घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है।

  • गेहूं का आटा- 2 से 3 बड़े चम्मच
  • मक्खन या देसी घी- 1 से 2 बड़े चम्मच
  • बारीक कटा हुआ लहसुन- 1 छोटा चम्मच
  • बारीक कटी हुई सब्जियां- आधा कप (गाजर, शिमला मिर्च, बीन्स या कॉर्न)
  • दूध- आधा कप (अगर सूप को क्रीमी बनाना चाहती हैं)
  • पानी या वेजिटेबल स्टॉक- 2 से ढाई गिलास
  • काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर या ऑरेगैनो- आधा छोटा चम्मच
  • नमक- स्वाद के हिसाब से
  • हरा धनिया कटा हुआ- ऊपर से डालने के लिए

यह भी पढ़ें- बिना 1 बूंद तेल के बनती है बस्तर की यह मशहूर डिश, सर्दियों में जरूर बनाएं: नोट करें आसान रेसिपी

गेहूं के आटे का सूप बनाने का आसान तरीका

गेहूं के आटे का सूप बनाने के लिए आपको ज्यादा मेहनत नहीं करना होगा। आप नीचे बताए गए स्टेप्स से इसे बना सकती हैं। जैसे-

  • गेहूं के आटे का सूप बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन या कढ़ाई लें। अब इसमें एक बड़ा चम्मच बटर गर्म करें। अब इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर थोड़ा गोल्डन होने तक भून लें। बस ध्यान रखें कि लहसुन को जलने नहीं देना है।
  • अब इसमें गेहूं का आटा डालें और धीमी आंच पर चलाते हुए भून लें। जब आटे का रंग थोड़ा सुनहरा हो जाए, तो इसमें कटी हुई सब्जियां डाल दें। गाजर, शिमला मिर्च, बीन्स और कॉर्न (या आपको जो सब्जियां पसंद हों) को बटर के साथ करीब 1 से 2 मिनट तक भून लें।
  • इसके बाद पैन में धीरे-धीरे पानी या वेजिटेबल स्टॉक डालें। इस दौरान चम्मच से सूप को लगातार चलाती रहें। ऐसा करने से आटे की गांठें नहीं बनेंगी और सूप एक जैसा बनेगा। अब इसमें आधा कप दूध मिला दें।
  • सूप में नमक, काली मिर्च और भुना जीरा पाउडर या ऑरेगैनो डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसे मीडियम फ्लेम पर करीब 4 से 5 मिनट तक पकने दें। जब सूप थोड़ा गाढ़ा दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें।
  • अब ऊपर से थोड़ा मक्खन और कटा हुआ हरा धनिया डाल दें। आपका गरमागरम गेहूं के आटे का सूप बनकर तैयार है। इसे बाउल में निकालें और डिनर में गर्मागर्म सर्व करें।

wheat flour soup recipe for dinner in winter (1)

 

image credit- ai

सूप बनाते समय इन छोटी-छोटी बातों का रखें ध्यान

गेहूं के आटे का सूप बनाते समय आपको कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना होगा। इससे सूप का स्वाद काफी अच्छा रहेगा। जैसे-

  • आटा कच्चा रह गया, तो सूप में उसका स्वाद अच्छा नहीं आएगा। इसलिए आटे को लो फ्लेम पर थोड़ा गोल्डन होने तक भूनें।
  • आटे में पानी धीरे-धीरे ही मिलाएं और चम्मच से लगातार चलाती रहें। इससे गांठें नहीं बनेंगी।
  • गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च को छोटे टुकड़ों में काटें, ताकि ये सूप में अच्छी तरह पक सकें।
  • अगर आपको क्रीमी सूप पसंद है, तो दूध मिलाएं। आप इसे स्किप भी कर सकती हैं।

यह भी पढ़ें- बाजार से भी ज्यादा टेस्टी बनेगा गोलगप्पे का पानी, घर पर ऐसे तैयार करें खट्टा-मीठा और तीखा फ्लेवर

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।