बिना 1 बूंद तेल के बनती है बस्तर की यह मशहूर डिश, सर्दियों में जरूर बनाएं: नोट करें आसान रेसिपी

अगर आप इस बार ठंड में कुछ यून‍िक रेस‍िपी ट्राई करना चाहती हैं, तो आमट से बेहतर कुछ है ही नहीं। इसकी खास बात यह है क‍ि इसमें न तो तेल पड़ता है और न ही छौंक लगाया जाता है।
Updated:- 2026-11-17, 08:00 IST
bastar special aamat recipe

सर्दियों में गरमा-गरम और चटपटा खाना मिल जाए, तो खाने का मजा दोगुना हो जाता है, लेकिन अगर आप स्वाद के साथ तेल से भी बचना चाहती हैं, तो छत्तीसगढ़ के बस्तर की एक खास डिश ट्राई कर सकती हैं। इसका नाम है आमट। हैरानी की बात यह है कि इसे बनाने में तेल या घी की एक बूंद भी नहीं डाली जाती है। फिर भी इसका स्वाद इतना जबरदस्‍त होता है कि आप इसे बार-बार खाना चाहेंगी।

बस्तर के गांवों में यह सब्जी काफी समय से बनाई जा रही है। आमट को इमली के पानी, सूखी सब्जियों और कुछ मसालों की मदद से तैयार किया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि आमट क्या है और इसे घर पर किस तरह बना सकते हैं?

bastar special amat recipe (1)

image credit- herzindagi

क्या होती है बस्तर की आमट?

आपको बता दें क‍ि आमट बस्तर की एक पुरानी और मशहूर सब्जी है। इसका स्वाद खट्टा और तीखा होता है। इसे बनाने के लिए सब्जियों को तेल में तलने या भूनने की जरूरत नहीं पड़ती है। सारी चीजों को पानी में उबालकर पकाया जाता है। इमली का पानी इसमें खट्टापन लाता है, जबकि मसालों से इसका स्‍वाद दोगुना हो जाता है। इस सब्जी की एक और खास बात है कि इसे बनाने में घी या तेल का इस्तेमाल नहीं होता है। इसलिए जो लोग अपने खाने में तेल कम रखना चाहते हैं, वे भी इसे ट्राई कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- ये 4 टेस्‍टी महाराष्ट्रीयन दाल और आमटी रेसिपी आप जरूर ट्राई करें

आमट बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी?

अगर आप घर पर बस्तर की यह डिश बनाना चाहती हैं, तो पहले इन चीजों को इकट्ठा कर लें।

  • सूखी बास्ता
  • सूखे बैंगन
  • भीगे हुए देसी चने
  • टमाटर
  • हल्दी
  • सूखी लाल मिर्च
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • पिसा हुआ चावल
  • इमली का घोल
  • पानी

इन सभी चीजों से आमट तैयार की जाती है। इसमें तेल या घी डालने की जरूरत नहीं है।

bastar special amat recipe (2)

image credit- magnific

घर पर इस आसान तरीके से बनाएं बस्तर की आमट

घर पर आमट बनाने के ल‍िए आपको नीचे बताए गए स्‍टेप्‍स फॉलो करने होंगे। जैसे-

  • सबसे पहले सूखी सब्जियाें काे भ‍िगोना होगा। इसके ल‍िए सूखी बास्ता और सूखे बैंगन को एक बर्तन में पानी डालकर करीब आधे घंटे के लिए छोड़ दें। इससे सब्जियां नरम हो जाएंगी और इन्हें पकाना आसान होगा।
  • अब बर्तन में पानी गर्म करें। पानी गर्म हो जाए तो इसमें भीगी हुई बास्ता और बैंगन डाल दें।
  • अब इसमें पहले से भीगे हुए देसी चने और टमाटर डाल दें। सभी चीजों को एकदम लो फ्लेम पर पकने दें, ताकि सब्जियां और चने अच्छी तरह नरम हो जाएं।
  • जब सब्जियां पकने लगें, तो इसमें हल्दी, पिसी हुई सूखी लाल मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट मिला दें। इससे आमट में अच्छा तीखापन और खुशबू आएगी।
  • जब सब्जियां अच्छी तरह पक जाएं, तब इसमें इमली का घोल मिला दें। यही आमट को उसका खट्टा स्वाद देगा। इसे बाकी चीजों के साथ कुछ देर पकने दें।
  • आखिर में इसमें पिसा हुआ चावल मिलाएं। इससे आमट का पानी गाढ़ा हो जाएगा और सब्जी की ग्रेवी अच्छी बनेगी। इसे अच्छी तरह पकने दें, ताकि सभी चीजों का स्वाद आपस में मिल जाए।
  • आपका आमट तैयार है। इसे आप चपाती या सादे चावल के साथ सर्व क‍र सकती हैं।

क्यों खास है बिना तेल वाली यह डिश?

आमट की सबसे बड़ी खासियत इसका बनाने का तरीका है। इसमें सब्जियों को तेल में भूनने के बजाय पानी में पकाया जाता है। इसका खट्टा-तीखा स्वाद इमली और मसालों से आता है। साथ ही, सूखी बास्ता और बैंगन के इस्तेमाल से इसमें अलग तरह का स्वाद तो म‍िलता ही है, यह सेहत के ल‍िए भी अच्‍छा होता है।

यह भी पढ़ें- लंबी या गोल, कौन-सी लाल मिर्च है ज्यादा तीखी? स्वाद और इस्तेमाल का फर्क भी जान लें

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।