क्या आपको पता है बेसन में सूखी लाल मिर्च डालने से क्या होगा?

बेसन का इस्तेमाल अधिकांश घरों में खास अवसरों पर ही किया जाता है। कभी शाम को स्नैक्स बनाने के लिए या ब्रेकफास्ट में चीला बनाने के लिए बेसन का उपयोग किया जाता है। ज्यादा उपयोग न होने के कारण हम इसे स्टोर करके पेंट्री में बाकी चीजों के पीछे रख देते हैं और फिर भूल जाते हैं। एक समय के बाद उसमें कीड़े लगने लग जाते हैं। बेसन में लगे कीड़े देखकर उसे खाने का मन भी नहीं करता है और उसे फेंकना पड़ता है।
अगर हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताएंगे, जिससे आप बेसन का उपयोग फिर से कर सकेंगे तो? कई सारे बेसन के आटे से कीड़े और घुन निकालने के लिए प्राकृतिक और घरेलू उपचार का उपयोग करना पसंद करते हैं। बस इसलिए हम आपके लिए ऐसे तरीके लेकर आए हैं, जिनकी मदद से बेसन के इन कीड़ों को दूर किया जा सकता है।
1. सूखी लाल मिर्च रखें
बेसन को कीड़े से बचाने के लिए आप सूखी लाल मिर्च का उपयोग भी कर सकते हैं। ऐसा माना जाता है कि मिर्च की तेज और तीखी गंध घुन और अन्य कीटों को दूर भगाती है। अगर आप बेसन को लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं करेंगे, तो उसके पैकेट में 3-4 सूखी लाल मिर्च डालकर पैकेट को अच्छी तरह से सील करके रख दें। आप चिली फ्लेक्स को भी एक छोटे से पैकेट में रखकर बेसन के आटे में स्टोर कर सकते हैं। इससे बेसन खराब नहीं होगा और आप जब चाहें उसे आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
इसे भी पढ़ें: चावल में हैं कीड़ें और कंकड़? इस आसान तरीके से करें दूर
2. बेसन को कर लें कुछ देर के लिए फ्रीज
बेसन के आटे में कीड़े, घुन और उनके अंडों को मारने के लिए फ्रीजिंग एक प्रभावी तरीका है। आटे को एक एयरटाइट कंटेनर में रखें और कम से कम 72 घंटे के लिए फ्रीजर में रखकर जमा दें। इससे कीड़े और उनके अंडे ठंडे टेंपरेचर के कारण मर जाएंगे। 72 घंटे बाद आप आटे को निकालकर उसे छान सकते हैं। एक बार बेसन को तेज धूप में रखें और फिर से इस्तेमाल कर सकते हैं।
3. माचिस की तीलियों का करें इस्तेमाल
माचिस में बारूद होता है, जिसकी गंध तेज होती है। माना जाता है कि माचिस की तीलियों में मौजूद सल्फर अपनी तेज गंध के कारण घुन को दूर भगाता है। कीड़ों को मारने के लिए माचिस का इस्तेमाल किया जा सकता है। 4-5 माचिस की तीलियों को एक साथ बांध लें। ऐसे दो टुकड़े तैयार कर लें। इन माचिस की तीलियों को फिर बेसन में दबाकर रख दें। इससे बेसन में कीड़े नहीं लगेंगे। इसका बारूद बेसन के आटे में न मिले, इसके लिए ऊपर की टिप को प्लास्टिक के रैप से लपेटा जा सकता है। यदि आप देखते हैं कि माचिस की तीलियों से सल्फर की गंध खत्म हो गई है, तो माचिस की तीलियों को नई तीलियों से बदल दें।
4. वैक्यूम सीलिंग का तरीका आजमाएं
बेसन के आटे में कीड़े नहीं होने देना चाहते हैं, तो वैक्यूम सीलिंग का तरीका आजमा सकते हैं। आटे को एक वैक्यूम-सीलबंद बैग या कंटेनर में डालें और वैक्यूम सीलर का उपयोग करके सारी हवा निकाल दें। इससे पैकेट में हवा या नमी नहीं जाएगी, तो कीड़े होने की संभावना भी नहीं होगी। सीलिंग एक ऐसा वातावरण बनाती है जिसमें कीट प्रवेश नहीं कर सकते। वैक्यूम सीलिंग से आटे की ताजगी को लंबे समय तक बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
5. काली मिर्च रखें
पिसी हुई काली मिर्च के बजाय साबुत काली मिर्च चुनें। हालांकि, काली मिर्च में लाल मिर्च समान हीट का लेवल नहीं हो सकता है, लेकिन माना जाता है कि इसकी तेज सुगंध और तीखा स्वाद घुन और अन्य पेंट्री कीटों को दूर भगाता है। बेसन के कंटेनर में साबुत काली मिर्च डालकर उसे अच्छी तरह बंद करके रख दें। इससे बेसन में कीड़े नहीं लगेंगे और यह लंबे समय तक चलेगा।
इसे भी पढ़ें: गेहूं के आटे से झटपट कीड़े निकालने के 2 आसान हैक्स
6. खट्टे फलों के छिलके रखें
खट्टे फलों के छिलकों की तेज गंध बेसन के आटे में मौजूद कीड़े और घुन को दूर भगा सकती है। कीड़ों से बचाव के लिए अपने आटे के कंटेनर में संतरे या नींबू जैसे खट्टी चीजों के छिलके रखें। आप नींबू या संतरे के छिलके को पहले सुखा लें और उसके बाद उन्हें डिब्बे में स्टोर करें। इसके अतिरिक्त, आप सूखे खट्टे छिलकों को पीसकर पाउडर बना सकते हैं और इसे आटे में मिला सकते हैं। बस इन छिलकों को समय-समय पर बदलते रहें।
इसके साथ ही, जरूरी है कि आप किसी भी चीज को कीड़े लगने से बचने के लिए उसे समय-समय पर देख लें। हफ्ते में एक बार बेसन को तेज धूप में रख सकते हैं। साथ ही, उसे नमी से दूर रखें।
हमें उम्मीद है ये टिप्स आपके काम आएंगे और दोबारा आप बेसन को नहीं फेंककर वेस्ट नहीं करेंगे। अगर यह लेख अच्छा लगा, तो इसे लाइक और शेयर करें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।