फ्रिज में कितने दिन तक फ्रेश रहती है शिमला मिर्च? खराब होने से पहले दिखते हैं ये 5 संकेत

कोई भी सब्जी हो वह 2-3 दिन में खराब होने लगती है। ऐसा ही कुछ शिमला मिर्च के साथ भी होता है। इसे जब खरीदकर लाते है तब यह फ्रेश होती है, लेकिन इस्तेमाल करने जाते हैं तो वह नरम, सिकुड़ी हुई या फिर चिपचिपी हो चुकी होती है। बाहर से यह सब्जी काफी टाइट दिखती है, इसलिए सिर्फ देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि यह अभी खाने लायक है या खराब होने की कगार पर है।
अगर आप भी इस कंफ्यूजन में रहती हैं तो आइए जानते हैं कि फ्रिज में शिमला मिर्च कितने दिन तक फ्रेश रहती है और कौन से संकेत बताते हैं कि अब इसे फेंक देना चाहिए।
कितने दिन तक ताजी रहती है शिमला मिर्च?
अगर शिमला मिर्च को सही तरीके से स्टोर किया जाए तो साबुत शिमला मिर्च फ्रिज में लगभग 1 से 2 हफ्ते तक फ्रेश बनी रहती है। बहुत बार ऐसा होता है कि मिर्च पहले से अच्छी क्वालिटी की हो तो इससे भी ज्यादा दिन चल जाती है। इसे रखने के लिए फ्रिज की क्रिस्पर ड्रॉअर सबसे अच्छी जगह मानी जाती है, क्योंकि वहां नमी थोड़ी ज्यादा होती है, जिससे शिमला मिर्च अपनी नमी बनाए रखती है और लंबे समय तक टाइट रहती है।
एक बार शिमला मिर्च कट जाए तो उसकी लाइफ काफी कम हो जाती है। कटी हुई शिमला मिर्च को 3 से 5 दिन के अंदर इस्तेमाल कर लेना चाहिए, क्योंकि कटने के बाद इसका गूदा नमी खोने लगता है और बैक्टीरिया भी तेजी से पनपते हैं।
शिमला मिर्च खराब होने के 5 संकेत
अगर शिमला मिर्च 3-4 दिन में खराब होने वाली होगी, तो आपको पहले से ही ये 5 संकेत दिखने लगेंगे।
1- ऊपर में सिकुड़न आना
शिमला मिर्च के ऊपर सिकुड़न दिखना खराब होने का सबसे पहला संकेत होता है। समय के साथ नमी कम होने पर इसकी स्किन पर हल्की झुर्रियां आने लगती हैं, खासकर डंठल के पास या बीच-बीच में। ताजी शिमला मिर्च की स्किन टाइट और स्मूद होती है।

2- छूने पर नरम या गूदेदार लगना
ताजी शिमला मिर्च छूने पर सख्त दिखेगी। अगर हल्का दबाने पर शिमला मिर्च अंदर धंस रही है, नरम या पिलपिली लग रही है, तो समझ जाइए कि यह खराब होना शुरू हो गई है। सड़ने की शुरूआत किसी एक जगह से होती है, जहां पर ज्यादा पिलपिली सी लग रही होगी।
यह भी पढ़ें- बच्चों को नहीं पसंद है शिमला मिर्च की सब्जी खाना? ये 3 रेसिपी बढ़ा देंगी स्वाद, हर रोज बनाने की करेंगे जिद्
3- काले-चिपचिपे धब्बे दिखना
अगर शिमला मिर्च पर कहीं भी सफेद, हरी या काली फफूंदी दिख रही है, तो बिना सोचे इसे फेंक दें। इसी तरह काले, गीले या चिपचिपे धब्बे भी बैक्टीरिया के कारण होते हैं। कुछ सब्जियों में खराब हिस्सा काटकर बाकी इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन शिमला मिर्च में नहीं।
यह भी पढ़ें- Male और Female शिमला मिर्च की कैसे करें पहचान? सोशल मीडिया पर वायरल हो रही ट्रिक, क्या आपने किया ट्राई
4- अजीब सी बदबू आना
ताजी शिमला मिर्च में कोई गंध नहीं होती है। हल्की मीठी महक आती है। अगर काटने पर इसमें से खट्टी, सड़ी हुई या फर्मेंटेड जैसी बदबू आ रही है, तो यह खराब हो चुकी है। इस मामले में अपनी नाक पर भरोसा करें, क्योंकि बदबू अक्सर आंखों से पहले खराबी का पता दे देती है।

5- अंदर से पानी निकलना
शिमला मिर्च को काटने पर अगर अंदर असामान्य रूप से पानी भरा हुआ लगे, तो समझ लीजिए कि अंदर नमी बन रही है और जल्द ही फफूंदी लगने वाली है। इसके अलावा, अगर अंदर के बीज क्रीम कलर की जगह गहरे भूरे या काले पड़ गए हैं, तो यह भी संकेत है कि शिमला मिर्च अब फ्रेश नहीं रही।
कुल मिलाकर शिमला मिर्च को खरीदना आसान है पर उसे फ्रेश रखना एक टास्क है। ऊपर दी गई इन बातों का ध्यान रखें और अगर कोई भी संकेत दिखे तो तुरंत इसे फेंक दें।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
- क्या शिमला मिर्च को फ्रीज करके महीनों तक स्टोर कर सकते हैं?
- हां, कर सकते हैं। शिमला मिर्च को धोकर, बीज निकालकर छोटे टुकड़ों में काट लें और जिप लॉक बैग में भरकर फ्रीजर में रख दें।
- क्या शिमला मिर्च को धोकर फ्रिज में रखना चाहिए?
- नहीं, कभी भी धोकर स्टोर न करें। नमी से शिमला मिर्च जल्दी सड़ती है। जब इस्तेमाल करना हो तभी धोएं।
- लाल, पीली और हरी शिमला मिर्च में किसकी शेल्फ लाइफ ज्यादा होती है?
- हरी शिमला मिर्च सबसे ज्यादा चलती है क्योंकि वो कम पकी होती है। लाल और पीली शिमला मिर्च ज्यादा पकी होने के कारण 1 हफ्ते में ही नरम पड़ने लगती हैं, जबकि हरी मिर्च सही स्टोरेज पर 2 हफ्ते तक टाइट रहती है।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।