1 घोल साफ करेगा गैस के काले बर्नर, नहीं पड़ेगी बार-बार मेहनत करने की जरूरत

घर के बाकी हिस्सों की तरह किचन को साफ-सुथरा रखना बेहद जरूरी है। किचन की सफाई करने का मतलब सिर्फ स्लैब को चमकाना ही नहीं। उसे ढंग से मेंटेन करने से लेकर चूल्हे और उसके आसपास की सफाई से भी है। किचन में मौजूद सभी अप्लायंसेज को भी साफ रखना बेहद जरूरी होता है। रोजाना खाना बनाने के चलते गैस स्टोव में कई बार चाय, सब्जी, दूध इत्यादि गिरता रहता है जिसे हम कपड़े से साफ कर लेते हैं। अब सफाई होती है, तो हमें लगता है कि सब सही चल रहा है। लेकिन कई बार बर्नर ठीक से जलता नहीं। बर्नर काला पड़ने लगता है और चिपचिपा हो जाता है।
ऐसे में पैसे खर्च करके हमें गैस बर्नर को ठीक करवाना पड़ता है। कई लोग तो इस झंझट से बचने के लिए पूरा का पूरा बर्नर चेंज कर लेते हैं। अब हालांकि, गैस स्टोव महंगे आने लगे हैं। ऐसे में उन्हें बार-बार बदलने की जगह आप उसकी ठीक से सफाई करना सीख लें। चलिए आपको ऐसा घोल बताएं, जो आपके गैस स्टोव और गैस के बर्नर को मिनटों में साफ कर देगा।
पहले करें ये काम-
- गैस बर्नर की सफाई करने से पहले उसे स्टोव से अलग कर लें।
- इसके बाद किसी सीख की मदद से उसके छेद चेक कर लें और उसमें जमा कूड़ा जितना हो सके निकालने की कोशिश करें।
- हल्के ब्रिसल वाले ब्रश या स्टील के स्क्रब से गैस स्टोव से गंदगी साफ कर लें और बर्नर को भी साफ करें।
फ्रूट सॉल्ट और सोडा वॉटर से करें सफाई
आप इसके लिए अपने घर में पड़े फ्रूट सॉल्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं। सोडा वॉटर और फ्रूट सॉल्ट से बनने वाले बबल्स बर्नर के छेद को साफ करते हैं। यह एक अच्छे स्क्रब की तरह गंदगी को हटाते हैं।
क्या करें-
- सबसे पहले एक कटोरी में फ्रूट सॉल्ट और सोडा वॉटर डालकर मिक्स कर लें।
- इस गाढ़े पेस्ट को अच्छी तरह से बर्नर पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें।
- इसके बाद एक दूसरी कटोरी में गर्म पानी और डिश शोप डालकर मिलाएं।
- स्टील के स्क्रब को गर्म पानी में डुबोकर गैस स्टोव और बर्नर को अच्छी तरह से रगड़कर साफ कर लें।
- इसके बाद एक माइक्रोफइबर कपड़े से गैस स्टोव और बर्नर को पोंछ लें।
- बर्नर को अच्छी तरह से सूखने का मौका दें। अब उन्हें कुछ देर धूप में भी रख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: किचन टिप्स: सिर्फ 2 मिनट में गैस बर्नर को साफ करने के आसान टिप्स
नींबू का छिलका, नमक और गर्म पानी से करें सफाई
क्या आपको पता है कि नींबू का छिलका और नमक कितने अच्छी तरह स्क्रब की तरह काम करता है। नींबू से बर्तनों को नया जैसा चमकाया जा सकता है। यदि गैस का बर्नर पीतल का है तो आप उसे भी नींबू से साफ कर सकती हैं।
क्या करें-
- एक कप गर्म पानी करके उसमें नींबू के 2-3 छिलके और नमक डालकर मिला लें।
- इसमें डिश सोप भी मिला लें और इसमें गैस के बर्नर को डालकर 30 मिनट के लिए छोड़ दें।
- उसके बाद इसी पानी से बर्नर को रगड़कर साफ करें।
- इस पानी के झाग से आप बाकी बर्तन भी धो सकती हैं और गैस स्टोव को भी साफ कर सकती हैं।
- अपने पीतल के बर्तनों को साफ करने के लिए भी इस घोल का इस्तेमाल किया जा सकता है
- हर 15 दिन में आप इस विधि को अपनाकर गैस बर्नर को साफ कर सकती हैं।
गैस स्टोव बर्नर को साफ करना क्यों जरूरी है?
नियमित रखरखाव कई समस्याओं को रोकने में मदद करता है। किचन में काम करते हुए गैस रिसाव, खराब बर्नर और बंद पाइप सभी खतरनाक हो सकते हैं। एक सही गैस स्टोव वह है जिसका अच्छी तरह से रखरखाव किया जाता है। साफ और सही तरह से फिट हुए बर्नर समान रूप से हीट का डिस्ट्रीब्यूशन करते हैं और इससे आपके लिए बेहतर खाना पकाना आसान हो जाता है।
नियमित सफाई ग्रीस और गंदगी को इकट्ठा होने से रोकती है, जो इंटरनल कॉम्पोनेंट्स को खराब होने से भी बचाती है।
ग्रीस और फूड पार्टिकल्स आग पकड़ सकते हैं, जिससे आग लगने का खतरा हो सकता है। ग्रीस और फूड पार्टिकल्स बर्नर में ब्लॉकेज कर देते हैं, जिससे गैस बर्बाद हो सकती है (कुकिंग हैक्स से बचाएं LPG गैस)।
इसे भी पढ़ें: गंदे और चिपचिपे चूल्हे को शीशे जैसा चमकाने के लिए ये तरीके आजमाएं
वहीं ध्यान दें कि किसी भी तरह के क्लीनिंग एजेंट्स का इस्तेमाल करते हुए उन्हें ओपन फ्लेम्स से दूर रखें कई बार उनसे खतरा हो सकता है। अपने गैस स्टोव के सर्फेस को साफ करने के लिए हमेशा सॉफ्ट ब्रश या स्पंज का ही इस्तेमाल करना चाहिए वरना स्क्रैच पड़ सकते हैं।
अब आप भी हमारे बताए तरीके से घर पर गैस स्टोव और बर्नर को साफ कर सकती हैं। अगर आपने कभी कोई और तरीका आजमाया है, तो हमें कमेंट करके बताएं। अगर आपको यह लेख पसंद आया, तो इसे लाइक और शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।
Image Credit: herzindagi
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।