आखिर क्यों इतना लोकप्रिय है बॉम्बे सैंडविच? जानें इसकी दिलचस्प कहानी

मुंबई हमारे देश की फाइनेंशियल कैपिटल ही नहीं बल्कि स्ट्रीट फूड के लिए पहचाने जाने वाला शहर भी है। पाव भाजी, रगड़ा पैटी, वड़ा पाव, मिसल पाव, पोहा के अलावा एक सैंडविच भी है जिसका स्वाद मुंबई से बेहतर आपको कहीं और नहीं मिल सकता है। पेट भर देने वाला लजीज वेजी टोस्ट झटपट तैयार हो जाता है और लगभग हर गली और नुक्कड़ पर उपलब्ध हो जाता है।
यह मुंबई में इतना पॉपुलर हुआ कि इसका नाम भी बॉम्बे सैंडविच पड़ गया। लेकिन क्या आपको पता है कि इसे बनाया कैसे जाता है। इस सैंडविच की खास बात यह है कि इसकी तीन लेयर्स होती हैं और उनमें आलू की स्लाइस भी डाली जाती है। यही बात है जो इस सैंडविच को बहुत खास बनाती है। चलिए इस आर्टिकल में आज हम बॉम्बे सैंडविच के बनने की कहानी को विस्तार से जानें।
क्या होता है बॉम्बे सैंडविच?

शहर के सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट स्नैक्स में से एक, सैंडविच आलू और ताजी सब्जियों का लजीज मिक्स है, जिसे ब्रेड के तीन स्लाइस के बीच सैंडविच किया जाता है। इसमें हरी पुदीना की चटनी, टमाटर, प्याज, खीरा और चीज स्लाइस लगाकर और मक्खन के साथ सेका जाता है। इसे सर्व करते हुए इसमें सेव और अनारदाना भी डालते हैं और फिर टोमैटो केचप और हरी चटनी के साथ सर्व किया जाता है।
बॉम्बे सैंडविच कहां से आया?

जैसा कि हम सभी को पता है भारत में आलू और चीज पुर्तगाल के द्वारा लाया गया था। अंग्रेज सैंडविच कल्चर को लेकर आए। हालांकि, बॉम्बे सैंडविच बहुत बाद में बनना शुरू हुआ।
1960 के दशक में, शहर में प्रवासी आबादी में तेजी देखी गई थी। मुंबई के बढ़ते कपड़ा उद्योग ने मजदूरों की मांग बढ़ाई और मजदूरों को सस्ते और पेट भरने वाले भोजन विकल्पों की जरूरत पड़ी। ऐसे में उनका साथ दिया बॉम्बे सैंडविच ने। पेट भरने के लिए मजदूर ब्रेड की स्लाइसेस में सब्जियां भरकर खाने लगे। घर पर बनी चटनी, आलू, टमाटर और प्याज को ब्रेड में प्लेस किया गया और इस तरह बॉम्बे का फेमस सैंडविच तैयार हुआ।
इसी के साथ ऐसा भी कहा जाता है कि सैंडविच को लाने वाले जॉन मोंटागु,जिन्हें 4th अर्ल ऑफ सैंडविच कहा जाता है, थे। उनके बारे में कहा जाता है कि उन्हें गैंबलिंग का बहुत शौक था और वह चाहते थे कि उन्हें अपनी टेबल से उठना न पड़े। इसके लिए उन्होंने अपने कुक को ऐसा कुछ बनाने के लिए कहा, जिसके लिए उन्हें टेबल से न उठना पड़े और न ही अपने हाथ गंदे करने पड़े।
बस फिर क्या था, ब्रेड में तमाम चीजों की स्टफिंग कर उन्हें सैंडविच दिया गया जो वर्ल्ड फेमस हो गया। भारत में हर क्षेत्र में इसकी सब्जियां और चटनियों में अलग-अलग प्रयोग किए गए। इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले सेव को पड़ोसी राज्य से लिया गया। बॉम्बे सैंडविच कब आया, इसकी कोई सटीक पता किसी को भी नहीं पता। हालांकि 60 दशक में यह बॉम्बे सैंडविच शुरू हुआ (डिफरेंट स्टाइल चटनी)।
इसे भी पढ़ें: बिना ब्रेड के बनाएं टेस्टी सैंडविच, जानें रेसिपी
बॉम्बे सैंडविच रेसिपी

सामग्री-
- 1/4 कप हरा धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला पाउडर
- 1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
- नींबू का रस
- नमक स्वादानुसार
- 2-3 ब्रेड स्लाइस
- 1 चुकंदर
- 2 मीडियम साइज के आलू (उबले हुए)
- 1 टमाटर
- 1 प्याज
- 1 खीरा
बनाने का तरीका-
- सबसे पहले चटनी बनाने के लिए धनिया, चाट मसाला, नमक, नींबू का रस और हरी मिर्च को ग्राइंडर में डालकर चटनी बनाकर रख लें।
- इसके बाद ब्रेड के स्लाइस के किनारों को काट लें। उबले आलू को स्लाइस कर लें। इसी तरह खीरा, प्याज, टमाटर, चुकंदर (चुकंदर की ड्रिंक्स) को भी स्लाइस करके प्लेट में रखें।
- अब ब्रेड पर मक्खन लगाएं और एक-एककर आलू, चुकंदर, खीरा, प्याज और टमाटर लगाएं। ऊपर से चटनी लगाएं और इसे पैन में मक्खन से सेक लें।
- अगर आप तीन स्लाइस वाला सैंडविच बना रहे हैं तो सेकंड स्लाइस में भी यही फिलिंग करें।
- बीच से काटकर ऊपर सेव डालकर हरी चटनी के साथ चटकारे लेकर इसका आनंद उठाएं।
इसे भी पढ़ें: सैंडविच में हर बार ब्रेड नहीं, इन चीजों का भी किया जा सकता है इस्तेमाल
तो कैसे लगी आपको बॉम्बे सैंडविच की कहानी? अगर आप कभी मुंबई जाएं तो यह सैंडविच एक बार जरूर खाकर देखें। अगर आपको कोई ऐसी जगह पता हो जहां का बॉम्बे सैंडविच बेहतरीन है, तो हमें कमेंट कर जरूर बताएं।
अगर आपको यह लेख पसंद आया तो इसे लाइक और शेयर करें। हम ऐसी ही शानदार कहानियां आपके लिए लाते रहेंगे और इसी तरह लजीज पकवान के किस्से जानने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।