मखाना भारत में एक लोकप्रिय हेल्दी स्नैक के रूप में पहचाना जाता है। इसकी लोकप्रियता विदेशों तक भी देखी जा सकती है। इसे व्रत के दौरान खाया जाता है और कई लोग इसे अपने रोजमर्रा के आहार में भी शामिल करते हैं।
मखाना अपने हल्के स्वाद और कुरकुरेपन के लिए जाना जाता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसकी भी कोई एक्सपायरी डेट होती है? या इसे कितने समय तक सही तरीके से स्टोर किया जा सकता है?
अक्सर लोग मखाने को थोक में खरीदकर लंबे समय तक स्टोर कर लेते हैं, लेकिन सही स्टोरेज न होने पर यह जल्दी खराब हो सकता है। पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट को नजरअंदाज करना या सही स्टोरेज मेथड्स न अपनाना इसके स्वाद और गुणवत्ता पर असर डाल सकता है। अगर आप भी यह जानना चाहते हैं कि मखाने को कितने समय तक ताजा रखा जा सकता है और इसे स्टोर करने का सही तरीका क्या है, तो इस लेख को जरूर पढ़ें।
क्या मखाना की होती है एक्सपायरी डेट?
जी हां, मखाना की भी एक निश्चित एक्सपायरी डेट होती है, लेकिन यह निर्भर करता है कि इसे कैसे स्टोर किया गया है और यह किस प्रकार का मखाना है। बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड मखाने की एक्सपायरी डेट आमतौर पर 6 से 12 महीने होती है, जो उसके पैकेट पर लिखी होती है।
हालांकि, यदि मखाने को सही तरीके से स्टोर किया जाए, तो यह लंबे समय तक खाने योग्य रह सकता है। गलत तरीके से स्टोर करने पर यह नमी सोख सकता है और इसकी कुरकुराहट कम हो सकती है, जिससे यह खराब होने लगता है।
इसे भी पढ़ें: क्या आप जानते हैं कैसे बनता है मखाना? जानें इससे जुड़े मिथक
मखाने को स्टोर करने के सही तरीके-
यदि आप चाहते हैं कि मखाना लंबे समय तक ताजा और कुरकुरा बना रहे, तो इन स्टोरेज टिप्स को जरूर अपनाएं:
1. एयरटाइट कंटेनर में रखें
मखाने को हमेशा एयरटाइट डिब्बे में रखें ताकि उसमें नमी न पहुंचे। अगर पैकेट खोलने के बाद इसे खुले में छोड़ दिया जाए, तो यह जल्दी ही नरम और बासी हो सकता है।
2. नमी और धूप से बचाएं
मखाने को ठंडी और सूखी जगह पर रखें। इसे धूप में रखने से यह जल्दी खराब हो सकता है। साथ ही, नमी के संपर्क में आने पर यह अपना कुरकुरापन खो सकता है और उसमें फफूंद लगने का खतरा बढ़ जाता है।
3. फ्रिज में न रखें
बहुत से लोग सोचते हैं कि फ्रिज में रखने से मखाना ज्यादा दिनों तक टिकेगा, लेकिन यह सच नहीं है। फ्रिज में रखने से मखाने में नमी आ सकती है, जिससे यह नरम और बेस्वाद हो सकता है। इसे रूम टेंपरेचर पर रखना ही बेहतर होता है।
4. रोस्ट करने के बाद स्टोर करें
अगर आपने मखाने को भून लिया है, तो इसे पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही कंटेनर में स्टोर करें। गरम मखाने को सीधे कंटेनर में रखने से उसमें भाप बन सकती है, जिससे यह जल्दी खराब हो सकता है।
मखाना खराब होने के क्या हैं संकेत-
कोई भी चीज खराब होने लगे, तो उसमें साइन्स दिखने लगते हैं। इसी तरह यदि आपका मखाना खाने लायक नहीं रहा, तो आपको ऐसे साइन्स देखने को मिलेंगे-
- अगर मखाना दबाने पर कुरकुरा महसूस नहीं होता, बल्कि थोड़ा नरम लगता है, तो यह खराब होने लगा है।
- अगर इसमें अजीब या बासी गंध आने लगी है, तो इसे तुरंत फेंक दें।
- अगर इसमें छोटे कीड़े या सफेद फफूंद दिखे, तो इसे बिल्कुल न खाएं।
- अगर मखाना खाने पर इसका स्वाद कड़वा या अजीब लगे, तो इसे खाना सुरक्षित नहीं होगा।
मखाने को ज्यादा समय तक ताजा रखने के आसान टिप्स-
- मखाने को स्टोर करने के लिए वैक्यूम सील बैग का इस्तेमाल करें।
- इसे सूखे चावल या नमक के साथ रखें, ताकि यह नमी न सोखे।
- हर बार इस्तेमाल के बाद कंटेनर को अच्छे से बंद करें।
- बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड मखाने को खोलने के बाद जल्द ही इस्तेमाल कर लें।
- अगर मखाना थोड़ी नमी सोख चुका है, तो इसे तवे पर हल्का सेंककर दोबारा कुरकुरा बनाया जा सकता है।
मखाना सही तरीके से स्टोर किया जाए, तो यह महीनों तक खाने लायक रह सकता है। हालांकि, इसे सही तरीके से रखने की जरूरत होती है, ताकि यह नमी और खराब होने से बचा रहे।
अगली बार जब आप मखाने का पैकेट खरीदें, तो इसे स्टोर करने के सही तरीके जरूर अपनाएं। हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होग। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें।
Image Credit: Freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों