Fri Sep 11, 2026 | Updated 11:45 PM IST

मदुरै में हैं तो इन मंदिरों को भी एक बार जरूर देखें

अगर आप मदुरै में आध्यात्मिक शांति की तलाश में हैं तो वहां के इन प्रसिद्ध मंदिरों का दौरा कर सकती हैं।
Updated:- 2022-07-11, 13:27 IST
temples in madurai you should visit

पवित्र वैगई नदी के तट पर स्थित, तमिलनाडु का मदुरै शहर एक बेहद ही खूबसूरत शहर है जो हर सैलानी को अपनी ओर आकर्षित करता है। यूं तो यहां पर आपको कई चीजों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा, लेकिन यहां की आध्यात्मिक वाइब्स अलग ही हैं। मदुरै शहर प्राचीन मंदिरों का शहर है। यहां का मीनाक्षी मंदिर सिर्फ राज्य में ही नहीं, पूरे देश में प्रसिद्ध है और देश के कोने-कोने से लोग इस मंदिर के दर्शन करने आते हैं।

मदुरै शहर में कई बेहद प्राचीन मंदिर भी स्थित हैं, जिनकी शानदार वास्तुकला अक्सर लोगों को अचंभित भी कर देती है। धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण शहर होने के कारण, यात्रियों द्वारा अक्सर मदुरै शहद का दौरा किया जाता है। मदुरै में मीनाक्षी मंदिर के अलावा भी धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण कई स्थान हैं, जो मीनाक्षी मंदिर जितने लोकप्रिय तो नहीं हैं लेकिन फिर भी देखने लायक हैं। यदि आप आध्यात्मिक यात्रा पर मदुरै की यात्रा करने की योजना बना रही हैं, तो यहां पर आपको सदियों पुराने मंदिरों, धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक स्थलों को देखने का मौका मिलेगा। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको मदुरै के कुछ फेमस मंदिरों के बारे में बता रहे हैं-

मीनाक्षी मंदिर

minakshi mandir

जब मदुरै के फेमस मंदिरों की होती है तो उसमें मीनाक्षी मंदिर का नाम सबसे पहले लिया जाता है। देवी पार्वती को समर्पित यह मंदिर मदुरैमें लोगो की आस्था का केन्द्र माना जाता है। वैगई नदी के दक्षिणी किनारे से घिरे इस मंदिर का आर्किटेक्चर द्रविड शैली को प्रदर्शित करता है। मंदिर परिसर 45 एकड़ भूमि में फैला हुआ है और 14 टावरों से घिरा हुआ है, जिनमें से सबसे ऊंचा, प्रसिद्ध दक्षिणी टॉवर, 170 फीट से अधिक ऊंचा है। मंदिर में अनुमानित 33,000 मूर्तियां हैं। दीवार पर मूर्तियां शिव और पार्वती के विवाह दृश्यों सहित पौराणिक कहानियों को दर्शाती हैं। अप्रैल और मई के महीनों के दौरान मनाया जाने वाला वार्षिक दस दिवसीय मीनाक्षी तिरुकल्याणम महोत्सव, बड़ी संख्या में भक्तों को आकर्षित करता है।

इसे जरूर पढ़ें-पुष्कर में स्थित हैं यह फेमस मंदिर, जानिए इनके बारे में

कूडल अज़गर मंदिर

शहर के पश्चिम में लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित, कूडल अज़गर मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है। इस मंदिर में तीन वेदियां हैं जिनमें भगवान विष्णु तीन अलग-अलग मुद्राओं में रहते हैं - बैठे, खड़े और लेटे हुए। यह मंदिर मीनाक्षी मंदिर से भी पुराना माना जाता है और मदुरै के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। मंदिर में अद्भुत वास्तुकला और कलाकृति है और मुख्य मंदिर के चारों ओर एक गलियारा है। वहीं, गर्भगृह के ऊपर बने विमान में सुंदर मूर्तियां हैं जिन पर अद्भुत नक्काशी की गई है।

तिरुप्परम कुनराम मुरुगन मंदिर

Thirupparamkunram Murugan Temple

यह विशाल मंदिर 6 वीं शताब्दी का है और पवित्र प्राचीन महाकाव्यों में इसका उल्लेख किया गया है। मंदिर भगवान मुरुगन को समर्पित है जिन्हें कार्तिकेय के नाम से भी जाना जाता है जो भगवान शिव के पुत्र हैं। ऐसा माना जाता है कि मुरुगन ने इसी स्थान पर स्वर्ग के राजा इंद्र की बेटी देवयानी से शादी की थी। मुख्य मंदिर में भगवान शिव, भगवान विष्णु, भगवान विनायक और देवी दुर्गा के साथ मुरुगन की मूर्ति है। इस पवित्र जगह का निर्माण पांडियन शासन के दौरान किया गया था, जबकि इस मंदिर के मंडपम में आदमकद मूर्तियां नायक शासन के दौरान बनाई गई थीं। इस मंदिर की एक दिलचस्प विशेषता यह है कि मुख्य मंदिर में भगवान शिव और विष्णु एक दूसरे के आमने-सामने हैं, जो भारत में प्राचीन हिंदू मंदिरों में एक दुर्लभ दृश्य है। मंदिर के बाहर, एक सुंदर तालाब भी स्थित है।

वंदियूर मरिअम्मन मंदिर

मदुरै में स्थित वंदियूर मरिअम्मन मंदिर कई मायनों में बेहद ही खास है। वंदियूर मरिअम्मन मंदिर 2000 वर्षों की विरासत वाला एक प्राचीन मंदिर है और बारिश की हिंदू देवी, मरिअम्मन को समर्पित है। मंदिर मदुरै में प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है और खूबसूरती से वैगई नदी के तट पर स्थित है। ऐसा माना जाता है कि मंदिर की मूर्ति तालाब के नीचे से निकली थी, जब इसे पुराने समय में खोदा गया था। तब से तालाब अपनी लोकप्रियता हासिल करता रहा और उसकी याद में मंदिर का भी निर्माण किया गया। तालाब के बीच में एक मैया मंडपम है जिसमें विनायक मंदिर और उद्यान है, जो भगवान गणेश को समर्पित है।

इसे जरूर पढ़ें-नए साल पर जरूर जाएं दिल्ली के इन 6 मंदिरों में दर्शन करने

आपने कभी मदुरै का दौरा किया है या फिर इनमें से किस मंदिर को देखा है तो अपने अनुभव हमारे साथ फेसबुक पेज पर अवश्य साझा करें। अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Image Credit- veenaworld, Wikimedia, maduraitourism

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।