सर्दियों में बढ़ गई है बालों के झड़ने की समस्या तो अपनाएं ये उपाय

सर्दियों में जब मौसम बहुत ज्यादा ठंडा हो जाता है, तब त्वचा और बाल दोनों में रूखापन आने लगता है। खासतौर पर इस मौसम में जब हम लोग धूप में बैठते हैं तब उसका असर त्वचा और बालों पर सबसे ज्यादा पड़ता है। हो सकता है कि आपको सर्दियों में धूप में बैठना अच्छा लगता हो, मगर इससे त्वचा की सारी नमी खत्म हो जाती है।
चेहरे के साथ-साथ स्कैल्प भी ड्राई हो जाती है, जिससे बालों से जुड़ी ढेरों समस्या होना शुरू हो जाती है। इतना ही नहीं , बाल टूटने और झड़ने लग जाते हैं। ऐसा न हो इसके लिए सर्दियों के मौसम में बालों की एक्सट्रा केयर करना बहुत ज्यादा जरूरी हो जाता है। अगर आप भी बालों के झड़ने की समस्या का सामना कर रही हैं, तो आज हम आपको बताएंगे कि आप इस मौसम में बालों का घरेलू उपचार कैसे कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें- Shahnaz Husain Tips: इन घरेलू चीजों से करें बालों को कंडीशन
ऑयल थेरेपी
दरअसल, सर्दियों में स्कैल्प में रूखापन होने से पपड़ी जम जाती है और इससे होता है डैंड्रफ का जन्म। डैंड्रफ बालों के झड़ने का कारण बन सकता है। डैंड्रफ और दोमुंहे बालों के लिए हॉट ऑयल थेरेपी बहुत उपयोगी होती है। हफ्ते में एक या दो बार शुद्ध नारियल तेल को गर्म करके बालों और स्कैल्प पर लगाएं। फिर एक तौलिये को गर्म पानी में डुबायें और निचोड़कर सिर पर लपेट लें। इसे 5 मिनट तक लगा रहने दें और इस प्रक्रिया को 3 से 4 बार दोहराएं। तेल को रात भर लगा रहने दें। डैंड्रफ होने पर अगले दिन सुबह सिर में एक नींबू का रस लगाएं और 15 मिनट बाद बालों को धो लें। बालों को धोने के लिए बहुत गर्म पानी के इस्तेमाल करने से बचें। शैम्पू के बाद, एक मग पानी में दो बड़े चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिलाएं और उसका उपयोग करें।
इसे जरूर पढ़ें- सफेद बालों के लिए आप भी आजमा सकती हैं यह घरेलू नुस्खा
हेड मसाज करें
बालों में गर्म तेल लगा रही हैं तो हेड मसाज जरूर करें। इससे बालों और स्कैल्प को बहुत फायदा पहुंचता है। मगर इस बात का ध्यान रखें कि आपको बहुत तेजी से मसाज नहीं करनी है। मसाज के लिए अपनी उंगलियों के पोरों का उपयोग करें, इससे स्कैल्प पर ब्लड सर्कुलेशन अच्छा हो जाता है, जिससे बाल जड़ से मजबूत होते हैं।
हेड मसाज के बाद आप बालों में तेल को कुछ वक्त के लिए लगा रहने दें और फिर बालों को वॉश कर लें। इस बात का ध्यान रखें कि आपको अपने बालों के टाइप के अनुसार ही शैंपू का चुनाव करना है।
कंडीशनर का इस्तेमाल करें
बालों को शैंपू से वॉश करने के बाद आपको कंडीशनर का इस्तेमाल बालों पर जरूर करना चाहिए। इससे आपके बाल मुलायम, चिकने, चमकदार और मैनेजेबल हो जाते हैं। अगर बाल रूखे हैं तो शैंपू के बाद क्रीमी कंडीशनर लगाएं। कम मात्रा में लें और गीले बालों में हल्की मालिश के साथ इसे लगाएं। दो मिनट के लिए कंडीशनर को बालों पर लगा छोड़ दें और फिर सादे पानी से बालों को धो लें। आप चाहें तो बालों पर तलीव-ऑन कंडीशनर या हेयर सीरम भी लगाया जा सकता है। शैम्पू के बाद बालों को तौलिये से रगड़ने से बचें। इसके बजाय, आप बालों को तौलिये से लपेट लें और अतिरिक्त पानी को सोखने दें। अगर बाल रूखे हैं तो बालों में प्रेसिंग न करें। यदि आप हेयर ड्रायर का उपयोग करती हैं, तो उसे कम से कम बालों से 10 इंच दूर रखें। हेयर ड्रायर से बालों को पूरी तरह से न सुखाएं बल्कि उन्हें नेचुरली सूखने दें।
(फेमस ब्यूटी और हेयर केयर एक्सपर्ट्स शहनाज हुसैन 'शहनाज हुसैन ग्रुप' की चेयरपर्सन, फाउंडर और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शहनाज हुसैन के कई हर्बल प्रोडक्ट्स आपको बाजार में आसानी से मिल जाएंगे। ब्यूटी के क्षेत्र में आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए उन्हें कई अवॉर्ड्स से नवाजा भी जा चुका है।)
उम्मीद है कि आपको हमारा ये आर्टिकल पसंद आया होगा। इसी तरह के अन्य आर्टिकल पढ़ने के लिए आर्टिकल के नीचे आ रहे कमेंट सेक्शन में हमें कमेंट कर जरूर बताएं और जुड़े रहें हमारी वेबसाइट हरजिंदगी के साथ।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।