ब्यूूटी हैक्स : लिप केयर रूटीन में मलाई को करें 3 तरह से शामिल

मौसम कोई भी हो मगर होंठों की त्वचा का ध्यान हर मौसम में रखना जरूरी होता है। खासतौर पर यदि आपकी त्वचा पहले से ही ड्राई है तो जाहिर है कि आपके होंठ बहुत अधिक सूखते होंगे और फट जाते होंगे। कई लोगों के होंठों पर तो दरार भी पड़ जाती है और उससे खून भी निकलने लग जाता है। होंठों की यह दशा बेहद दर्दनाक होती है।
सर्दियों के मौसम में होंठों की त्वचा और भी ज्यादा प्रभावित होती है क्योंकि ठंडी हवा के चलने से होंठ रूखे-सूखे हो जाते हैं। ऐसे में बाजार में बहुत सारे प्रोडक्ट्स आते हैं, जो होंठों के रूखेपन को दूर करने का दावा करते हैं। मगर इनका प्रभाव कम समय के लिए ही होता है। अगर आप होंठों के रूखेपन को कम करने के लिए कोई घरेलू उपाय तलाश रही हैं तो आज हम आपको बताएंगे कि दूध से निकली हुई मलाई आपकी इस समस्या को कितनी आसानी से कम कर सकती है।
चलिए हम आपको बताते हैं कि कैसे आप मलाई को अपने लिप केयर रूटीन में शामिल कर सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: DIY: टीवी एक्ट्रेस दिपिका कक्कड़ से सीखें घर पर लिप बाम बनाना
लिप क्रीम
सामग्री
- 1 बड़ा चम्मच शीया बटर
- 1 बड़ा चम्मच मलाई
- 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल
- 1 छोटा चम्मच शहद
विधि
- सबसे पहले तो आपको शीया बटर को एक पैन में डाल कर पिघला लेना है।
- इसके बाद आप शीया बटर को थोड़ा सा ठंडा हो जाने दें।
- फिर इसमें मलाई डालें और अच्छे से मिक्स करें। ध्यान रखें कि मलाई को अच्छे से पहले फेट लें।
- इसके बाद आप इस मिश्रण में गुलाब जल और शहद मिलाएं।
- इसे एक एयर टाइट डिब्बे में बंद करके रख लें और दिन में 3-4 बार होंठों पर इस क्रीम को लगाएं।
इसे जरूर पढ़ें: DIY: लिप केयर रूटीन में 3 तरह से से घी को करें शामिल
लिप स्क्रब
सामग्री
- 1 छोटा चम्मच मलाई
- 1 छोटा चम्मच चावल का आटा
- 1/2 छोटा चम्मच शहद
विधि
- सबसे पहले चावल को पीस कर उसका बारीक पाउडर तैयार कर लें।
- अब एक बाउल में मलाई डालें और उसे अच्छी तरह से फेट लें।
- अब मलाई में शहद और पिसा हुआ चावल का पाउडर मिलाएं।
- अब इस मिश्रण से होंठों और होंठों के आसपास की त्वचा को स्क्रब करें।
- 1 मिनट तक स्क्रब करें और 10 मिनट बाद होंठों को वॉश कर लें।
- आप इस होममेड लिप स्क्रब का इस्तेमाल नियमित रूप से करेंगी तो आपके होंठों की त्वचा का ढीलापन भी दूर होगा और वह सॉफ्ट भी हो जाएंगे।
लिप मास्क
- 1/2 छोटा चम्मच मलाई
- 1/2 छोटा चम्मच एलोवेरा जैल
- 1 छोटा चम्मच गुलाब के फूल का पाउडर
विधि
- सबसे पहले गुलाब के फूल की पंखुड़ियों को सुखा लें और इसका पाउडर बना लें।
- अब एक छोटे बाउल में मलाई, एलोवेरा जैल और गुलाब के फूल का पाउडर मिला लें।
- इस मिश्रण को अपने होंठों पर लगाएं और 10 मिनट तक लगा रहने दें।
- 10 मिनट बाद होंठों को वॉश कर लें।
- इस लिप मास्क को रोज होंठों पर लगाने से आपके होंठों का रूखापन भी दूर हो जाएगा और होंठों का रंग भी गुलाबी हो जाएगा।
आपके होंठ भी ज्यादा ड्राई हैं तो आपको भी मलाई को अपने लिप केयर रूटीन में शामिल करना चाहिए और बताए गए इन घरेलू नुस्खों को एक बार जरूर ट्राई करें।
अगर आपको यह आर्टिकल पसंद आया हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें और साथ ही ऐसे ही और भी ब्यूटी हैक्स जानने के लिए पढ़ती रहें हरजिदंगी।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।