image

क्या घर में बेलपत्र का पौधा लगाना शुभ है? जानें वास्तु के नियम

बेल के पौधे को ज्योतिष और वास्तु में बहुत शुभ माना जाता है। इस पौधे की पत्तियों को हमेशा भगवान शिव की पूजा में अर्पित किया जाता है। ऐसा कहा जाता है कि यदि आप इस पौधे को घर पर लगा रही हैं तो वास्तु के नियमों का पालन जरूरी है।
Editorial
Updated:- 2025-02-26, 09:30 IST

वास्तु शास्त्र हमारे जीवन में समृद्धि, सुख और शांति लाने के लिए आदर्श दिशा और वातावरण का निर्माण करने के सिद्धांतों पर आधारित होता है। ऐसा माना जाता है कि यदि आप वास्तु के अनुसार कोई भी वस्तु अपने घर पर सही स्थान में रखते हैं तो आपके जीवन में हमेशा खुशहली बनी रहती है। यही नहीं यदि आप घर पर कोई पेड़-पौधे भी लगाते हैं तो इनसे शुभता बनी रहती है। मान्यता है कि यदि हम घर में किसी भी वस्तु का निर्धारण वास्तु के नियमों के अनुसार करते हैं तो इसके सकारात्मक लाभ सीधे हमारे जीवन में पड़ते हैं। वास्तु में किसी भी पेड़ पौधे को यदि आप उसकी निर्धारित दिशा और स्थान पर लगाते हैं तो ये घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बनाए रखता है। ऐसे ही कुछ पेड़ पौधों को घर पर न लगाने की सलाह भी दी जाती है। अक्सर हमारे मन में एक सवाल यह उठता है कि क्या बेल का पेड़ घर में लगाया जा सकता है या इसे लगाने से कुछ नकारात्मक प्रभाव हो सकते हैं। इस बात के बारे में विस्तार से जानकारी लेने के लिए हमने वास्तु एक्सपर्ट रमेश भोजराज द्विवेदी से बात की। आइए उनसे जानें इसके बारे में विस्तार से।

बेल के पेड़ का धार्मिक महत्व

bael plant vastu

बेल का पेड़ हिंदू धर्म में आध्यात्मिक महत्व रखता है, यह विशेषकर भगवान शिव से जुड़ा हुआ होता है। बेल पत्र भगवान शिव की पूजा में विशेष रूप से अर्पित किए जाते हैं, क्योंकि इन्हें शिव जी का प्रिय पौधा माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिवलिंग पर बेल के पत्ते चढ़ाए बिना पूजा अधूरी मानी जाती है। बेल के पत्तों का भगवान शिव से गहरा संबंध है, और इन्हें शिव की आराधना में आवश्यक माना जाता है।

यह भी कहा जाता है कि बेल के पत्तों के माध्यम से भगवान शिव की कृपा दृष्टि प्राप्त होती है। जब शिवलिंग पर यह पत्ते चढ़ाए जाते हैं, तो पूजा की संपूर्णता और सफलता मानी जाती है। बेल के पत्तों का प्रतीकात्मक महत्व भी है, जो भगवान शिव की अनुकम्पा और आशीर्वाद का प्रतीक माने जाते हैं। धार्मिक दृष्टिकोण से, बेल के पेड़ को पवित्र और प्रभावशाली माना जाता है और इस पेड़ की पूजा से घर में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है। इसलिए, बेल के पेड़ को शिव जी के साथ जुड़ी हुई विशेष पूजा और आस्था का हिस्सा माना जाता है।

इसे जरूर पढ़ें: धार्मिक ग्रंथों के अनुसार बेल के पेड़ से जुड़ी 7 महत्वपूर्ण बातें

वास्तु की दृष्टि से बेल के पेड़ का महत्व

वास्तु शास्त्र में पेड़-पौधों का घर में स्थान बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। प्रत्येक पौधा न केवल पर्यावरण को सुंदर और हरा-भरा बनाता है, बल्कि यह घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। यह ऐसे ही पौधों में से एक है जो घर में शुभता और समृद्धि लाने का काम करता है। यह घर में सुख, शांति और समृद्धि को बढ़ावा देता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेल का पेड़ घर में नकारात्मक ऊर्जा को दूर करने का कार्य करता है। यह वातावरण को शुद्ध करता है और घर में शांति और समृद्धि को बढ़ाता है।

क्या घर में बेल का पौधा लगाना ठीक है?

can we plant bael tree at home

घर में बेल का पौधा लगाना वास्तु शास्त्र और धार्मिक दृष्टिकोण से बहुत शुभ माना जाता है। विशेष रूप से यह पौधा भगवान शिव से जुड़ा है, इसलिए जिस स्थान पर ये पौधा होता है वहां भगवान शिव की कृपा दृष्टि सदैव बनी रहती है। मान्यता है कि इस पौधे को यदि आप अपने घर की सही दिशा में लगाती हैं तो सदैव शिव जी की कृपा दृष्टि बनी रहती है। यही नहीं इससे सकारात्मक ऊर्जा पूरे घर में फैलती है। हालांकि आप जब भी ये पौधा घर में लगाएं इसकी सही दिशा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है और इस बात का भी ध्यान रखने की जरूरत है कि यह पौधा किसी भी कारण से सूखना नहीं चाहिए। आपको इस पौधे की नियमित देखभाल करनी चाहिए और इस पर समय-समय पर जल चढ़ाना चाहिए।

इसे जरूर पढ़ें: क्या घर की छत पर रख सकते हैं बेलपत्र का पौधा?

वास्तु के अनुसार बेल के पौधे की सही दिशा क्या है?

best direction of bael tree

वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेल का पौधा घर के उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण या उत्तर दिशा में ही लगाना सबसे शुभ माना जाता है। यदि आप इस दिशा में बेल का पौधा लगाती हैं तो जीवन में सदैव सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इसके अलावा, बेल के पत्तों का प्रयोग भगवान शिव की पूजा में भी किया जाता है, जिससे घर में भगवान शिव की कृपा बनी रहती है और परिवार के सदस्य स्वस्थ रहते हैं।

हालांकि आपके लिए यह ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है कि बेल का पौधा बहुत बड़े आकर का हो सकता है, इसलिए यदि आप इसे गार्डन में लगा रही हैं तो सही स्थान का ध्यान रखें और मुख्य द्वार से थोड़ी दूरी पर ही लगाएं। वैसे इस पौधे को आप यदि गमले में लगाएं तो वो भी आपके लिए शुभ माना जाता है। बेल का पौधा आपको पश्चिम दिशा में लगाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह दिशा नकारात्मक ऊर्जा को बढ़ा सकती है। यदि पश्चिम दिशा में पेड़ लगाया जाता है तो यह घर में मानसिक तनाव और समस्याओं का कारण बन सकता है। वहीं इस पौधे को दक्षिण दिशा में भी लगाने से बचना चाहिए।

कुल मिलाकर, बेल का पौधा घर में लगाना शुभ होता है, लेकिन इसे सही स्थान पर और सही देखभाल के साथ लगाना जरूरी है। अगर आपका इससे जुड़ा कोई भी सवाल है तो आप कमेंट बॉक्स में हमें जरूर बताएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Images:freepik.com 

यह विडियो भी देखें

Herzindagi video

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।

;