आमतौर पर देखा जाता है कि हम अपने से बड़ों का आशीर्वाद लेने के लिए झुककर उनके पैर छूते हैं। पैर हमेशा झुककर छुआ जाता है और उसके बदले में बड़े-बुजुर्ग हमारे सर पर हाथ रखकर अपना आशीर्वाद देते हैं। भारतीय संस्कृति में बड़ों के चरण स्पर्श करना एक प्राचीन परंपरा है, जो आदर, विनम्रता और आशीर्वाद ग्रहण करने का प्रतीक माना जाता है। किसी भी व्यक्ति का आदर करते हुए झुककर पैर छूने की प्रक्रिया को ही चरण स्पर्श कहा जाता है, जो केवल शिष्टाचार का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसका आध्यात्मिक और ज्योतिषीय महत्व भी है। जब बड़ों के चरण छूने के बाद वे अपने हाथ आपके सिर पर रखते हैं, तो इसे उनके दिव्य आशीर्वाद और सकारात्मक ऊर्जा के हस्तांतरण के रूप में देखा जाता है। अक्सर हमारे मन में एक ख्याल आता है कि आखिर क्यों पैर छूने पर घर के बड़े-बुजुर्ग सिर पर हाथ रखते हैं। इस बारे में जानकारी लेने के लिए हमने नारद संचार के ज्योतिष अनिल जैन जी से बात की। आइए जानें क्यों चरण स्पर्श के बाद बड़े-बुजुर्ग हमारे सिर पर हाथ रखते हैं।
भारतीय संस्कृति में क्या है चरण स्पर्श का महत्व
झुककर चरण स्पर्श करना बड़ों के आध्यात्मिक अनुभव और जीवन की समझ का सम्मान करने का एक माध्यम है। हिंदू धर्म में बड़े-बुजुर्गों के चरण विनम्रता और स्थिरता का प्रतीक माने जाते हैं। शास्त्रों में इस बात का जिक्र है कि जब कोई व्यक्ति झुककर बड़ों के चरणों को छूता है, तो वह उनकी सकारात्मक ऊर्जा और बुद्धिमत्ता को स्वीकार करता है। यही नहीं वो उनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन की प्रार्थना और कामना भी करता है।
आध्यात्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से, ऐसा माना जाता है कि मानव शरीर ऊर्जा का भंडार है। वैदिक ज्योतिष के अनुसार, शरीर में ऊर्जा प्रवाह के लिए नाड़ियों का एक जाल होता है, जिनमें सात मुख्य ऊर्जा केंद्र या चक्र होते हैं। उम्र और अनुभव के कारण, बुजुर्गों के पास सकारात्मक ऊर्जा का भंडार होता है। यही नहीं जब किसी ऐसे व्यक्ति के पैर छुए जाते हैं जो बुध्दि और ज्ञान में हमसे ज्यादा हो तो उसकी ऊर्जा हमारे शरीर में प्रवेश करती है जो हमारे ज्ञान को भी बढ़ाती है।
इसे जरूर पढ़ें: आखिर क्यों हिन्दुओं में बड़ों के पैर छूने की है प्रथा? जानें इसका महत्व
चरण स्पर्श करने पर बड़े-बुजुर्ग क्यों रखते हैं हमारे सिर पर हाथ?
जब बड़े बुजुर्ग हमारे पैर छूने पर हमारे सिर पर हाथ रखते हैं तो इसका मतलब यह होता है कि वो हमें आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। सिर पर स्थित सहस्रार चक्र जिसे मस्तिष्क का शीर्ष माना जाता है उसे उच्च चेतना और ब्रह्मांडीय ऊर्जा का केंद्र माना जाता है। जब बड़े-बुजुर्ग सिर पर हाथ रखते हैं, तो यह चक्र सक्रिय होता है, जिससे व्यक्ति को दिव्य ऊर्जा और मार्गदर्शन प्राप्त होता है। सिर पर हाथ रखने से उनका सानिध्य और आशीर्वाद तो मिलता ही है और बड़ों की सकारात्मक ऊर्जा भी हमारे शरीर में प्रवेश करती है, जिससे हमारे ज्ञान चक्षु खुलने लगते हैं।
ज्योतिष में कर्म और पूर्वजों के ऋण का विशेष महत्व है। बड़े-बुजुर्ग, विशेषकर माता-पिता और दादा-दादी, पूर्वजों के आशीर्वाद के वाहक माने जाते हैं। उनका आशीर्वाद जीवन की बाधाओं को दूर करता है और समृद्धि लाता है।
चरण स्पर्श करने पर बड़ों का सिर पर हाथ रखने का महत्व
जब बड़े-बुजुर्ग चरण स्पर्श करने पर हमारे सिर पर हाथ रखते हैं तो उनका ये तरीका आशीर्वाद प्रदान करता है। यह हमारे शरीर और मस्तिष्क के लिए एक सुरक्षा कवच बनाता है, जो नकारात्मक ऊर्जा से बचाता है। यह इस बात को सुनिश्चित करता है कि पैर छूने वाला व्यक्ति जीवन में हमेशा सही मार्ग पर रहे। बड़ों का सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद देना व्यक्ति को आत्मविश्वास और सकारात्मकता से भर देता है। बड़ों के आशीर्वाद में ग्रहों की भी मुख्य भूमिका होती है। सूर्य ऊर्जा, शक्ति और नेतृत्व का प्रतीक है। परिवार में बुजुर्गों को सूर्य के समान माना जाता है।
उनका आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन में ऊर्जा और आत्मविश्वास को बढ़ाता है। वहीं चंद्रमा मन और भावनाओं का स्वामी होता है। बड़ों का आशीर्वाद मानसिक शांति और स्थिरता लाता है। वहीं गुरु ज्ञान, आध्यात्मिकता और समृद्धि का ग्रह माना जाता है। बड़ों का आशीर्वाद गुरु की ऊर्जा को सक्रिय करता है, जिससे ज्ञान और विकास में वृद्धि होती है। ऐसे ही शनि ग्रह कर्म और अनुशासन का प्रतिनिधित्व करता है। बड़ों के आशीर्वाद से शनि के कठोर प्रभाव कम हो सकते हैं, संघर्षों को कम किया जा सकता है और धैर्य को मजबूत किया जा सकता है।
इसे जरूर पढ़ें: इन लोगों को कभी नहीं छूने दें पैर, पुण्य की जगह चढ़ जाएगा पाप
इस प्रकार बड़ों के पैर छूना जिस तरह से महत्वपूर्ण माना जाता है, वैसे ही उनका सिर के ऊपर हाथ रखना भी अच्छा माना जाता है। अगर आपका इससे जुड़ा कोई भी सवाल है तो आप कमेंट बॉक्स में हमें जरूर बताएं। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
Images:freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों