भारत में शादी को बहुत खास माना जाता है, यह प्यार और भरोसे का बंधन होता है। अगर आपकी नई शादी हुई है और आप अपनी शादीशुदा जिंदगी की शुरुआत करने जा रही हैं, तो आपको झारखंड के देवघर में स्थित बैद्यनाथ धाम नाम की जगह पर गठबंधन पूजा जरूर करवानी चाहिए। ऐसा माना जाता है कि यह पूजा आपकी शादीशुदा जिंदगी में खुशियां लाती है और आपका रिश्ता शिव और पार्वती की तरह मजबूत होता है।
वैसे तो यह गठबंधन पूजा शादीशुदा जोड़े ही करते हैं, ताकि उन्हें शिव और पार्वती माता का आशीर्वाद मिले। यह पूजा मंदिर के अंदर पंडित जी करते हैं और इसमें शिवलिंग पर जल चढ़ाया जाता है। आपको बता दें कि बैद्यनाथ धाम भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। यह भी माना जाता है कि यहां माता सती का दिल गिरा था, इसलिए यह एक शक्तिपीठ भी है।
गठबंधन पूजा क्यों है इतनी खास?
अगर आपकी शादीशुदा जिंदगी में तनाव, परेशानी या मनमुटाव है, तो आपको बैद्यनाथ धाम जाकर गठबंधन पूजा करवानी चाहिए। यह पूजा हर साल सावन के महीने में होती है। यहां भगवान शिव और माता पार्वती के मंदिरों के गुंबदों के ऊपर लाल रंग का धागा बांधा जाता है, जिसे गठबंधन पूजा कहते हैं। इस अनोखी पूजा में वहां के आदिवासी लोग मंदिर की छत पर चढ़कर इन धागों को बांधते हैं और नीचे पंडित जी मंत्र पढ़ते हैं। यह लाल धागा एक मंदिर से दूसरे मंदिर के गुंबद तक बांधा जाता है, जो शिव और पार्वती के मिलन का प्रतीक है।
गठबंधन पूजा से जुड़ी पौराणिक कहानी
पौराणिक कथानुसार, रावण भगवान शिव का बहुत बड़ा भक्त था। उसने शिवजी को खुश करने के लिए कठोर तपस्या की थी और वह उन्हें लंका ले जाना चाहता था। शिवजी रावण की भक्ति से खुश हुए थे और उसे एक शिवलिंग दिया था, लेकिन एक शर्त रखी थी कि अगर वह रास्ते में शिवलिंग को जमीन पर रख देगा, तो वह वहीं स्थापित हो जाएगा। रास्ते में रावण थक गया और झारखंड के देवघर में रुका। उसने एक चरवाहे, बैजू को शिवलिंग पकड़ा दिया। चरवाहे ने शिवलिंग को जमीन पर रख दिया और वह वहीं पर स्थापित हो गया। बाद में इस जगह का नाम बैद्यनाथ धाम पड़ा।
एक और कहानी है कि जब सती के पिता दक्ष ने यज्ञ करवाया था, तो उन्होंने भगवान शिव को नहीं बुलाया था। इससे सती बहुत गुस्सा हो गईं और उन्होंने खुद को यज्ञ की आग में जला दिया था। जब भगवान शिव को यह पता चला, तो वह बहुत दुखी हुए और सती के जले हुए शरीर को लेकर पूरी दुनिया में घूमने लगे। उनका दुख देखकर भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से सती के शरीर के 52 टुकड़े कर दिए। धरती पर जहां-जहां ये टुकड़े गिरे, उन्हें शक्तिपीठ कहा जाने लगा। बैद्यनाथ धाम में सती का हृदय गिरा था, इसलिए इसे हृदय पीठ भी कहते हैं। यह इकलौता ऐसा मंदिर है जहां ज्योतिर्लिंग और शक्तिपीठ दोनों एक साथ हैं।
इसे भी पढ़ें- भारत के ये शिव मंदिर माने जाते हैं कपल्स के लिए खास, शादी के बाद जरूर जाएं दर्शन करने
बैद्यनाथ धाम में गठबंधन पूजा विधि
- हिंदू धर्म के अनुसार, गठबंधन पूजा सावन के महीने में करना अच्छा माना जाता है।
- पूजा के लिए लाल रंग का धागा, फूल, हल्दी, कुंकुम, रोली, चावल, धूप, दीपक, फल, मिठाई और पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का मिश्रण) ले जाना जरूरी होता है।
- सबसे पहले आपको साफ पानी से नहाना होता है और मंदिर के अंदर जाकर हाथ-पैर धोकर साफ कपड़े पहनने होते हैं।
- फिर, मंदिर के ऊपर वहां के आदिवासी लोग चढ़ते हैं और पाँच त्रिशूलों के चारों तरफ लाल धागा बांधते हैं। नीचे पंडित और पुजारी लगातार मंत्र पढ़ते रहते हैं।
- पूजा के दौरान महामृत्युंजय मंत्र और शिव तांडव स्तोत्र का जाप किया जाता है। इसके बाद, पूजा की जगह पर दीपक जलाकर आरती करनी होती है।
- पूजा के आखिर में, पंडित जी शादीशुदा जोड़े को लाल धागा देते हैं, जिसे उन्हें अपनी कलाई या गले में पहनना होता है। यही धागा गठबंधन का प्रतीक माना जाता है।
हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit - wikipedia, social media
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों