कलावा जिसे मौली या रक्षासूत्र भी कहा जाता है, हिंदू धर्म में एक पवित्र और महत्वपूर्ण धागा है। यह मुख्यतः लाल, पीले और सफेद रंग के धागों से बना होता है और इसका उपयोग विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-पाठ में किया जाता है। पूजा की शुरुआत या समापन पर इसे कलाई में बांधा जाता है, वहीं इसे पवित्र वृक्षों और पौधों जैसे तुलसी या पीपल पर भी बांधने की भी परंपरा है।
कलावा बांधने के पीछे कई धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताएं प्रचलित हैं। ऐसा माना जाता है कि इसे विधि-विधान और सही नियमों से बांधने पर कई सकारात्मक लाभ मिलते हैं। यह न केवल बुरी नजर और नकारात्मक ऊर्जा से बचाव करता है, बल्कि इसे बांधने से ग्रह दोषों का निवारण होने के साथ मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। ऐसी मान्यता है कि कलाई के साथ तुलसी के पौधे या घर के अन्य पवित्र स्थानों पर कलावा बांधने से सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है।
यदि इसे सही तरीके से और मंत्रोच्चार के साथ बांधा जाए, तो यह जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। आइए ज्योतिर्विद पंडित रमेश भोजराज द्विवेदी से जानें कि कलाई से लेकर तुलसी के पौधे तक, कलावा बांधने के नियम और ज्योतिषीय लाभ क्या-क्या हैं।
कलाई पर कलावा बांधने का महत्व
कलाई पर कलावा बांधने की परंपरा वैदिक काल से चली आ रही है। इसे बांधने का उद्देश्य व्यक्ति को बुरी नजर और नकारात्मक शक्तियों से बचाना होता है। कलावा व्यक्ति की ऊर्जा को संतुलित करता है और उसे मानसिक शांति प्रदान करता है।
आमतौर पर कलाई में कलावा किसी पूजा के बाद बांधा जाता है जो व्यक्ति की किसी भी बुरी शक्ति से सुरक्षा का प्रतीक होता है। ऐसा माना जाता है कि जब पूजन के बाद पंडित कलाई में कलावा बांधते हैं तो यह जातक की सम्पूर्ण सुरक्षा का संकेत देता है।
कलाई पर कलावा बांधने के नियम
जब भी आप कलाई में कलावा बंधवाते हैं तो कुछ नियमों का पालन जरूरी माना जाता है जैसे पुरुषों को हमेशा दाहिने हाथ की कलाई में और महिलाओं को बाएं हाथ की कलाई पर कलावा बंधवाने की सलाह दी जाती है। वहीं कुंवारी लड़कियां दाहिने हाथ की कलाई में कलावा बांध सकती हैं।
इसे बांधने के समय पंडित कुछ मंत्रों का उच्चारण करते हैं। मुख्य रूप से कलावा बांधते समय 'ॐ नमः शिवाय' या 'ॐ विष्णवे नमः' मंत्र का जाप करना उचित माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि कलाई में कलावा हमेशा शुभ मुहूर्त में ही बांधना चाहिए।
इसे जरूर पढ़ें: कितने दिनों तक कलावा हाथ में बांधना चाहिए?
कलाई पर कलावा बांधने के फायदे
कलाई पर कलावा बांधने से व्यक्ति नकारात्मक ऊर्जा और बुरी नजर से सुरक्षित रहता है। ज्योतिष के अनुसार, कलावा ग्रह दोषों को दूर करने में सहायक होता है, इसलिए यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में ग्रह दोष हैं तो कलावा बांधने से उनसे मुक्ति मिलती है। यह एक ऐसा पवित्र धागा है जो व्यक्ति को मानसिक शक्ति और आत्मविश्वास प्रदान करता है।
तुलसी के पौधे पर कलावा बांधने का महत्व
तुलसी का पौधा हिंदू धर्म में पवित्रता और शुभता का प्रतीक है। इसे देवी लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि तुलसी के पौधे में कलावा बांधने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और माता लक्ष्मी की पूर्ण कृपा बनी रहती है।
तुलसी के पौधे पर कलावा बांधने के नियम
यदि आप तुलसी के पौधे में कलावा बांध रहे हैं तो आपको कुछ नियमों का पालन जरूर करना चाहिए। जिससे इसके पूर्ण लाभ मिलते हैं और समृद्धि बनी रहती है।
- तुलसी के पौधे में गुरुवार या शुक्रवार के दिन कलावा बांधना सबसे शुभ माना जाता है।
- तुलसी में कलावा बांधने से पहले तुलसी के पौधे की पूजा करें और उसमें गंगाजल छिड़कें।
- कलावा बांधते समय "ॐ महालक्ष्म्यै नमः" मंत्र का जाप करें।
तुलसी के पौधे पर कलावा बांधने के लाभ
तुलसी का पौधा हिंदू धर्म में अत्यधिक पवित्र और पूजनीय माना जाता है। इसे देवी लक्ष्मी का प्रतीक भी कहा जाता है। तुलसी पर कलावा बांधने की परंपरा धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। यह न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि इसके कई आध्यात्मिक और ज्योतिषीय लाभ भी हैं। आइए जानें उनके बारे में-
- तुलसी के पौधे में कलावा बांधने से घर में धन और समृद्धि बनी रहती है।
- यह उपाय घर को नकारात्मक शक्तियों से बचाता है।
- यह परिवार के सदस्यों के बीच शांति और स्वास्थ्य बनाए रखने में मदद करता है।
- तुलसी के पौधे में कलावा बांधने से इस पौधे की पवित्रता और ज्यादा बढ़ जाती है और इसकी पूजा से दोगुना लाभ हो सकता है।
घर के अन्य स्थानों पर कलावा बांधने का महत्व और लाभ
कलावा न केवल व्यक्ति के लिए, बल्कि घर के विभिन्न स्थानों पर बांधने से भी इसका महत्व और प्रभाव बढ़ जाता है। यह धार्मिक धागा घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने, नकारात्मक शक्तियों को दूर करने और शांति स्थापित करने में सहायक होता है। आइए जानते हैं घर के विभिन्न स्थानों पर कलावा बांधने के फायदे और महत्व।
घर के मुख्य द्वार पर कलावा बांधने के लाभ
घर के मुख्य द्वार पर कलावा बांधना शुभ माना जाता है। यह न केवल घर को बुरी नजर से बचाता है, बल्कि इसे सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। इस उपाय से घर में सुख-शांति और समृद्धि का संचार होता है। मुख्य द्वार पर बंधा हुआ कलावा बुरी शक्तियों और नकारात्मक ऊर्जा के प्रवेश को रोकता है। यही नहीं इससे परिवार के सदस्यों के जीवन में शांति और सौहार्द बना रहता है।
इसे जरूर पढ़ें: पूजा के दौरान हाथ में क्यों बांधा जाता है कलावा, जानें इसका महत्व
घर की तिजोरी या पैसों के स्थान पर कलावा बांधने के लाभ
धन और कीमती सामान रखने के स्थान पर यदि आप कलावा बांधते हैं तो इससे आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। यह उपाय न केवल धन की वृद्धि में सहायक है बल्कि आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में भी मदद करता है।
तिजोरी पर कलावा बांधने से आपके लिए धन वृद्धि के योग बनते हैं।
यह उपाय अनावश्यक खर्चों को नियंत्रित करने और धन संचय को बढ़ावा देने में सहायक होता है।
घर की तिजोरी पर कलावा बांधने से घर में धन की कमी नहीं होती है और माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है।
नए या पुराने वाहन पर कलावा बांधने के लाभ
नए या पुराने वाहन पर कलावा बांधना शुभ और सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि यह वाहन को दुर्घटनाओं और नकारात्मक शक्तियों से बचाता है। वाहन पर कलावा बांधने से यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी का खतरा कम हो जाता है। आइए जानें इसके अन्य लाभ-
- कलावा बांधने से वाहन पर बुरी नजर या नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव नहीं पड़ता है। यह उपाय आपके वाहन को सुरक्षित रखता है और उसमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
- पुराने वाहन पर कलावा बांधने से वाहन की उम्र और कार्यक्षमता में सुधार होता है। ऐसा माना जाता है कि यह उपाय वाहन के खराब होने या बार-बार मरम्मत की आवश्यकता को कम करता है।
- नया वाहन खरीदने के बाद उस पर कलावा बांधने से भगवान की कृपा बनी रहती है। यह शुभता का प्रतीक है और वाहन का उपयोग करने वाले व्यक्ति को देवी-देवताओं का आशीर्वाद मिलता है।
इस प्रकार कलाई से लेकर घर के अलग-अलग स्थानों पर कलावा बांधने के अनेक लाभ और नियम हैं जिनका पालन आपके लिए जरूरी होता है। आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे फेसबुक पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से। अपने विचार हमें कमेंट बॉक्स में जरूर भेजें।
Images: Freepik.com
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों