IRCTC Tirupati Tour: सिर्फ 10 हजार रुपये में करें तिरुपति बालाजी के दर्शन, जानिए 4 दिनों के इस टूर पैकेज की पूरी डिटेल

IRCTC का एक खास टूर पैकेज 'तिरुपति बालाजी एक्स-मुंबई' आपके ल‍िए काम का हो सकता है। आप 10 हजार रुपये में तिरुपति बालाजी के दर्शन कर सकेंगी।
Updated:- 2026-11-13, 11:17 IST
irctc tirupati balaji tour package under 10000 rupees

अगर आप लंबे समय से तिरुपति बालाजी के दर्शन करने का प्लान बना रही हैं, लेकिन ट्रेन की टिकट, होटल और आने-जाने की व्यवस्था को लेकर परेशान हैं, तो IRCTC का एक टूर पैकेज आपके काम आ सकता है। इस पैकेज के जरिए आप मुंबई से तिरुपति की यात्रा कर सकती हैं। खास बात यह है कि इसमें ट्रेन से आने-जाने, होटल में रुकने और लाेकल टूर‍िस्‍ट स्‍पॉट्स पर घूमने की व्यवस्था भी शामिल है।

यह पूरा सफर 4 दिनों का है और इसके लिए आपको करीब 10 हजार रुपये से शुरुआत करनी होगी। आइए जानते हैं कि इस पैकेज में आपको कहां-कहां जाने का मौका मिलेगा, यात्रा कब शुरू होगी और इसमें कितने पैसे खर्च होंगे?

IRCTC का कौन सा है यह टूर पैकेज?

IRCTC के इस पैकेज का नाम 'तिरुपति बालाजी एक्स-मुंबई' है। इसका पैकेज कोड WMR171 है। यह टूर 3 रात और 4 दिनों का है। अच्छी बात यह है कि इसके लिए किसी खास दिन का इंतजार नहीं करना होगा। यह पैकेज रोजाना के ल‍िए है। आप अपनी सुविधा के हिसाब से ट्र‍िप की शुरुआत कर सकती हैं। इस दौरान आपको तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर और तिरुचनूर में माता पद्मावती के दर्शन करने का मौका मिलेगा। इसके अलावा, समय बचने पर श्री कालहस्ती मंदिर भी ले जाया जा सकता है।

irctc tirupati balaji tour package under 10000 rupees (1)

image credit- magnific

4 दिनों में कैसे पूरी होगी तिरुपति की यात्रा?

इस पैकेज में आपके ट्र‍िप की शुरुआत मुंबई से ट्रेन के जरिए होगी। इसके बाद तिरुपति पहुंचकर होटल में स्‍टे और मंदिरों के दर्शन की व्यवस्था की जाएगी।

पहला दिन: मुंबई से शुरू होगा सफर

आपकी यात्रा शाम 6:40 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शुरू होगी। अगर आप ठाणे, कल्याण, पुणे या सोलापुर में रहती हैं, तो रास्ते में आने वाले इन स्टेशनों से भी ट्रेन पकड़ सकती हैं। पहले दिन आपको रात ट्रेन में ही बितानी होगी।

दूसरा दिन: तिरुपति पहुंचकर होंगे दर्शन

अगले दिन दोपहर 1:33 बजे आप रेनिगुंटा स्टेशन पहुंचेंगी। यहां से आपको एसी गाड़ी के जरिए तिरुपति के डीलक्स कैटेगरी वाले होटल में ले जाया जाएगा। होटल में कुछ देर आराम करने के बाद शाम को मंदिरों के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। इस दौरान आप तिरुमाला में भगवान वेंकटेश्वर और तिरुचनूर में माता पद्मावती के दर्शन कर सकेंगी। दर्शन के बाद ड‍िनर और स्‍टे की व्यवस्था होटल में ही होगी।

तीसरा दिन: श्री कालहस्ती मंदिर जाने का भी मौका

तीसरे दिन सुबह नाश्ता करने के बाद होटल से चेक-आउट करना होगा। इसके बाद अगर समय रहा, तो आपको भगवान शिव के प्रसिद्ध श्री कालहस्ती मंदिर ले जाया जाएगा। यहां दर्शन के बाद आपको रेनिगुंटा रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा। रात 8:50 बजे यहां से मुंबई के लिए ट्रेन रवाना होगी।

चौथा दिन: मुंबई में खत्म होगी यात्रा

चौथे दिन दोपहर करीब 3:55 बजे आप वापस मुंबई पहुंच जाएंगी। इस तरह आपका 4 दिनों का तिरुपति टूर पूरा हो जाएगा।

कितने रुपये में बुक कर सकती हैं यह पैकेज?

IRCTC ने इस टूर के लिए दो तरह के ऑप्‍शन रखे हैं। आप अपने बजट और ट्रेन में सफर की पसंद के हिसाब से इनमें से कोई एक चुन सकती हैं।

1. स्टैंडर्ड क्लास (स्लीपर ट्रेन टिकट)

अगर आप स्लीपर क्लास में सफर करना चाहती हैं, तो इस पैकेज के लिए किराया इस तरह है-

  • दो लोगों के साथ जाने पर: 10,650 प्रति व्यक्ति
  • अकेले जाने पर: 16,000 प्रति व्यक्ति
  • तीन लोगों के साथ जाने पर: 8,850 प्रति व्यक्ति

2. कम्फर्ट क्लास (3AC ट्रेन टिकट)

अगर आप ट्रेन में 3AC से सफर करना चाहती हैं, तो इसके लिए आपको थोड़ा ज्यादा खर्च करना होगा।

  • दो लोगों के साथ जाने पर: 13,200 प्रति व्यक्ति
  • अकेले जाने पर: 18,450 प्रति व्यक्ति
  • तीन लोगों के साथ जाने पर: 11,500 प्रति व्यक्ति

इसके अलावा, 5 से 11 साल तक के बच्चों के लिए भी अलग किराया रखा गया है। बच्चे के लिए अलग बेड लेने या बिना बेड के सफर करने के हिसाब से पैसे देने होंगे।

पैकेज में आपको क्या-क्या मिलेगा?

IRCTC का टूर पैकेज बुक करने पर कुछ जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी। इनमें शामिल हैं-

  • आने और जाने के लिए ट्रेन टिकट। टिकट आपकी चुनी हुई क्लास यानी स्लीपर या 3AC के हिसाब से होगी।
  • रेलवे स्टेशन से होटल और लोकल जगहों पर आने-जाने के लिए शेयरिंग एसी गाड़ी।
  • तिरुपति के डीलक्स कैटेगरी होटल में एक रात रुकने की व्यवस्था।
  • दूसरे दिन रात का खाना और तीसरे दिन सुबह का नाश्ता।
  • ट्रि‍प के दौरान ट्रैवल इंश्योरेंस।

irctc tirupati balaji tour package under 10000 rupees (2)

 

image credit- magnific

किन चीजों का खर्च आपको खुद उठाना होगा?

पैकेज बुक करने से पहले आपको यह भी जान लेना चाह‍िए क‍ि इसमें हर चीज का खर्च शामिल नहीं है। कुछ व्यवस्थाएं आपको खुद ही करनी होंगी। जैसे-

  • तिरुपति बालाजी, माता पद्मावती और श्री कालहस्ती मंदिर के दर्शन पास इस पैकेज में शामिल नहीं हैं। इनके लिए आपको खुद इंतजाम करना होगा।
  • ट्रेन में सफर के दौरान खाने-पीने का खर्च अलग से देना होगा।
  • होटल में फ‍िक्‍स्‍ड खाने के अलावा कुछ मंगवाती हैं, तो उसका बिल आपको खुद चुकाना होगा।
  • टिप देने, कपड़े धुलवाने और दूसरे पर्सनल खर्चों की जिम्मेदारी भी आपकी होगी।

बुकिंग से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप इस टूर पर जाने की सोच रही हैं, तो टिकट बुक करने से पहले किराया, यात्रा की तारीख और पैकेज में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी जरूर देख लें। खासकर मंदिरों के दर्शन पास की व्यवस्था पहले से समझ लें, क्योंकि इनका खर्च पैकेज में शामिल नहीं है। इससे यात्रा के दौरान आपको किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

यह भी पढ़ें- IRCTC Shimla Manali Tour: बर्फबारी में घूमना चाहते हैं शिमला और मनाली? IRCTC लाया बेहद किफायती टूर पैकेज, जानें सब कुछ

अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

यह भी पढ़ें- दिल्ली से जापान ले जा रहा है IRCTC, 9 दिनों में टोक्यो से हिरोशिमा तक 5 शहर घूमने का मौका; जानें पूरी ड‍िटेल्‍स

Image Credit- Magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।