आपने कई बार अपने घर के बड़ों को ऐसा कहते हुए सुना होगा कि किसी व्यक्ति विशेष को तो ऐसे वश में कर लिए गया है कि वो सामने वाले की हर बात आंख मूंदकर मान लेता है। कई बार आपके सामने वशीकरण जैसे शब्द का इस्तेमाल भी जरूर किया गया होगा। वास्तव में वशीकरण नाम सुनते ही न जाने कितने सवाल हमारे मन मस्तिष्क में आने लगते हैं। आपमें से कई लोगों ने कभी न कभी इस शब्द के बारे में जरूर सुना होगा। दरअसल अगर हम ज्योतिष की गहराई की बात करें तो यह एक ऐसी प्रक्रिया मानी जाती है जिसमें किसी भी व्यक्ति को पूरी तरह से अपने वश में किया जा सकता है जिससे वो वही काम करने लगता है जो आप उससे करवाना चाहते हैं। यह प्राचीन समय से चली आ रही है और लोग आने अनजाने इस पर विश्वास भी करते हैं।
वशीकरण लोगों पर कई बार अच्छे तो कभी बुरे प्रभाव डालता है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि वास्तव में किसी को भी अपने वश में किया जा सकता है? क्या वशीकरण सच होता है? क्या आपके मन को इतनी आसानी से किसी और के वश में करना संभव है? इन सभी सवालों का जवाब जानने और इसके बारे में गहराई से पता लगाने के लिए हमने न्यूमेरोलॉजिस्ट और वास्तु विशेषज्ञ मधु कोटिया से बात की। उन्होंने हमें इस बात की सच्चाई के बारे में बताया जो आपको भी जान लेनी चाहिए।
कितनी तरह का हो सकता है वशीकरण?
मधु कोटिया जी बताती हैं कि वशीकरण एक ऐसा शब्द है जिसकी वास्तव में कोई सीमा नहीं है। यह मुख्य रूप से दो तरह का हो सकता है। सफेद और काला वशीकरण। इनमें से सफेद वशीकरण को सकारात्मक रूप में लिया जाता है, जिसका इस्तेमाल किसी अच्छे काम के लिए जैसे किसी को अपनी ओर आकर्षित करने, किसी के करियर ग्रोथ के लिए या फिर किसी की सेहत में सुधार करने के लिए किया जाता है। वहीं काले वशीकरण का सीधा सा नकारात्मक मतलब होता है। इस तरह का वशीकरण सीधे तौर पर किसी भी व्यक्ति विशेष को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है।
वास्तव में ये दोनों ही प्रकार सही हैं या गलत इसकी पुष्टि विज्ञान में कहीं भी नहीं मिलती है, लेकिन इसे इस तरह से देखा जा सकता है कि यदि आप किसी व्यक्ति के सामने बार-बार नकारात्मक बातों का इस्तेमाल करें तो उसके आस-पास का औरा भी नकारात्मक हो सकता है। वहीं अच्छी बातें करने से मन मस्तिष्क पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है और सोच भी अच्छी होने लगती है।
इसे जरूर पढ़ें: Evil Eye Remedy: बुरी नजर से बनते काम बिगड़ रहे हैं, तो आप भी आजमा सकती हैं काली मिर्च के ये ज्योतिष उपाय
सफेद वशीकरण से क्या हो सकता है?
यह वशीकरण एक एक सकारात्मक प्रकार माना जाता है जिसमें आप जिस व्यक्ति को भी अपनी ओर आकर्षित करना चाहते हैं वो आपकी ओर खिंचा चला जाता है। ऐसा माना जाता है कि यदि व्यक्ति पहले किसी वजह से आपकी तरफ ध्यान न देता था तो वो आपके ऊपर ध्यान केंद्रित करने लगता है। ये किसी भी व्यक्ति को करियर की ऊंचाइयों तक पहुंचाने और उसकी सेहत ठीक करने के लिए एक अच्छा उपाय माना जाता है। इस तरह का वशीकरण किसी नकारात्मक प्रभाव का कारण नहीं बनता है। इस वशीकरण में मोहिनी माता का स्मरण करके व्यक्ति को वश में किया जाता है।
इसे जरूर पढ़ें: कहीं आपके अंदर नेगेटिव एनर्जी तो नहीं हैं? इन संकेतों से जानें
काले वशीकरण से क्या हो सकता है?
काला वशीकरण वास्तव में किसी भी नकारात्मक ऊर्जा का कारक बन सकता है। ये दरअसल कई बार वास्तु या ज्योतिष से न होकर तंत्र विद्या से संचालित किया जाता है। इससे किसी व्यक्ति को अपने वश में करने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ना भी दी जाती है। ये वास्तव में बुरे प्रभाव को बढ़ावा देता है और इसके वश में आया व्यक्ति परेशानियों का सामना करने लगता है। इससे किसी भी व्यक्ति का दिमाग सुन्न होने लगता है और उसके जीवन में कुछ नकारात्मक प्रभाव भी हो सकता है। हालांकि यदि व्यक्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति मजबूत होती है तो इस तरह का वशीकरण प्रभावी नहीं होता है।
क्या वशीकरण सच में किया जा सकता है?
मधु कोटिया जी बताती हैं कि अगर वशीकरण की बात की जाए तो किसी को भी ज्यादा समय तक के लिए वश में करना मुश्किल है। क्योंकि वश में आए हुए व्यक्ति का दिमाग इस प्रक्रिया से बाहर निकलने की कोशिश करता है और जल्द ही बाहर आ भी जाता है। वास्तव में यह कहना गलत ही है कि वशीकरण से किसी को वश में किया जा सकता है क्योंकि उसका अवचेतन मन जल्द ही सचेत होकर उसे अपनी पूर्व स्थिति में लाकर खड़ा कर देता है और व्यक्ति अपनी इच्छाशक्ति के बलबूते किसी भी नकारात्मक ऊर्जा को दूर कर सकता है।
अगर आपके मन में भी वशीकरण को लेकर कुछ ऐसे ही सवाल हैं तो हमें उम्मीद अब आप इस दुविधा से बाहर आ गए होंगे कि वशीकरण से किसी को भी हमेशा के लिए अपने वश में किया जा सकता है या नहीं?
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों