कैसा होता है उन लोगों का व्यक्तित्व जिनकी नाक पर होता है तिल

समुद्र शास्त्र में शरीर के भिन्न-भिन्न अंगों पर तिल होने का अलग-अलग महत्व बताया गया है। इस शास्त्र में नाक के तिलों के बारे में भी जिक्र मिलता है। भोपाल के ज्योतिषाचार्य एवं हस्तरेखा शास्त्री विनोद सोनी पोद्दार आज हमें नाक पर अलग-अलग स्थानों पर तिल होने का मतलब और फल बताएंगे।
आपको बता दें कि नाक पर मौजूद तिल आपके भाग्य के बारे में संकेत देते हैं और साथ ही आपके व्यक्तित्व और शौक की ओर इशारा करते हैं। अगर आपकी भी नाक पर तिल है तो इस आर्टिकल को पढ़कर आप अपने व्यक्तित्व के बारे में थोड़ा बहुत जान सकते हैं।

नाक के बाईं ओर तिल
- ऐसे लोग जिनकी नाक की बाईं ओर तिल होता है वे कई कलाओं में माहिर होते हैं। ऐसे लोगों में नई-नई चीजों को सीखने की चाहत कभी कम नहीं होती है। उम्र कोई भी हो मगर ये लोग हमेशा जमाने के साथ चलने वालों में से होते हैं।
- कोई ऐसा काम जो इन्हें नहीं आता है उसे सीखना इन्हें बेहद पसंद होता है। खासतौर पर तकनीक से जुड़ी चीजें इन्हें बहुत आकर्षित करती हैं। नाक पर तिल होने से व्यक्ति का भाग्य हमेशा उसका साथ देता है। ऐसे लोगों को धन की कमी भी कभी नहीं होती है।
- अगर ऐसे लोग नौकरीपेशा होते हैं तो बहुत जल्दी और कम उम्र में ही उन्हें अच्छा पद प्राप्त हो जाता है। यदि ऐसे लोग व्यापारी होते हैं तो अपने काम में हमेशा आगे रहते हैं और मुनाफा कमाने का कोई न कोई रास्ता जरूर तलाश लेते हैं।
- ऐसे लोगों को अपनी संतान से सुख प्राप्त होता है। मगर इस तरह के लोग थोड़े मतलबी होते हैं। जिन लोगों से इनका काम बनता है, केवल उन्हीं से मित्रता रखते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Astro Expert Tips: जिनकी आंखों पर होता है तिल उनका ऐसा होता है व्यक्तित्व
नाक के दाईं ओर तिल
- जिन लोगों के नाक की दाईं ओर तिल होता है ऐसे लोग बेहद सुंदर होते हैं। इन्हें देख कर कोई भी इनकी ओर आकर्षित हो सकता है। इनकी भाषा भी बहुत मीठी होती है। अपनी बात को दूसरे के आगे कैसे रखना है और कैसे उससे अपनी बात को मनवाना है, इन्हें बखूबी आता है।
- इतना ही नहीं, ऐसे लोग बेहद सौभाग्यशाली (सौभाग्य के सूचक होते हैं ये निशान)भी होते हैं। जिन महिलाओं की नाक की दाईं ओर तिल होता है उन्हें संतान का भरपूर सुख प्राप्त होता है। साथ ही ऐसी महिलओं को अपने मायके पक्ष की ओर से भी बहुत सहयोग मिलता है।
- जिनकी नाक की दाईं ओर तिल होता है, वे लोग अपने साथी से बहुत प्रेम करते हैं और उनका दाम्पत्य जीवन भी बहुत सुख में बीतता है। ऐसे लोगों का जीवनसाथी के साथ कभी मनमुटाव हो भी जाए तो वह स्थिति को संभाल कर जल्दी ही साथी से सुलह भी कर लेते हैं।
- ऐसे लोग थोड़ी सी मेहनत करने पर नौकरी में अच्छे पद को प्राप्त करते हैं। अगर ऐसे लोग व्यापारी होते हैं तो हमेशा ही धन कमाने के नए तरीके तलाशते रहते हैं और मुनाफा कमाते रहते हैं।
इसे जरूर पढ़ें: Astro Expert Tips: जिनके होंठों पर होता है तिल उनका ऐसा होता है व्यक्तित्व
नाक के अग्रभाग पर तिल
- जिन लोगों की नाक के अग्रभाग पर तिल होता है, वह अपने लक्ष्य पर चलने वाले होते हैं। ऐसे लोग पहले अपना लक्ष्य तय करते हैं और फिर उसे पूरा करने के लिए पूरी जान लगा देते हैं।
- इन लोगों की खासियत होती है कि जब यह कुछ ठान लेते हैं तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। किसी भी काम को यह लोग अधूरा नहीं छोड़ते। अपने काम को पूरा करने का इनका अंदाज भी अनोखा होता है। इन्हें कामयाब देख कर लोगों को इनसे जलन भी होती है।
- जिन लोगों की नाक की टिप पर तिल होता है, वह थोड़े चालाक भी होते हैं। अपने काम को दूसरों से कैसे निकलवाना है, इन्हें बखूबी आता है। जिन महिलाओं की नाक के अग्रभाग पर तिल होता है, वे काफी बुद्धिमान होती हैं। ऐसी महिलाएं जिस क्षेत्र में होती हैं सफलता प्राप्त करती हैं।
- ऐसे लोगों की एक खासियत यह भी होती है कि ये वही कार्य करते हैं, जिसमें वह खुद को सुरक्षित महसूस करते हों। अगर इन्हें किसी कार्य को करने में खतरा महसूस होता है तो जोखिम उठा कर उसे करना इन्हें मंजूर नहीं होता है।
- विपरीत लिंग की ओर यह लोग बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं। इसके पीछे कोई घटना, परिवार का माहौल या इनके खुद के अंदर की भावनाएं, कोई भी वजह हो सकती है।
- ऐसे लोग खुद भी किसी के प्रति बहुत जल्दी आकर्षित हो जाते हैं और दूसरे लोगों को अपनी ओर आकर्षित करना भी इन्हें अच्छी तरह से आता है।
नाक के बीच में तिल
- नाक के बीच में तिल अत्यंत सौभाग्य सूचक होता है। जिन लोगों की नाक के बीचो बीच तिल होता है उन्हें जीवन में सफलता की प्राप्ति होती है।
- ऐसे लोग बड़े बुद्धिमान होते हैं। खासतौर पर जिन महिलाओं की नाक पर बीच में तिल होता है , वो काफी दिलचस्प होती हैं। जमाने का साथ चलना, खुले विचार रखना और नई-नई चीजें करते रहना इन्हें बहुत भाता है।
- नौकरीपेशा महिलाएं जिनकी नाक के बीच में तिल होता है उन्हें कार्यस्थल पर उच्च पद प्राप्त होता है। ऐसी महिलाएं कल्पनाशील होती हैं, इन्हें अपनी तरह से काम करना पसंद होता है और किसी का दखल इन्हें पसंद नहीं होता। इतना ही नहीं, कई बार ऐसी महिलाएं ट्रेंडसेटर भी बन जाती हैं और लोग इन्हें फॉलो करने लगते हैं।
- जिन पुरुषों की नाक के बीच में तिल होता है, ऐसे पुरुष स्वतंत्र विचार के होते हैं, इन्हें यात्रा करने का बहुत शौक होता है। ऐसे पुरुषों को गुस्सा (5 तरीकों से खुद को रखें शांत) भी बहुत जल्दी आता है। इन्हें जीवन में मान-सम्मान और यश प्राप्त होता है।
यह आर्टिकल आपको अच्छा लगा हो तो इसे शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।