शक एक ऐसी समस्या है, जो हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को आग लगा देती है। चाहे आप रिलेशनशिप में हों या फिर शादीशुदा जीवन बिता रही हों, अगर किसी बात पर आपके साथी के दिल में आपको लेकर शक पैदा हो जाए, तो रिश्ते टूटने में देरी नहीं लगती। इस मामले में पुरुषों से ज्यादा महिलाएं शक का शिकार होती हैं। शक होने पर रिलेशनशिप काफी तनावपूर्ण हो जाती है और बात-बात पर गहमागहमी हो जाती है। कई बार शक की वजह से महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार होती हैं, वहीं कुछ मामलों में शक होने पर साथी की हत्या जैसे मामले भी सामने आते हैं।
आज के समय में ऑफिसों में महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पुरुष और महिलाएं कई प्रोजेक्ट्स पर साथ में काम करते हैं। एक ही टीम के होने पर साथ में खाना-पीना, आउटिंग और फिल्म देखने जैसे प्लान बन जाते हैं। ऑफिस में मेलजोल बढ़ने के लिहाज से ये चीजें अच्छी हैं, लेकिन यही चीजें पति या महिला के पुरुष साथी के मन में शक की वजह बन सकती हैं। शक के कारण अगर आपके जीवन में भी तनाव बना हुआ है तो आप इन तरीकों से अपने पति के मन का डर दूर कर सकती हैं-
बातचीत से निकलेगा हल
बात करने से ही बात बनती है। अगर आपका पार्टनर आप पर शक है तो पहले उसकी बातें ध्यान से सुनें और उन्हें एकदम से खारिज नहीं करें। यह जानने की कोशिश करें कि किन चीजों की वजह से पार्टनर आप पर शक करता है। क्या आपके पुरुष साथियों के साथ उठने-बैठने को लेकर उसे ऐतराज है या फिर फोन पर ज्यादा देर तक उनके साथ बातें करने से। अगर कोई ऐसी बात है, तो पहले पार्टनर को शांत हो जाने दीजिए फिर अपनी बात समझाइए। अगर पार्टनर आपकी बात को खारिज करे या उल्टे सवाल करे तो भी कोशिश करें कि शांति से बात करें। इससे आप सार्थक बातचीत की तरफ कदम बढ़ा सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें: नई-नई हुई है शादी तो इन तरीकों से मजबूत करें अपना रिश्ता
क्या शक का कोई ठोस सबूत है?
कई बार पार्टनर का बदला हुआ व्यवहार देखकर साथी को शक होने लगता है, लेकिन कई बार बिनी किसी ठोस वजह के भी पुरुष अपनी पत्नियों पर शक करते हैं। अगर पति के शक के पीछे कोई ठोस तर्क हैं तो आप उस पर स्पष्ट रूप से अपना मत रखिए। लेकिन अगर वह बिना किसी तर्क के आप पर शक कर रहे हैं तो आप उन्हें यह चीज शांतिपूर्ण तरीके से समझाएं।
इसे जरूर पढ़ें: हैप्पी मैरिड लाइफ के लिए कंपैटिबिलिटी अच्छी होना जरूरी, जानें रिलेशनशिप कोच की राय
प्रेम संबंधों में दूरियां भी बनती हैं शक की वजह
कई बार महिलाएं घर-परिवार या फिर अपनी किसी समस्या के कारण शांत रहने लगती हैं और परेशानी पर किसी से बात नहीं करना चाहतीं। अगर आप भी ऐसी ही स्थितियों से गुजर रही हैं तो कोशिश करें कि अपने प्रियजनों से समस्या पर बात करें। इससे आप जल्द रिलैक्स हो जाएंगी और सामान्य तरीके से पेश आएंगी और आपके वैवाहिक जीवन में इसे लेकर कोई समस्या नहीं आएगी।
Recommended Video
जांच-पड़ताल के बाद करें बात
कई बार परिस्थितिवश या निजी जिंदगी से पैदा हुई ऊब के चलते एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन बन जाते हैं। इन रिलेशन्स की वजह से संबंधों में सबसे ज्यादा दरार पड़ती है। अगर इस वजह से आपका साथी आप पर शक कर रहा है तो आपको अपने संबंधों के बारे में गंभीरता से सोचने की जरूरत है। अगर रिलेशनशिप कैजुअल है तो उसे खत्म कर देने में ही समझदारी है और अगर मैरिटल लाइफ में समस्या होने की वजह से एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर हो गया तो आपको अपने लिए ठंडे दिमाग से फैसले लेने की जरूरत है। लेकिन अगर आप इस तरह के रिश्ते में नहीं हैं और पति नाहक ही आप पर शक करता है तो आप उस व्यक्ति की अपने पति से बात करा सकती हैं, जिस पर उन्हें शक है। इससे पति का आप पर भरोसा बढ़ेगा और उसका शक दूर हो जाएगा।
रिलेशनशिप में विश्वास सबसे बड़ी चीज है और इसी के आधार पर पति-पत्नी जिंदगीभर एक-दूसरे के साथ बने रहते हैं। विश्वास को मजबूत करने के लिए आपको अपने पति के साथ ज्यादा वक्त बिताना चाहिए, साथ ही अगर आप उनकी पसंद का खयाल रखें और उनके मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखें तो उनके मन से शक जैसी चीजें पूरी तरह से दूर हो जाएंगी।
अगर आपको यह जानकारी अच्छी लगी तो इसे जरूर शेयर करें, रिलेशनशिप से जुड़े टिप्स पाने के लिए विजिट करती रहें हरजिंदगी।
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।