कंडे और इन चीजों से मिलाकर बनाएं होममेड धूप, आस्था के साथ होगी बचत

सभी धर्म में पूजा-पाठ करने का महत्व और विधि अलग होती है। लोगों की आस्था और विश्वास पूजा-पाठ एवं धर्म से जुड़ी हुई होती हैं। अगर बात हिंदू धर्म की करें तो यहां हर सुबह भगवान के शृंगार से पूजा प्रारंभ होती है। वहीं उनके शृंगार और पूजा के लिए कई तरह की पूजन सामग्री का उपयोग होता है। इन सामग्रियों में विशेष रूप से गंगाजल, फूल, बेलपत्र, हल्दी, चंदन, कुमकुम, दीप और अगरबत्ती का इस्तेमाल किया जाता है। इन्हीं सभी चीजों में धूप का भी इस्तेमाल विशेष रूप से किया जाता है। धूप का उपयोग न केवल भगवान की आरती के लिए किया जाता है बल्कि घर को महकाने के लिए भी करते हैं।
धूप में एंटीसेप्टिक गुण मौजूद होते हैं, जो हवा में मौजूद बैक्टीरिया और वायरस को दूर करते हैं। इसके जलने से नकारात्मक ऊर्जा भी दूर होती है। आपको बाजार में अलग-अलग सुगंध की धूप बत्ती मिल जाएंगी, लेकिन कई सारी धूप बत्ती में मिलावट होती है जिसके धुएं से सांस लेने के साथ-साथ कई तरह की अन्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में अब आपको बाजार से महंगी एवं मिलावटी धूप बत्ती खरीदने की जरूरत नहीं है। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कैसे आप घर पर ही आसानी से धूपबत्ती बना सकते हैं।
सूखे फूल से बनाएं धूप बत्ती
सामग्री-
- गेंदे के सूखे हुए फूल 5 से 7
- कपूर 2 से 3
- 1 छोटा टुकड़ा कोयला और गोबर के कंडे का
- तेजपत्ता 1 से 2
- गुग्गल और लोबान
- हवन सामग्री
- चंदन पाउडर
- 2 से 3 चम्मच घी
- 1 चम्मच शहद
- 3 चम्मच तिल का तेल
- पानी 2 से 3 चम्मच
इसे भी पढ़ें- पूजा-पाठ के लिए आप भी घर पर बना सकते हैं सुगंधित अगरबत्ती, जानिए कैसे
धूप बनाने की विधि
- गेंदे के फूल, कपूर कोयला, गोबर के कंडे, तेजपत्ता, गूगल, लोबान, चंदन पाउडर और हवन सामग्री को मिक्सी में डालकर चिकना पीस लें।
- अच्छे से पीसने के बाद छलनी की मदद से सभी को छान लें।
- छाने हुए पाउडर को एक बर्तन में रखें और बाकी बची हुई सामग्री जैसे घी, शहद, तिल का तेल और पानी को पाउडर में डालकर मिक्स करें।
- सभी को अच्छे से मिलाने के बाद इसे धूप का आकार दें। आप तिकोना या स्टिक के आकार में भी धूप बत्ती बना सकते हैं।
- धूप बत्ती बनाने के बाद इसे 1 से 2 दिन के लिए धूप में सुखाएं। धूप बत्ती के सूखने के बाद इसका इस्तेमाल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें-मंदिर को खुशबू से महकाने के लिए घर पर ही बनाएं अगरबत्ती, जानें बनाने का आसान तरीका
धूप बत्ती बनाने के जरूरी टिप्स-
- धूप बत्ती में ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें।
- पाउडर ज्यादा सूखा लगे और आकार बनाने में परेशानी हो तो घी और तिल के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- आप चाहें तो अच्छी खुशबू के लिए तिल के तेल के बदले एसेंशियल ऑयल का उपयोग कर सकते हैं।
- गेंदे के फूल के अलावा आप गुलाब की पंखुड़ी, गुड़हल का फूल, चंपा, चमेली जैसे अन्य फूलों का प्रयोग कर सकते हैं।
- लोबान, गुग्गल और कपूर में प्राकृतिक खुशबू होती है, आप चाहें तो इनकी मात्रा बढ़ा सकते हैं।
- धूप बत्ती को अच्छे से सुखाकर ही इस्तेमाल करें। कच्चा रहने पर जलाने में दिक्कत होगी।
हमें उम्मीद है कि आपको धूप बत्ती बनाने की यह जानकारी पसंद आई होगी, इस आर्टिकल को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर और लाइक जरूर करें। इसी तरह और भी आर्टिकल पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हर जिंदगी के साथ।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।