सफेद प्लास्टिक की कुर्सी पर जम गया है जिद्दी मैल? इन आसान ट्रिक्स से हो जाएगी चकाचक

घर की छत या बालकनी में बैठने के लिए प्लास्टिक की टेबल और कुर्सी का खूब इस्तेमाल होता है। क्योंकि प्लास्टिक की कुर्सी टिकाऊ और सस्ती होती है। साथ ही इसे ज्यादा मेंटेन करने की जरूरत नहीं होती है। यही वजह है कि घर-घर में प्लास्टिक की कुर्सी का इस्तेमाल होता है।
सफेद प्लास्टिक की कुर्सी घर, दुकान और ऑफिस में होना आम है। लेकिन समय के साथ सफेद कुर्सी पर धूल, दाग और जिद्दी मैल जम जाता है, जिसकी वजह से सफेद कुर्सी की चमक फीकी पड़ जाती है। अगर आपके भी घर में सफेद कुर्सी है, जिस पर जिद्दी मैल जम गया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि यहां हम ऐसे टिप्स और ट्रिक्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप घर की सफेद प्लास्टिक कुर्सी को चकाचक कर सकती हैं।
इन आसान ट्रिक्स से चमका सकती हैं सफेद प्लास्टिक की कुर्सी
घर पर सफेद प्लास्टिक की कुर्सी को चमकाने के लिए हमें सबसे पहले नींबू, मीठा सोडा, बर्तन धोने का साबुन, मल्टी परपज क्लीनर, ऑक्सीजन बेस्ड ब्लीच और व्हाइट विनेगर की जरूरत होगी। ये सामान इकठ्ठा करने के बाद बाल्टी, स्पंज, मुलायम ब्रिसल वाला ब्रश, तौलिया, रबर के दस्ताने और स्प्रे बोतल भी जरूरत पड़ेगी।
इसे भी पढ़ें: काले हुए पूजा के बर्तन को इस लाल रंग के पाउडर से करें फटाफट साफ, समय से पहले होगा काम
सफाई की प्रक्रिया शुरू करने से पहले किसी खुली जगह पर प्लास्टिक बिछा लें और फिर वहां कुर्सी रख दें। इससे आपके घर का फर्श नहीं खराब होगा और कुर्सी की सफाई भी हो जाएगी।
विनेगर और पानी
अगर आपकी कुर्सी पर फंगस या फफूंद लगी है, तो स्प्रे बोतल में 25 परसेंट पानी और 75 परसेंट व्हाइट विनेगर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। अब इस घोल को कुर्सी पर अच्छे से स्प्रे करें और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। टाइम पूरा होने के बाद कुर्सी को पानी से अच्छी तरह साफ कर लें।
आप चाहें तो विनेगर की जगह नींबू का रस भी इस्तेमाल कर सकती हैं, क्योंकि खटास मैल और गंदगी को काटती है। इसके लिए थोड़ा-सा डिटर्जेंट पाउडर लें और उसमें नींबू का रस अच्छे से मिक्स कर लें। डिटर्जेंट और नींबू के रस के घोल को कुर्सी के जिद्दी दागों पर लगाएं। अब हल्के गीले स्पंज की मदद से कुर्सी के दागों को साफ करें।
मीठा सोडा
अगर आपकी सफेद प्लास्टिक कुर्सी पर जिद्दी मैल जमा है, तो आप बेकिंग सोडा या मीठा सोडा की मदद ले सकती हैं। क्योंकि बेकिंग सोडा मैल और दाग को हटाने में मदद करता है। कुर्सी को चकाचक करने के लिए दाग पर सूखा सोडा छिड़कें और फिर कुछ देर बाद हल्के गीले स्पंज की मदद से रगड़ें। दाग हल्के पड़ने पर कुर्सी को पानी से धो दें।
इसे भी पढ़ें: घर साफ करने के लिए नहीं मिलता है समय? 2 घंटे में ऐसे करें साफ
बर्तन धोने वाला साबुन
कुर्सी चमकाने के लिए बर्तन धोने वाला साबुन भी काम आ सकता है। इसके लिए एक कटोरी में साबुन और पानी मिला लें। अब एक स्पंज को साबुन के घोल में डुबोकर कुर्सी पर रगड़ें, इससे जिद्दी मैल हटाने में मदद मिल सकती है। आखिरी में कुर्सी को पानी से धोकर सुखा लें।
ऑक्सीजन बेस्ड ब्लीच
अगर आपके घर की सफेद कुर्सी पर बहुत ही जिद्दी मैल जमा है और आसान घरेलू नुस्खों से साफ नहीं हो रहा है, तो आप ऑक्सीजन बेस्ड ब्लीच की मदद भी ले सकती हैं। इसके लिए एक बाल्टी में पानी लें और उसमें एक कप ऑक्सीजन ब्लीच मिलाएं। अब रबड़ के दस्ताने यानी ग्लव्स पहनकर एक स्पंज या मुलायम ब्रिसल वाले ब्रश को ऑक्सीजन ब्लीच वाले घोल में डुबोएं और फिर कुर्सी पर रगड़ें।
ऑक्सीजन ब्लीच वाले इस घोल को कुर्सी पर कम से कम 15 मिनट के लिए लगा रहने दें। अब कुर्सी को पानी से अच्छी तरह धो लें और फिर कपड़े से सूखा दें।
अगर आपके घर की कुर्सी ज्यादा गंदी है, तो आप इन ट्रिक्स को एक से ज्यादा बार भी आजमा सकते हैं। सफेद प्लास्टिक की कुर्सी को चकाचक कैसे किया जा सकता है, यह आप समझ ही गई होंगी। हमारी स्टोरी से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के नीचे दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे।
अगर आपको स्टोरी अच्छी लगी है, इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हर जिंदगी से।
Image Credit: Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।