Crimes of Year 2024: कोलकता रेप केस से लेकर सीरियल किलर तक, इस साल महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों ने कर दी हैं हदें पार

साल 2024 भी बीते कई सालों की तरह महिलाओं के लिए अच्छा नहीं रहा। इस साल भी बिल्कुल उसी तरह महिलाओं के साथ अपराध हुए, जैसे हर साल होते हैं। आखिर कब तक ये चलता रहेगा?
image

Year Ender 2024: अब हम साल 2024 के अंतिम महीने में आ गए हैं। लोग जोरों-शोरों से नए साल की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन क्या वाकई हम एक ऐसे समाज में रह रहे हैं जहां नए साल की खुशी मनानी चाहिए? आज ही की बात ले लीजिए। अगर आज आप अखबार खोलकर देखेंगे, तो कोई ना कोई खबर उसमें ऐसी आ ही जाएगी जो बताए कि महिलाओं पर कितना अत्याचार हो रहा है। भारत में महिलाओं को लेकर हो रही हिंसा आम है। आए दिन कोई ना कोई खबर सुनने मिल ही जाती है। घर, सड़क, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, ऑफिस, टूरिस्ट प्लेस जगह चाहे जो भी हो, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।

क्या आपको पता है साल 2024 में ही कितने अपराध महिलाओं के खिलाफ हुए हैं। ऐसे अपराध जिन्होंने साधारण जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। ऐसे अपराध जिनकी वजह से किसी की जिंदगी तबाह हो गई, लेकिन समाज को शायद कोई फर्क नहीं पड़ा। ऐसे अपराध जो इंसानियत को शर्मसार कर रहे हैं। आज हम ऐसे ही अपराधों की बात कर रहे हैं क्योंकि नए साल की खुशियां मनाने से पहले यह जान लेना भी जरूरी है कि असल में हमारी जिंदगी में क्या हो रहा है।

सीरियल किलर केस

अक्टूबर से नवंबर 2024 के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में 5 कत्ल होते हैं। सभी कत्ल ट्रेन्स से जुड़े होते हैं। ये एक ऐसे सीरियल किलर की बात है जिसने एक महीने में पांच कत्ल करके 6 राज्यों की पुलिस को सक्ते में डाल दिया। एक 19 साल की लड़की के साथ रेप किया, फिर ट्रेन में ही उसका कत्ल कर दिया। विक्टिम ट्यूशन से अपने घर वापस जा रही थी।

indian women and crime

इसे जरूर पढ़ें- भीड़ में गलत तरह से छूने से लेकर अजीब नजरों से देखने तक...... इन महिलाओं ने मेट्रो में हुई छेड़खानी के खिलाफ उठाई आवाज

गुजरात के वापी से इस सीरियल किलर को पकड़ा गया। हरियाणा का राहुल सिंह जाट इस महीने की शुरुआत में वलसाड रेलवे स्टेशन के पास एक लड़की के रेप और हत्या के आरोप में पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि इसने महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक में भी ऐसे ही काम किए हैं। आखिरी मर्डर तेलंगाना में अपनी गिरफ्तारी से दो दिन पहले किया। ये घटना बताती है कि एक अपराधी कितनी आसानी से एक के बाद एक कत्ल करते हुए आगे बढ़ता रहा। इस मामले में हमें पुलिस की भी तारीफ करनी होगी क्योंकि उन्होंने अपनी मुश्तैदी के कारण ही इस किलर को पकड़ा।

कोलकता रेप-मर्डर केस

कोलकता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुआ रेप और मर्डर कितना भयावह था वो तो आपको पता होगा। अगस्त में हुआ यह जघन्य अपराध पूरे देश को सक्ते में डाल गया। ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए इस अपराध के बाद पूरे देश में डॉक्टर्स ने हड़ताल भी की और पूरे देश में विरोध प्रदर्शन भी हुए। जिस बेरहमी से डॉक्टर को मारा गया था उसके बाद नए कानून बनाने की बात भी हुई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ भी लिया और इस मामले में अभी तक कानूनी कार्यवाही चल रही है। इस क्राइम ने पूरी दुनिया के सामने यह सच्चाई लगाकर खड़ी कर दी कि महिलाएं अपने कार्यक्षेत्र में भी सुरक्षित नहीं हैं।

crime for women in india

स्पैनिश टूरिस्ट झारखंड केस

मार्च 2024 की यह घटना है। स्पैनिश टूरिस्ट अपने पति के साथ भारत में बाइक टूर कर रही थी और उसके साथ 7 लोगों ने झारखंड के एक गांव के पास गैंगरेप किया। उसके पति को पीटा और घटना का वीडियो भी वायरल कर दिया। पुलिस के पास ना जाने की धमकी भी दी। यही नहीं इस घटना के बाद लोगों ने जब आक्रोश जाहिर किया तब भी पूरी तरह से इस केस की तह तक नहीं पहुंच पाए। देश और विदेश में इससे भारत की छवि कितनी अच्छी हुई होगी, ये तो हम सभी जानते हैं।

इस घटना को झारखंड के कुछ लोगों ने झूठा ठहराने की भी कोशिश की। अभी तक मामले की सुनवाई ही चल रही है। स्पैनिश टूरिस्ट के साथ जो हुआ वो इस देश में किसी के साथ भी हो सकता है।

बदलापुर असॉल्ट केस

यह मामला है बदलापुर में नर्सरी क्लास की दो बच्चियों के साथ हुए असॉल्ट का। हमारे देश में बच्चियों के बड़े होने की जरूरत नहीं है। बचपन में ही उनके साथ जो होता है वो उन्हें जिंदगी भर का ट्रॉमा देने के लिए काफी है। बदलापुर में दो बच्चियों के साथ असॉल्ट करने वाले आरोपी की लिंचिंग कर दी गई। इसे लेकर बहुत बड़ा आंदोलन किया गया और अब मामला कोर्ट में है।

नरेला रेप और हत्याकांड

एक 10 साल की बच्ची घर से गायब होती है। अपने घर के पास खेल रही बच्ची को उससे तीन गुनी उम्र के आदमी उठा ले जाते हैं। सबसे पहले उसके साथ बलात्कार किया जाता है, फिर उसके चेहरे को कुचल-कुचल कर बर्बाद कर दिया जाता है। लड़की घर से 9 बजे के बाद गायब होती है और रात को 12 बजे तक घर वाले पुलिस के पास पहुंच जाते हैं। इस बारे में लड़की के घर वालों को कोई जानकारी नहीं है। लड़की को अगवा कर उसकी हत्या करने वाले लोगों ने उसके चेहरे को इतनी बुरी तरह से कुचल दिया था कि उसे पहचानना मुश्किल था। उसके घर वालों ने भी उसकी शिनाख्त कपड़ों से की। नरेला मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और अभी भी कार्यवाही चल रही है।

indian crime against women

इसे जरूर पढ़ें- Fight Back: मेट्रो स्टेशन पर मनचले कर रहें छेड़खानी, तो घबराएं नहीं तुरंत अपनाएं ये उपाय

उत्तराखंड रेप केस

कोलकता डॉक्टर केस की तरह उत्तराखंड के रुद्रपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में बतौर नर्स काम करने वाली एक महिला के साथ भी काम से वापस लौटते समय यही हुआ। 30 जुलाई को उसे रास्ते से अगवा कर लिया गया और 8 अगस्त को उसका क्षत-विक्षत शरीर पास के एक गांव में मिला। नर्स की गलती सिर्फ इतनी थी कि वह अपनी ड्यूटी करके वापस आ रही थी।

ऐसे एक दो नहीं हजारों मामले होंगे जहां महिलाओं के साथ किसी ना किसी तरह का अत्याचार हुआ है। महिलाओं को बुरी तरह से मार डाला गया है। हम एक ऐसे समाज का हिस्सा हैं जहां रेप, हत्या, अपहरण सब कुछ आम बात है। आप खुद ही सोच लीजिए कि किस तरह से देश से तीन लाख लड़कियां गायब हो जाती हैं और उनका कुछ पता ही नहीं चलता। वो अभी कहां हैं, उनके साथ क्या हो रहा है इसके बारे में किसी को कुछ नहीं पता।

घर ही लड़कियों के लिए सबसे असुरक्षित जगह

लोग कहते हैं घर से बाहर ना निकलो तो काम ठीक है, लेकिन यूनाइटेड नेशन की एक रिपोर्ट मानती है कि घर ही लड़कियों के लिए सबसे असुरक्षित जगह है। ग्लोबल फेमिसाइड रिपोर्ट मानती है कि लगभग 60 प्रतिशत महिलाएं (85000 में से 60%) जिनकी हत्या 2023 में हुई थी उन्हें किसी इंटिमेट पार्टनर या परिवार वाले ने मारा है। 36 पेज की इस पीडीएफ रिपोर्ट में बताया गया है कि 2023 में हर दिन 140 महिलाओं को मौत के घाट उतारा गया है।

अब खुद सोच लीजिए, क्या हमें अभी भी अपने समाज को बेहतर बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए?

अगर हमारी स्टोरीज से जुड़े आपके कुछ सवाल हैं, तो आप हमें आर्टिकल के ऊपर दिए कमेंट बॉक्स में बताएं। हम आप तक सही जानकारी पहुंचाने का प्रयास करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

HzLogo

HerZindagi ऐप के साथ पाएं हेल्थ, फिटनेस और ब्यूटी से जुड़ी हर जानकारी, सीधे आपके फोन पर! आज ही डाउनलोड करें और बनाएं अपनी जिंदगी को और बेहतर!

GET APP