Sat Sep 12, 2026 | Updated 12:03 AM IST

घर पर कैसे बनाएं 3 तरह का पिज्जा

अगर आप घर पर ही अलग-अलग तरह से पिज्जा बनाना चाहते हैं तो ये सारे ट्रिक्स आपके लिए काफी मददगार साबित होंगे। 
Updated:- 2021-09-14, 13:02 IST
how to make pizza at home

बच्चों को घर पर पिज्जा और बर्गर खाना बहुत अच्छा लगता है और ये एक ऐसी डिश है जिसे कई लोग पसंद करते हैं। अलग-अलग टॉपिंग्स के साथ माइक्रोवेव में पिज्जा रखकर घर पर भी पकाया जाता है, लेकिन वो लोग क्या करें जिनके पास माइक्रोवेव है ही नहीं। उन लोगों के लिए ये काफी मुश्किल है जिनके घर में माइक्रोवेव या तंदूर ओवन नहीं है। कढ़ाई में पिज्जा, पैन में पिज्जा बनाने के बारे में आपने सुना तो होगा, लेकिन हम आपको इसे बनाने के सही तरीके के बारे में बताएंगे।

आज हम आपको तीन अलग-अलग तरह से पिज्जा बनाने की रेसिपी के बारे में बताएंगे जो आपके लिए बहुत अच्छी साबित हो सकती हैं। आपको बस ये ध्यान रखना होगा कि जिस भी बर्तन में इसे बनाएं वो या तो कास्ट आयरन का हो जिसकी सीजनिंग सही तरह से की गई हो या फिर नॉन स्टिक हो।

इसके अलावा स्टील या एल्युमीनियम के बर्तनों में इसे बनाने की कोशिश ना ही करें तो बेहतर होगा।

pan pizza eays ways

1. पैन पिज्जा बनाने का तरीका-

सीक्रेट इंग्रीडिएंट- बेकिंग सोडा और नींबू का रस

यहां आपको ध्यान इस बात का देना है कि आपको अपनी पसंद की कोई भी टॉपिंग (वेज या नॉन वेज) इस हिसाब से डालनी है कि आपका बेस कितना मोटा है।

बनाने की विधि-

  • सबसे पहले 2 कप मैदा, 3/4 कप गुनगुना पानी, 1 छोटा चम्मच नमक, 1/2 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा और 1/2 छोटा चम्मच नींबू का रस डालकर नरम आटा गूंथे।
  • इस आटे को गीले कपड़े से ढक कर 20-25 मिनट के लिए अलग रख दें।
  • अब इसे निकालें और ये स्ट्रेच होने लायक कंसिस्टेंसी में नहीं है तो इसे थोड़ी और देर के लिए नम उंगलियों से अलग रख दें।
  • अब इसे पिज्जा बेस के शेप में रखें।
  • नॉन स्टिक या कास्ट आयरन पैन में 2 चम्मच तेल डालकर इसे पैन में रखें और 3-4 मिनट एक साइड से पकाएं फिर फ्लिप कर दें।
  • अब इस साइड को केचअप या पिज्जा सॉस से कवर कर अपने पसंद की टॉपिंग्स डालें और साथ में मॉजरेला चीज़ भी डालें।
  • अब इसे ढक्कन लगाकर 4-5 मिनट के लिए पकाएं।
  • ध्यान रहे कि आपको गैस हाई फ्लेम पर नहीं रखनी है क्योंकि अगर आपने ऐसा किया तो पिज्जा बेस जल जाएगा।

इसे जरूर पढ़ें- आलू के ये फूड हैक्स क्या जानते हैं आप?

pizza and pan issues

2. होल व्हीट पिज्जा

सीक्रेट इंग्रीडिएंट- ईनो जिसे हम ईस्ट की तरह इस्तेमाल करेंगे।

बनाने की विधि-

  • ये पिज्जा हम गेहूं के आटे से बनाएंगे जिससे इसे थोड़ा हेल्दी ऑप्शन कहा जा सकता है।
  • आपको 2 कप गेहूं का आटा लेना है जिसमें 1/2 छोटा चम्मच ईनो पाउडर मिलाना है।
  • इसी के साथ, 1/2-1/2 चम्मच नमक और शक्कर भी, 3 चम्मच दही, 2-3 चम्मच तेल और 1 कप गुनगुना पानी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। यहां भी ध्यान रखना है कि आटा स्ट्रेच होना चाहिए।
  • अब इसे 20 मिनट के लिए अलग रख दें और उसके बाद उंगलियों पर तेल लगाकर इसे निकालें और हाथों की मदद से पिज्जा बेस बनाएं।
  • अब कढ़ाई के बेस में 1-2 कप नमक डालें और उसे स्लो फ्लेम पर प्रीहीट होने दें।
  • इसके बाद आप उसमें एक स्टैंड रखें और पिज्जा बेस में फोर्क की मदद से होल्स बनाकर उसे स्टैंड में रख दें।
  • अब कढ़ाई को ऊपर से ढक दें। ये ठीक वैसा ही मेकेनिज्म है जैसा कढ़ाई में केक बनाते समय इस्तेमाल किया जाता है।
  • अब जैसे ही पिज्जा बेस थोड़ा सा पक जाए और दोनों साइड से टॉस हो जाए वैसे ही सॉस, सब्जियां, चीज़ आदि टॉपिंग्स पिज्जा में डालें।
  • अब इसे 5-7 मिनट के लिए और पकाएं और उसके बाद इसे निकालकर सर्व करें।

इसे जरूर पढ़ें- घर पर झटपट बनाएं दही ब्रेड उपमा

3. ब्रेड पिज्जा

सीक्रेट इंग्रीडिएंट- सूजी

हम यहां सूजी का इस्तेमाल कर ब्रेड की मदद से पिज्जा बेस बनाएंगे और इसमें भी आप उसी तरह की टॉपिंग्स डाल सकते हैं जैसी आप नॉर्मल पिज्जा में डालेंगे। सूजी के आने से इसमें क्रिस्पीनेस और कंसिस्टेंसी दोनों आ जाएगी।

बनाने की विधि-

  • 1 कप सूजी को 1/3 कप दही के साथ मिक्स करें और इसमें चुटकी भर बेकिंग पाउडर मिलाएं।
  • अब इसे 10-12 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर ब्रेड के स्लाइस लेकर आप उन्हें पूरी तरह से सूजी से कोट कर लें।
  • एक पैन में तेल गर्म कर इन स्लाइस को दोनों साइड से थोड़ा सा पकाएं जब तक ये क्रिस्पी ना हो जाए।
  • अब इसमें अपने पसंद की टॉपिंग्स और चीज़ डालकर थोड़ी देर पकाएं।
  • ध्यान रहे इसे भी लो फ्लेम में ही पकाना है।

ये तीनों तरीके ऐसे हैं कि आपको इसमें ओवन की जरूरत नहीं पड़ेगी और आप अपने पसंद की टॉपिंग्स से स्क्रैच से पिज्जा बना सकते हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी हो तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।