घर पर इन टिप्स को फॉलो कर बनाएं परफेक्ट गाजर का हलवा

मैं मान ही नहीं सकती कि कोई कह दे उन्हें गाजर का हलवा पसंद नहीं है! गाजर का हलवा एक ऐसा डेजर्ट है जो सर्दियों के मजे को दोगुना कर देता है। अगर रात के खाने के बाद, गाजर का हलवा मिल जाए तो फिर तो नींद भी एकदम पक्की आना तय है...। दिल्ली जैसी जगहों पर तो हर कूचे और गली में गाजर का हलवा अपने ठेले पर जमाए दुकानदार बैठे रहते हैं। ड्राई फ्रूट्स से भरा हलवा लोग पसंद भी बहुत करते हैं।
भारतीय घरों में तो गाजर का हलवा खूब बनाया जाता है। हालांकि कई लोगों से इसके स्वाद में थोड़ी बहुत कमी रह ही जाती है। क्या आप परफेक्ट गाजर का हलवा बनाना जानती हैं? अगर नहीं तो कोई बात नहीं, हम आपके लिए ऐसे टिप्स और ट्रिक्स लेकर आए हैं, जिनसे आप गाजर का हलवा परफेक्ट तरीके से बनाना सीख जाएंगी। चलिए फिर जान लेते हैं परफेक्ट गाजर का हलवा बनाने का तरीका।
इस तरह चुनें गाजर
- गाजर का हलवा बना रही हैं, तो जायज है कि बिना गाजर के तो वो बनेगा ही नहीं...। गाजर चुनते वक्त हमेशा कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें, जैसे-
- गाजर बहुत ज्यादा मोटी-मोटी न खरीदें और गाजर एकदम लाल होनी चाहिए। फीकी रंग की गाजर से स्वाद नहीं आएगा।
- ध्यान रखें कि गाजर लंबी और थोड़ी पतली हो। साथ ही उनके टॉप पर हरी पत्तियां जरूर जांच लें। हरी पत्तियों का मतलब फ्रेश से है।
दादी मां के टिप्स
- गाजर को पहले अच्छी तरह से साफ करें और उसके बाद उसे पीलर से छील लें। उसे साफ पेपर टावल पर रखकर सुखा लें।
- कद्दूकस करते वक्त ग्रेटर के मोटे हिस्से का इस्तेमाल करें। इससे गाजर एकदम नहीं पकेगा और खिचड़ी जैसा नहीं बनेगा।
- गाजर के हलवे के लिए दूध हमेशा फुल क्रीम वाला लें। इससे हलवे का स्वाद बढ़ेगा और हलवा क्रीम और रिच बनेगा।
बिल्कुल न करें ये गलतियां
- अगर आप मावा का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, तो फिर चीनी ज्यादा न डालें, इससे हलवा बहुत मीठा हो जाएगा।
- घी की कंजूसी बिल्कुल न करें। गाजर भूनने के लिए आप अच्छी अमाउंट में घी लें।
- गाजर का हलवा पकाते समय धैर्य से काम लें। आपको यह ध्यान रखना होगा कि यह एक समय लेने वाली रेसिपी है।
- गाजर के हलवे को तब तक भूनें, जब तक गाजर का रंग ऑरेंज से डार्क ऑरेंज न हो जाए।
इसे भी पढ़ें :बनाना चाहती हैं परफेक्ट दाल का पराठा तो फॉलो करें ये सिंपल टिप्स
डालें ये स्पेशल सामग्री
यह बात आपको किसी ने नहीं बताई होगी। गाजर का हलवा जब भी बनाएं तो गाजर भूनने के बाद उसमें दूध डालने से पहले आधी कटोरी मलाई डाल दें। इससे स्वाद एन्हांस होगा और गाजर का हलवा क्रीमी और रिच लगेगा।
गाजर का हलवा रेसिपी
सामग्री
- आधा किलो गाजर ग्रेट किया हुआ
- 6 कप दूध
- काजू और बादाम बारीक कटे
- चीनी 4 बड़े चम्मच
- घी 3 बड़े चम्मच
- आधा कप ताजी मलाई
इसे भी पढ़ें :जानें परफेक्ट अंडा पराठा बनाने के टिप्स और ट्रिक्स
बनाने का तरीका
- सबसे पहले गाजर को अच्छे से धोकर, सुखाकर ग्रेट कर लें।
- अब एक कुकर या गहरे पैन में घी गर्म करें।
- घी गर्म होते ही उसमें कसा हुआ गाजर डालें और गाजर को धीमी आंच पर लगभग 20 मिनट तक भूनें।
- जब गाजर का रंग थोड़ा गहरा हो जाए, तो उसमें चीनी डालकर फिर 2-3 मिनट के लिए पकाएं।
- अब मलाई डालें और कुछ देर इसे फिर से पका लें। आखिर में दूध डालकर गाजर के हलवे को ड्राई होने तक पकाएं।
- जब गाजर का हलवा थोड़ा क्रीमी दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालें और सर्व करें।
हमारी बताई गई आसान टिप्स को फॉलो करके आप भी अच्छा और स्वादिष्ट गाजर का हलवा तैयार कर अपने बच्चों को खिला सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।