Easy Tips: दिवाली के लिए घर पर क्रिस्पी जलेबी बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

भारत में जब भी मिठाई की बात आती है तो सबसे पहले जलेबी ही याद आती है। ऐसा हो भी क्यों न, जलेबी स्वाद में इतनी लाजवाब जो होती है। जब इस स्वाद से भरी जलेबी में क्रिस्पी का फ्लेवर मिल जाए तो बात ही क्या है। जी हां, जलेबी जब तक क्रिस्पी न हों तब तक वो टेस्टी भी नहीं लगती हैं। क्रिस्पी जलेबी का मज़ा दही के साथ लेने की बात सोचते ही आपके मुंह में पानी जरूर आ गया होगा।
अगर हां, तो आप ये भी सोच रहे होंगे कि जलेबी कैसी बनाई जाए कि वो स्वाद के साथ क्रिस्पी भी बनी रहे। तो आइए आज हर ज़िन्दगी के फ़ूड स्कूल की क्लास में आपको कुछ ऐसी आसान टिप्स बताते हैं जिनसे आप मिनटों में क्रिस्पी जलेबी तैयार कर सकती हैं। कुछ दादी और नानी के नुस्खे, कुछ ऐसी बातें जो जलेबी बनाते समय जरूर ध्यान रखनी चाहिए और कुछ ऐसी सामग्रियां जो आपकी जलेबी में स्वाद का तड़का लगा देंगी। ऐसे ही कुछ टिप्स हम आपसे शेयर करने जा रहे हैं। तो आप भी तैयार हो जाइए इन आसान टिप्स के साथ दिवाली के त्योहार में क्रिस्पी और स्वादिष्ट जलेबी का लुत्फ़ उठाने के लिए।
कैसे तैयार करें बैटर
- जलेबी बनाने के लिए सबसे जरूरी है इसका बैटर यानी कि घोल तैयार करना। इसलिए आप जब भी इसका बैटर तैयार करें तो आपको इस बात का ध्यान रखना है कि इसे ज्यादा पतला न करें। ज्यादा पतला बैटर जलेबी बनाते समय कढ़ाही में फ़ैल जाता है और जलेबी ठीक से नहीं बन पाती हैं।
- अगर आप सूजी की जलेबी बना रही हैं तो आपको सूजी और दही मिलाकर कम से कम 15 मिनट के लिए ढककर रखना चाहिए। ढक कर रखने से दही सूजी में अच्छी तरह से मिक्स हो जाता है और जलेबी क्रिस्पी बनती हैं।
- यदि आपको लगता है कि सूजी फूल कर बैटर ज्यादा गाढ़ा हो गया है तो आप इसमें थोड़ा और दही मिला सकती हैं।
इसे जरूर पढ़ें:Utsav Recipes: इस दिवाली अपने बच्चों के लिए स्वादिष्ट अंगूरी रसमलाई तैयार करें
दादी मां की आसान ट्रिक

ट्रिक -1 -
- स्वादिष्ट जलेबी बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में सूजी और मैदा को अच्छी तरह से मिलाएं और उसमें दही मिक्स करें। जरूरत के हिसाब से इस मिश्रण में पानी या दही डालें और घोल तैयार करें। दादी मां की ट्रिक के हिसाब से अगर आप मैदे की जलेबी बना रही हैं तब भी उसमें थोड़ी सी सूजीजरूर मिलाएं।
- सूजी मिलाकर तैयार की गई जलेबी हमेशा क्रिस्पी बनती है। जलेबी बनाने के लिए कोन थोड़ा पतला ही होना चाहिए, मोटे आकार के कोन से बनी जलेबी कभी -कभी पकने में कच्ची रह जाती है और क्रिस्पी नहीं बनती है।
ट्रिक -2-
जलेबी को कढ़ाही में तलते समय हमेशा गैस की फ्लेम को मध्यम रखना चाहिए। अगर आप गैस की फ्लेम तेज रखेंगी तो जलेबियां जलने लगेंगी और अंदर से कच्ची रह जाएंगी।
इसे जरूर पढ़ें:Utsav Recipes: बच्चों के लिए टेस्टी बिस्कुट लड्डू घर में मिनटों में बनाएं
न करें ये गलतियां
- कभी भी जलेबी बनाते समय तुरंत बैटर तैयार करते ही जलेबी न बनाएं। इसके बैटर को कम से कम 20 मिनट के लिए दही मिलाकर ढक कर रखें।
- जलेबी की चाशनी बहुत गाढ़ी नहीं होनी चाहिए। चाशनी एक तार की ही बननी चाहिए। इसलिए चाशनी को बहुत देर तक न पकाएं।
- जलेबी को चाशनी में बहुत देर के लिए डालकर न छोड़ें। लगभग 2 मिनट के लिए ही इसे चाशनी में डुबोएं। ज्यादा देर चाशनी में डुबोकर रखने से ये सॉफ्ट हो जाती हैं।
इन स्पेशल सामग्रियों से बढ़ाएं जलेबी का स्वाद

- दादी मां की स्पेशल ट्रिक में जलेबी का स्वाद बढ़ाने के लिए एक सामग्री का इस्तेमाल होता है। वो सामग्री है केसर, आप जब भी जलेबी बनाएं इसके ऊपर से केसर के कुछ धागे जरूर डालें। ये जलेबी के स्वाद को बढ़ाने में मदद करते हैं।
- इसके साथ चाशनी बनाते समय अगर आप एक चुटकी इलायची पाउडर डालती हैं तो ये चाशनी और जलेबी के स्वाद को बढ़ा देता है। (बचे हुए चावल की जलेबी)
कैसे बनाएं जलेबी
आवश्यक सामग्री
- मैदा -1 कप
- सूजी -1 /2 कप
- दही 1 1 /2 कप
- बेकिंग सोडा -1 /4 चम्मच
- पानी -आवश्यकतानुसार
- तेल या घी -आवश्यकतानुसार
- केसर के धागे -8 -10
- इलायची पाउडर -1 /2 चम्मच
- छेद किया हुआ मोटा कपड़ा या जलेबी कोन -1
- चीनी -1 1 /2 कप
बनाने का तरीका

- सबसे पहले मैदा, सूजी और दही को अच्छी तरह से आपस में मिक्स करके पेस्ट बनाएं।
- तैयार पेस्ट को कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रखें।
- 20 मिनट बाद कढ़ाही में तेल गरम करें और जलेबी के बैटर को कपड़े या कोन में भरकर जलेबियों का आकार देते हुए कढ़ाही में डालें।
- गैस की फ्लेम धीमी करें और जलेबी गोल्डन होने तक पकाएं।
- गैस में दूसरी तरफ पानी और चीनी डालकर एक तार की चाशनी तैयार करें और उसमें थोड़ा इलायची पाउडर मिलाएं।
- जलेबी गोल्डन होने पर कढ़ाही से निकाल लें और गरम चाशनी में 1 से 2 मिनट के लिए डालकर निकाल लें।
- एक-एक करके जलेबियां (सूजी की इंस्टेंट जलेबी) कढ़ाही से निकालकर चाशनी में डालें और गरमा-गरम सर्व करें।
इन ट्रिक्स से आप मिनटों में क्रिस्पी और टेस्टी जलेबी तैयार कर सकती हैं और त्योहार का भरपूर मज़ा उठा सकती हैं।
अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।
Image Credit: freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।