Fri Sep 11, 2026 | Updated 11:02 PM IST

Aam Panna Ki Recipe: घर पर इस तरह से तैयार करें आम पन्ना, रेडीमेड लेने की नहीं होगी जरूरत

नींबू पानी, लस्सी, छाछ और आम पन्ना...ये कुछ ड्रिंक्स हैं जो गर्मियों में खूब पसंद की जाती हैं। चलिए आज आपको बताएं कि आप घर पर आम पन्ना कैसे बना सकते हैं। इसे बाद, आपको रेडीमेड आम पन्नी खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी।
Updated:- 2025-05-02, 17:47 IST
image

गर्मियों की दोपहर में जब लू चल रही हो, माथे पर पसीने की धार हो और शरीर थकावट से चूर हो, तब अगर कोई एक देसी ड्रिंक राहत की तरह सामने आती है, तो वो है आम पन्ना।

कच्चे हरे आम से बनने वाली यह खट्टी-मीठी ड्रिंक न सिर्फ स्वाद में जबरदस्त होती है, बल्कि गर्मी के असर से बचाने वाला एक घरेलू आयुर्वेदिक नुस्खा भी है।

बचपन की गर्मियों में नानी के घर जाने पर यही वेलकम ड्रिंक हमारे लिए बनाई जाती थी। भुना जीरा, काला नमक, पुदीना और थोड़ी-सी मिश्री घोलकर नानी इस स्वादिष्ट ड्रिंक को तैयार करती थीं। आज कभी आम पन्नी पीने का मन करता है, तो बाजार से रेडीमेड प्रोडक्ट खरीद लिया जाता है, लेकिन वह स्वाद अक्सर मिस हो जाता है।

हमें यकीन है आपकी भी इस ड्रिंक के साथ कई यादें होंगी। अगर आप उस याद को फिर जीना चाहती हैं, तो आम पन्ना घर पर बनाकर देखें। चलिए फिर कच्चे आम के साथ शुरू कीजिए एक स्वादभरा सफर और जानिए कैसे आप भी घर पर बना सकती हैं स्वादिष्ट आम पन्ना।

आम पन्ना क्या होता है?

what is aam panna

आम पन्ना एक ट्रेडिशनल समर ड्रिंक है, जो कच्चे हरे आमों को उबालकर, उन्हें मसलकर और मसालों के साथ मिलाकर बनाया जाता है। इसमें आम की खटास, पुदीने की ताजगी, भुने जीरे की खुशबू और गुड़ या चीनी की मिठास मिलकर एक ऐसा ड्रिंक तैयार करती है जो शरीर को ठंडक देता है, लू से बचाता है और डाइजेशन भी सुधारता है।

इसे भी पढ़ें: कच्चा ही नहीं पके आम का पन्ना भी है मशहूर, जानें बनाने की खास विधि

आम पन्ना बनाने के लिए आवश्यक सामग्री:

  • 3-4 मध्यम आकार के कच्चे हरे आम
  • 1/2 कप गुड़ या स्वादानुसार चीनी
  • 1/2 चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • 1/2 चम्मच काला नमक
  • 1/4 चम्मच काली मिर्च पाउडर
  • कुछ पुदीने की पत्तियां
  • ठंडा पानी आवश्यकतानुसार
  • आइस क्यूब सर्व करने के लिए

आम पन्ना बनाने का तरीका-

tricks to make aam panna

  • सबसे पहले कच्चे आमों को अच्छी तरह धो लें और उन्हें प्रेशर कुकर या पैन में उबालें। 3-4 सीटी आने तक पकाएं।
  • ठंडा होने पर आमों का छिलका निकाल लें और गूदा एक बाउल में निकाल लें।
  • अब आम के गूदे में गुड़ या चीनी, भुना जीरा, काला नमक, काली मिर्च और पुदीने की पत्तियां मिलाकर मिक्सर में पीस लें।
  • यह मिक्सचर आपका आम पन्ना का कॉन्सन्ट्रेट बन जाएगा। इसे आप एयरटाइट बॉटल में स्टोर कर सकती हैं।
  • जब पीना हो, तो 2-3 चम्मच इस मिक्सचर को एक ग्लास ठंडे पानी में मिलाएं, बर्फ डालें और सर्व करें।

आम पन्ना बनाते समय न करें ये गलतियां-

  • ध्यान रखें कि बहुत पके आम का इस्तेमाल न करें। पन्ना बनाने के लिए हमेशा सख्त, खट्टे कच्चे आम चुनें। ज्यादा पके आम से स्वाद बिगड़ सकता है।
  • गुड़ या चीनी एक साथ ज्यादा मात्रा में न डालें। इसके लिए पहले थोड़ी चीनी मिलाएं और स्वाद चखकर जरूरत अनुसार बढ़ाएं, नहीं तो आपकी ड्रिंक बहुत मीठी हो सकती है।
  • भुना जीरा और पुदीना है जरूरी। ये दोनों चीजें आम पन्ना को स्वाद और खुशबू देती हैं। इन्हें स्किप करना मतलब स्वाद से समझौता करना है।
  • आम को मीडियम आंच पर धीरे-धीरे पकाएं ताकि उनका गूदा ठीक से नरम हो और फ्लेवर बना रहे। तेज आंच पर गूदा जल सकता है।

इसे भी पढ़ें: कच्चे आम से घर पर ये 3 शानदार रेसिपीज आप भी तैयार करें

आम पन्ना को कैसे स्टोर करें?

  • आम पन्ना का मिक्सचर हमेशा कांच की साफ और सूखी बोतल में स्टोर करें। प्लास्टिक की बोतल से फ्लेवर बदल सकता है और वह जल्दी खराब भी हो सकता है।
  • मिक्सचर को उबालने या पकाने के बाद उसे तुरंत फ्रिज में न रखें। पहले कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें, फिर स्टोर करें। इससे फंगस बनने की संभावना कम हो जाती है।
  • हर बार बोतल से आम पन्ना निकालते समय ध्यान रखें कि चम्मच गीला न हो। गीला चम्मच डालने से यह जल्दी खराब होने लगता है।
  • आम पन्ना का मिक्सचर हमेशा फ्रिज में स्टोर करें। बाहर रखने पर गर्मी में जल्दी खराब हो सकता है।
  • अगर आप ज्यादा समय तक स्टोर करना चाहती हैं, तो आम पन्ना को आइस ट्रे में डालकर क्यूब्स बना लें। जब जरूरत हो, एक ग्लास पानी में एक-दो क्यूब्स डालें और ताजा पन्ना तैयार!

देखा आपने कितना आसान है घर पर आम पन्ना बनाना। अब आप भी इन टिप्स को ध्यान रखकर आम पन्ना बनाइएगा और अपने अनुभव हमारे साथ शेयर कीजिएगा।

हमें उम्मीद है कि यह लेख आपको पसंद आया होगा। इसे लाइक करें और फेसबुक पर शेयर करना न भूलें। ऐसे ही लेख पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी के साथ।

Image Credit: Freepik

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।