खाने में अगर स्वाद लाना हो तो हम तरह-तरह के मसाले और हर्ब्स का इस्तेमाल करते हैं। भारतीय खाने की बात करें तो लहसुन एक ऐसा इंग्रीडिएंट है जिसे लगभग हर राज्य में इस्तेमाल किया जाता है और इसे बहुत पसंद किया जाता है। लहसुन को सिर्फ फ्लेवर के लिए ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य को लेकर मिलने वाले कई फायदों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।
लहसुन को पकाने और उसे खाने में इस्तेमाल करने के बारे में तो आप जानते ही होंगे, लेकिन क्या आपको ये पता है कि लहसुन को लेकर किस तरह के हैक्स किचन में आपके काम आ सकते हैं? तो चलिए आज बात करते हैं लहसुन की और उससे जुड़े कुछ आसान, लेकिन असरदार हैक्स की।
कैसे चुनें अपने लिए सही लहसुन?
अधिकतर लोग इस चक्कर में मात खा जाते हैं कि वो अपने लिए सही लहसुन नहीं चुन पाते। लहसुन का फ्लेवर काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि आखिर उसका साइज और टेक्सचर कैसा है। अगर आप लहसुन खरीदने जा रहे हैं तो ऐसा लहसुन चुनें जो-
- ये बड़ा होना चाहिए और थोड़ा टाइट होना चाहिए।
- स्किन पेपर जैसी हो, बहुत ज्यादा सॉफ्ट स्किन न हो।
- लहसुन स्पॉन्जी या सॉफ्ट नहीं होना चाहिए। ये सही नहीं होते हैं।
- ऐसे लहसुन जिसमें पर्पल या पिंक छिलका दिख रहा हो वो भी नहीं चलेगा।
- स्प्राउट्स वाले लहसुन न खरीदें और अगर उनको इस्तेमाल करना भी है तो स्प्राउट को निकाल दें। ये खाने में कड़वा स्वाद लेकर आता है।
इसे जरूर पढ़ें- इन 5 तरीकों से काम आ सकता है भुना हुआ लहसुन
लहसुन को स्टोर करने का हैक
लहसुन को स्टोर करने के लिए डार्क प्लेस बेहतर होती है, सीधे धूप में रखने से ये खराब जल्दी हो सकता है या फिर ये पूरी तरह से सूख सकता है। इसे नमी से दूर रखना होगा नहीं तो ये स्प्राउट करने लगेगा और सड़ने लगेगा।
अगर 1 महीने तक स्टोर करना है लहसुन: अगर आपको लहसुन 1 महीने तक स्टोर करना है तो आप लहसुन का पेस्ट बनाकर उसमें 1 चम्मच नमक और दो चम्मच पका हुआ सरसों का तेल डालकर स्टोर करें। ये छिला हुआ लहसुन एक महीने तक चल जाएगा और इंस्टेंट यूज किया जा सकेगा।
अगर 1 साल तक स्टोर करना है लहसुन: अगर आपको लहसुन एक साल तक स्टोर करना है तो उसके लिए सबसे अच्छा तरीका ये हो सकता है कि आप वैसा ही पेस्ट बनाएं जैसा ऊपर बताया गया है और फिर उसे छोटी-छोटी गोलियों के साइज में (जैसे बड़ियां बनाई जाती हैं) धूप में सुखा दें। 1 दिन की धूप में ही ये 1 साल स्टोर करने लायक हो जाएगा। (प्याज को लंबे समय तक ऐसे करें स्टोर)
लहसुन को काटने का हैक
अधिकतर लोग लहसुन को मिंस नहीं करते बस ऐसे ही एक कली को चार-पांच टुकड़ों में काट देते हैं। लहसुन का असली स्वाद उसे मिंस करने (कीमा बनाने) के बाद ही आता है।
इसका सबसे अच्छा तरीका ये है कि आप लहसुन की कली को या तो चाकू से ही क्रश कर लें या फिर सेफ्टी को देखते हुए चम्मच या कटोरी के निचले हिस्से से क्रश कर लें और फिर उसे चॉप करें। इससे लहसुन काफी अच्छे से मिंस हो जाएगा और वो ज्यादा बेहतर फ्लेवर देगा।
अगर बहुत ज्यादा लहसुन आसानी से छीलने हों तो अपनाएं ये हैक
अगर आपको एक साथ बहुत ज्यादा लहसुन छीलने हों तो यकीनन ये बहुत टाइम लेने वाला प्रोसेस हो सकता है। इस प्रोसेस में आपको अगर चाहिए तो थोड़े से आसान टिप्स हम बता सकते हैं।
- अगर माइक्रोवेव आपके पास है तो बस सारी लहसुन की कलियों को एक माइक्रोवेव सेफ बर्तन में रखें और इसे 30 सेकंड के लिए माइक्रोवेव कर लें। बस आप पाएंगे कि लहसुन के छिलके बहुत आसानी से अब निकलने लगे हैं।
- अगर माइक्रोवेव नहीं है तो लहसुन को 10 मिनट के लिए गर्म पानी में डालकर रख दें। लहसुन के छिलके बहुत ही आसानी से निकलने लगेंगे।
किस तरह से लहसुन काटने पर मिलेगा कैसा फ्लेवर?
लहसुन को काटने और पकाने के तरीके पर निर्भर करता है कि आपको किस तरह का फ्लेवर मिलता है?
- अगर आपको बहुत बोल्ड फ्लेवर चाहिए तो आप लहसुन को मिंस करें या फिर क्रश करें।
- अगर आपको थोड़ा कम फ्लेवर चाहिए, लेकिन लहसुन का स्वाद अच्छा लगता है तो आप इसे टुकड़े में काटें।
- अगर फ्लेवर सिर्फ नाम का चाहिए और लहसुन की खुशबू से आपको खाना पकाना है तो आप इसे सीधे रोस्ट करें या तेल में फ्राई करें।
इस हैक से नहीं चिपकेगा कटा हुआ लहसुन
लहसुन को अगर आपने बारीक-बारीक काटा है तो वो चाकू में हाथ में और हर जगह चिपकने लगता है। अगर आपको लगता है कि ये सही नहीं है तो बस आपको थोड़ा सा नमक इसमें एड करना है। दरअसल, लहसुन में मौजूद सल्फर के कारण ये चिपक जाता है, लेकिन अगर आप नमक उसके साथ एड करते हैं तो ये एक फिजिकल बैरियर रखता है।
इसे जरूर पढ़ें- हाथों और बर्तनों से लहसुन की महक हटाने के उपाय
Recommended Video
लहसुन की स्मेल को हटाना है हाथों से तो?
अगर लहसुन काटने के बाद आपके हाथों से उसकी स्मेल नहीं जा रही है तो आप अपने हाथों में नींबू के तेल की कुछ बूंदें डाल लें। ऐसा करने से आपके हाथों से स्मेल जल्दी जाएगी और उसके बाद आप हाथों को धो लें जिससे आपको लहसुन की तेज़ गंध से छुटकारा मिलेगा।
ये सारे हैक्स लहसुन से जुड़े हुए हैं और इनको आप रोज़ाना के काम में इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आपको ये स्टोरी अच्छी लगी है तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहें हरजिंदगी से।
क्या आपको ये आर्टिकल पसंद आया ?
आपकी स्किन और शरीर आपकी ही तरह अलग है। आप तक अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी लाना हमारा प्रयास है, लेकिन फिर भी किसी भी होम रेमेडी, हैक या फिटनेस टिप को ट्राई करने से पहले आप अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें। किसी भी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।