Fri Sep 11, 2026 | Updated 07:28 PM IST

धनिया के डंठल भी हैं बड़े काम की चीज, इन 3 तरीकों से करें इस्तेमाल

धनिया की पत्तियों और मुलायम डंठल को छोड़कर अक्सर महिलाएं बचे हुए हिस्से को काटकर फेंक देती हैं। मगर आपको जानकर हैरानी होगी कि जिसे आप बेकार समझती हैं, वह बड़े कमाल की चीज है। नीचे जानें कैसे-  
Updated:- 2026-07-06, 13:31 IST
how to use coriander stalks

अक्सर हम रसोई में हरा धनिया लाते हैं, तो उसकी पत्तियों को तो बड़े चाव से तोड़कर इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन उसके डंठलों को बेकार समझकर फेंक देते हैं। अगर आप भी ऐसा करती हैं, तो यकीन मानिए आप धनिए का स्वादिष्ट और खुशबूदार हिस्सा बर्बाद कर रही हैं। धनिए के इन डंठलों में पत्तियों से भी कहीं ज्यादा स्वाद, बेहतरीन महक और भरपूर पोषक तत्व छिपे होते हैं। इनमें मौजूद विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद माने जाते हैं।

अगर आप भी इन डंठलों को कचरा समझती हैं, तो अभी रुकिए। आज के इस लेख में हम आपको इसके इस्तेमाल के ऐसे तरीके बताने जा रहे हैं, जिन्हें जानने के बाद आप इन्हें गलती से भी फेंकने की नहीं सोचेंगी।

चटनी का स्वाद और गाढ़ापन बढ़ाने में करें इस्तेमाल

आमतौर पर हम हरी चटनी बनाने के लिए धनिया पत्ती का इस्तेमाल करते हैं। मगर धनिया के डंठल से आप चटनी के स्वाद और गाढ़ापन बढ़ाने के लिए कर सकती हैं। इसके लिए डंठलों को बारीक काटकर मिक्सर में बाकी सामग्री के साथ पीस लें। इसके अलावा, डंठलों का तीखा और ताजा फ्लेवर चटनी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। आप चाहें तो इन्हें अदरक और लहसुन के साथ पीसकर एक बढ़िया पेस्ट भी तैयार कर सकती हैं, जो हफ्तों तक खराब नहीं होता है।

coriander dandal uses

इसे भी पढ़ें- 7 दिन में उग जाएंगी धनिया की पत्तियां, बाजार के चक्कर लगाने की भी नहीं पड़ेगी जरूरत, अगर माली के बताए गए तरीके से करेंगी ग्रो

सूप और सूप स्टॉक में रेस्टोरेंट जैसा स्वाद लाने में करेगा कमाल

अगर आपको सूप पीना पसंद है, तो डंठल आपके लिए कमाल की सामग्री साबित हो सकती है। वेजिटेबल या चिकन सूप बनाते समय, पानी उबलते वक्त उसमें धनिए के डंठल डाल दें। धीमी आंच पर पकने के दौरान डंठलों का सारा जूस और खुशबू पानी में समा जाती है। इससे सूप को एक रिफ्रेशिंग फ्लेवर मिलता है, जो बड़े रेस्टोरेंट के सूप जैसा अहसास कराता है। सूप बनने के बाद आप चाहें तो इन डंठलों को छानकर अलग कर सकती हैं।

तड़के में खुशबू लाने के लिए करें इस्तेमाल

भारतीय खानपान में तड़के का बहुत महत्व है। जब आप दाल, कढ़ी या किसी सूखी सब्जी के लिए तेल या घी गरम करें, तो जीरे और प्याज के साथ बारीक कटे हुए धनिया के डंठल भी डाल दें। गरम तेल में भुनने पर ये डंठल अपनी असली महक छोड़ते हैं, जो पूरी सब्जी में रच-बस जाती है। इसके अलावा, पनीर या मीट की हैवी ग्रेवी वाली सब्जियों में टमाटर-प्याज के मसाले के साथ इन डंठलों को भूनकर पीसने से ग्रेवी का स्वाद बहुत रिच और सोंधा हो जाता है।

coriander stems reuse

धनिया पाउडर बनाने के लिए करें इस्तेमाल

धनिया के डंठल का इस्तेमाल आप पाउडर बनाने में कर सकती हैं। इसके लिए डंठलों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद इसे 2-3 दिन और धूप में रखें। अब इसे मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। अब अगली बार जब हरा धनिया फ्रिज में खत्म हो जाए, तोआप इस पाउडर का इस्तेमाल कर सकती हैं।

इसे भी पढ़ें- Kitchen Garden: घर की रसोई में लगाएं ये 5 पौधे, रोज काम आती हैं ये चीजें

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी हो, तो इसे शेयर करें। ऐसी ही स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़े रहे हरजिंदगी के साथ।

Image Credit- Magnific


Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।