पालक पनीर की सब्जी नहीं ब्रेकफास्ट के लिए बनाएं पराठा, शेफ संजीव कपूर से जानें रेसिपी

पराठा, हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है। इसे ज्यादातर लोग पसंद करते हैं। खासकर जब ठंडी सुबह हो और तवे पर घी में सिंकते पराठों की खुशबू घर भर में फैल जाए, तो दिन की शुरुआत और भी खास लगती है। इसके साथ थोड़ा अचार, चटनी या रायता हो तो फिर आप पूछिए मत! दो-चार पराठे आराम से खाए जा सकते हैं।
पराठे की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाना न सिर्फ आसान है, बल्कि इसे हर उम्र के लोग मजे से खाते हैं। न कोई अलग से सब्जी बनाने की झंझट, न कोई ज्यादा तैयारी! बस स्टफिंग तैयार करो, आटे में भरो, बेलो और गरम तवे पर सुनहरा होने तक सेक लो।
पालक पनीर पराठा Recipe Card
पालक और पनीर की ग्रेवी नहीं, अब पराठा खाकर देखिए। संजीव कपूर की यह रेसिपी आप भी सीखें।
Ingredients
- ¼ कप पालक प्यूरी
- 1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
- 1 कप गेहूं का आटा
- स्वादानुसार नमक
- 1½ टेबलस्पून तेल
- ½ टीस्पून जीरा
- ½ टीस्पून बारीक कटा हुआ अदरक
- 1-2 हरी मिर्च
- बारीक कटी हुई
- 1 मध्यम आकार का प्याज
- बारीक कटा हुआ
- 1 टीस्पून जीरा पाउडर
- ½ टीस्पून गरम मसाला पाउडर
- ½ टीस्पून कसूरी मेथी पाउडर
- ½ टीस्पून अमचूर पाउडर
- पराठे सेकने के लिए घी
Step
- Step 1:
आटे में नमक और पालक की प्यूरी डालकर अच्छे से आटा गूंथकर ढक दें।
- Step 2:
एक पैन में तेल गर्म करें और जीरा डालकर चटकाएं। प्याज डालकर भूनें और मसाले डालकर पकाएं।
- Step 3:
ऊपर से पनीर को कद्दूकस करके मिला लें। आटे की लोई लेकर बेलें और यह स्टफिंग भरें। बेलकर तवे पर घी लगाकर सेक लें।
- Step 4:
दोनों तरफ से पराठा गोल्डन हो जाए, तो प्लेट में निकालकर अचार या दही के साथ परोसें।
हम अक्सर आलू, गोभी, मूली या पनीर पराठे बनाते हैं, लेकिन इस बार हम आपके लिए एक खास ट्विस्ट लेकर आए हैं-पालक पनीर पराठा। यह रेसिपी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जाने-माने शेफ संजीव कपूर ने की है। उनके खाना-खजाना का यह एक नायाब खजाना है, जिसे उन्होंने अपने फैन्स के साथ शेयर किया है।
पालक के तमाम पोषक तत्व और पनीर का प्रोटीन मिलकर इसे स्वाद और सेहत दोनों का जबरदस्त कॉम्बिनेशन बनाते हैं। ऊपर से जब इसमें मसालों का तड़का लगेगा, तो इसका स्वाद दोगुना बढ़ जाएगा। चलिए शेफ संजीव की इस शानदार पालक पनीर पराठे की रेसिपी को सीखते हैं, जिसे आप ब्रेकफास्ट में झटपट बना सकते हैं और अपने दिन की जबरदस्त शुरुआत कर सकते हैं!
इसे भी पढ़ें: पराठे नहीं बनेंगे सख्त और ड्राई, आटा गूंथने से लेकर सेंकने के ये ट्रिक्स आएंगे काम
पालक पनीर पराठा बनाने का तरीका-
- सबसे पहले आप अच्छा आटा गूंथ लें। एक बड़े बर्तन में आटा छान लें और उसमें स्वादानुसार नमक और पालक प्यूरी डालकर मिक्स करें। इसके साथ ही, थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसे अच्छी तरह से गूंथें, जिससे एक हल्का नरम आटा तैयार हो जाए।
- अब इसमें 1 टेबलस्पून तेल डालें और अच्छे से मसलकर चिकना कर लें। आटे को गीले कपड़े से ढककर कुछ देर के लिए रख दें। इससे आटे में मौजूद ग्लूटेन को फ्लेक्सिबल होने में मदद मिलेगी और आटा अच्छे से तैयार होगा।
- अब स्टफिंग तैयार करने के लिए एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा-सा तेल गर्म करें। इसमें जीरा डालें और कुछ सेकंड उसे भून लें। ध्यान रखें कि जीरा जलना नहीं चाहिए। अब अदरक और हरी मिर्च डालकर 30 सेकंड तक भूनें।
- पैन में कटा हुआ प्याज डालें और इसे हल्का सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें जीरा पाउडर, गरम मसाला, कसूरी मेथी पाउडर, अमचूर पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें। इसमें थोड़ा पानी मिलाएं और 1-2 मिनट तक पकने दें।
- तैयार स्टफिंग को एक कटोरे में निकाल लें और इसमें पनीर के टुकड़े को कद्दूकस करें और अच्छी तरह से मिला लें।
- अब आटे को फिर एक बार अच्छे से गूंथ लें, ताकि उसमें बनी हुई हवा निकल जाए। आटे को बराबर भागों में बांट लें और लोइयां बना लें।
- एक लोई लें, बेलकर हल्का-सा बड़ा करें और उसके बीच में तैयार स्टफिंग रखें। किनारों को उठाकर स्टफिंग को अच्छे से सील करें और इसे गोलाकार करें।
इसे भी पढ़ें: ब्रेकफास्ट में बनाएं प्याज-लहसुन का पराठा, झटपट तैयार कर सकते हैं रेसिपी
- हल्का प्रेशर देकर आटे को बेलें और अपने हिसाब से पराठे का साइज छोटा या बड़ा करें। एक तवे को मीडियम आंच पर गर्म करें और पराठे को उस पर रखें।
- पराठे को दोनों तरफ से हल्का भूरा होने तक सेकें। दोनों तरफ से घी लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं। इसे प्लेट में निकालें। खीरे का रायता, अचार या प्लेन दही के साथ इसे परोसें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।