आंख खुलते ही चेक करते हैं फोन? दिमाग पर पड़ सकता है बुरा असर, आज ही बदलें यह आदत

अगर आपकी नींद भी मोबाइल चेक करने के साथ खुलती है, तो यह खबर खास आपके लिए है। आजकल सुबह नींद खुलते ही सबसे पहले फोन चेक करना लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। कई लोग उठने से पहले ही WhatsApp मैसेज, सोशल मीडिया नोटिफिकेशन, ईमेल और खबरें देखने लगते हैं। लोगों की ऐसी आदतों को देखकर लगता है, कि दिन की शुरुआत करने से पहले दुनिया की हर जरूरी जानकारी के बारे में अपडेट होना बेहद जरूरी है। क्या आपको इसके दूसरे पहलू के बारे में भी पता है? सुबह उठते ही फोन देखने की यह आदत आपके दिमाग पर क्या असर डालती है? इसका सीधा असर हमारे ब्रेन पर पड़ता है।
अपोलो स्पेक्ट्रा अस्पताल, चेन्नई के डॉक्टर. पन्नीर ए, न्यूरोलॉजिस्ट, एमबीबीएस, एमडी,जनरल मेडिसिन और डीएम न्यूरोलॉजी का कहना है कि मोबाइल स्क्रीन पर आने वाली ढेरों जानकारियां, नोटिफिकेशन और तनाव भरी खबरें दिमाग पर अतिरिक्त दबाव डाल सकती हैं।
जागने के बाद धीरे-धीरे सक्रिय होता है दिमाग
नींद से जागने के बाद हमारा दिमाग धीरे-धीरे सक्रिय अवस्था में आता है। इस दौरान उसे खुद को पूरी तरह अलर्ट करने और दिनभर के कामों के लिए तैयार होने में थोड़ा समय लगता है। ऐसे में उठते ही फोन चेक करने से आपका ध्यान भटक सकता है। दिन की शुरुआत तनाव और बेचैनी के साथ हो सकती है। आइए जानते हैं कि सुबह उठते ही फोन देखने की आदत दिमाग को किस तरह प्रभावित कर सकती है और इससे बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए?

Image Credit: magnific.com
ब्रेन को एक्टिव होने में लगता है समय
जब हम नींद में होते हैं, तब हमारा दिमाग अलग-अलग ब्रेनवेव स्टेट से गुजरता है। नींद के दौरान डेल्टा वेव्स एक्टिव होती हैं, जबकि जागने के आसपास थीटा और अल्फा वेव्स जैसी अवस्थाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यहां थीटा वेव्स को याददाश्त और गहरी मानसिक शांति से जोड़ा जाता है। अल्फा वेव्स सतर्कता और शांत एकाग्रता से संबंधित होती हैं। सुबह उठते ही सोशल मीडिया, ईमेल और ब्रेकिंग न्यूज देखने से दिमाग को अचानक बहुत सारी जानकारियों को प्रोसेस करना पड़ता है।
डोपामाइन हो सकता है प्रभावित
सुबह उठते ही फोन चेक करने की आदत का संबंध डोपामाइन से भी जोड़ा जाता है। डोपामाइन दिमाग में पाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण न्यूरोट्रांसमीटर है, जो प्रेरणा, इनाम और किसी काम को करने की इच्छा से जुड़ा होता है। जब आप मोबाइल देखते हैं, तो कभी कोई नया मैसेज मिलता है, कभी सोशल मीडिया पर कोई दिलचस्प पोस्ट नजर आती है। कभी कोई नया नोटिफिकेशन आता है। इस तरह हर बार कुछ नया मिलने की उम्मीद दिमाग में उत्सुकता पैदा करती है। इन सब कारणों की वजह से बार-बार फोन चेक करने की आदत पड़ जाती है। सुबह उठते ही इस तरह के डिजिटल स्टिमुलेशन में उलझने से आपका ध्यान जरूरी कामों से हट सकता है।
हमेशा जल्दबाजी और टेंशन मोड में रहता है ब्रेन
सुबह उठते ही मोबाइल चेक करने का एक बड़ा नुकसान यह है, कि आपका दिन अपनी योजना के बजाय दूसरों की जरूरतों के हिसाब से शुरू होने लगता है। इसे एक उदाहरण से समझने का प्रयास करें। जैसे सुबह उठते ही ऑफिस का कोई जरूरी ईमेल दिखी है या सोशल मीडिया पर कोई परेशान करने वाली खबर सामने आ जाती है। ऐसे में आप अपने दिन की शुरुआत करने से पहले ही उन चीजों के बारे में सोचने लगते हैं, जिनकी टेंशन आपके ऊपर हावी हो सकती है। लगातार आने वाले नोटिफिकेशन और सूचनाएं आपका ध्यान बार-बार भटका सकती हैं।
बच्चों और किशोरों की मेंटल हेल्थ पर होता है असर
सुबह उठते ही फोन देखने की आदत केवल बड़ों के लिए ही चिंता का विषय नहीं है। बच्चों और किशोरों में भी मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता उनके व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। लगातार मोबाइल इस्तेमाल करने से बच्चों का आमने-सामने बातचीत करने का समय कम हो सकता है। वे परिवार के सदस्यों, दोस्तों और शिक्षकों के साथ बातचीत करने के बजाय स्क्रीन पर अधिक समय बिताने लगते हैं। इसका असर उनकी सामाजिक गतिविधियों, एकाग्रता और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है। अत्यधिक स्क्रीन टाइम को बच्चों और किशोरों में चिंता, मूड में बदलाव और नींद से जुड़ी परेशानियों से भी जोड़ा गया है।
यह भी पढ़ें- बच्चों का मोबाइल देखना या रिश्तेदारों की नसीहत, पेरेंट्स के लिए क्या है सबसे बड़ी मुसीबत?
तनाव भरी खबरें बढ़ा सकती हैं बेचैनी
कई लोगों की आदत होती है कि वे आंख खुलते ही न्यूज ऐप या सोशल मीडिया पर खबरें पढ़ने लगते हैं। इस दौरान कई बार ऐसी खबरें सामने आती हैं, जो चिंता, डर या गुस्सा पैदा कर सकती हैं। सुबह शरीर में कोर्टिसोल नामक हार्मोन का स्तर स्वाभाविक रूप से बढ़ता है। यह शरीर को नींद से जगाने और दिनभर की गतिविधियों के लिए तैयार करने में मदद करता है। अगर इसी समय आप लगातार तनावपूर्ण खबरें पढ़ते हैं, तो मानसिक बेचैनी और तनाव बढ़ सकता है। इससे दिन की शुरुआत थकान, चिंता और नकारात्मक विचारों के साथ होने की आशंका रहती है।
सुबह उठते ही फोन देखने की आदत कैसे बदलें?

Image Credit: magnific.com
इस आदत को बदलने के लिए आपको मोबाइल पूरी तरह छोड़ने या डिजिटल दुनिया से दूरी बनाने की जरूरत नहीं है। अपनी सुबह की दिनचर्या में कुछ छोटे बदलाव करके आप इस आदत को नियंत्रित कर सकते हैं।
- उठने के बाद 20-30 मिनट फोन से बनाएं दूरी-सुबह आंख खुलते ही फोन देखने के बजाय खुद को थोड़ा समय दें। इससे आप बिना किसी डिजिटल दबाव के दिन की शुरुआत कर पाएंगे।
- रात को फोन बिस्तर से दूर रखें- सोने से पहले फोन को अपने बेड से दूर रखें। इससे सुबह उठते ही फोन देखने का आकर्षण कम होगा।
- सुबह की शुरुआत हल्की एक्सरसाइज से करें- नींद से उठने के बाद कुछ देर टहलें, स्ट्रेचिंग करें या योग करें। इससे शरीर को सक्रिय होने में मदद मिल सकती है।
- कुछ देर धूप में समय बिताएं- सुबह प्राकृतिक रोशनी में समय बिताना शरीर की जैविक घड़ी यानी बॉडी क्लॉक को नियमित रखने में मदद करता है। इससे नींद और जागने का चक्र बेहतर हो सकता है।
- सुबह अपने विचार लिखें- दिन की शुरुआत में डायरी लिखने की आदत डालें। आप इसमें अपने विचार, दिनभर के जरूरी काम और लक्ष्य लिख सकते हैं। इससे दिन की योजना बनाने में आसानी होगी।
- दिन के पहले 20 मिनट खुद को दें- सुबह उठते ही फोन चेक करना भले ही एक सामान्य आदत लगे, लेकिन लगातार नोटिफिकेशन और डिजिटल सूचनाओं में उलझे रहने से आपका ध्यान और मानसिक शांति प्रभावित हो सकती है। इसलिए दिन की शुरुआत दूसरों के मैसेज और खबरों से करने के बजाय खुद को थोड़ा समय दें। सुबह के केवल 20-30 मिनट फोन से दूरी बनाकर आप अपनी दिनचर्या को बेहतर बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- World Mental Health Day 2026: डिजिटल युग में कैसे बचाएं अपने दिमाग की सेहत? न्यूरोसर्जन से जानें
हमने आपको सुबह उठते ही मोबाइल का इस्तेमाल करने और उससे होने वाले दुष्पभावों के बारे में अवगत कराया। आप चाहें तो यहां बताए गए जरूरी टिप्स अपनाकर अपने दिन को बेहतर बना सकती हैं। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
image Credit:magnific.com
- सुबह उठते ही मोबाइल देखने के क्या नुकसान हैं?
- जागते ही नोटिफिकेशन, मैसेज या खबरें देखने से दिमाग में कॉर्टिसोल (तनाव हार्मोन) बढ़ सकता है और घबराहट या चिड़चिड़ापन हो सकता है। इससे फोकस और दिन भर की प्रोडक्टिविटी भी कम हो सकती है।
- क्या सुबह फोन देखने से आंखों और नींद पर असर पड़ता है?
- सुबह उठने के तुरंत बाद स्क्रीन की रोशनी आंखों को थका सकती है और शरीर की प्राकृतिक बॉडी क्लॉक या स्लीप साइकिल को प्रभावित कर सकती है।
- सुबह उठने के कितनी देर बाद मोबाइल देखना चाहिए?
- विशेषज्ञों के अनुसार उठने के कम से कम 15 से 30 मिनट (या 1 घंटे) बाद फोन देखना बेहतर माना जाता है, ताकि दिमाग और आंखें शांत तरीके से जाग सकें।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।