क्या आप जानती हैं जब आप 12 की जगह 10 बजे सोती हैं तो शरीर में क्या बदलाव आते हैं?

आज की भागदौड़ से भरी जीवनशैली में देर से सोना मानो हमारी आदत में शुमार हो गया है। ऑफिस, घर के काम या कई बार बस यूं ही, बिस्तर पर जाते-जाते 12 तो बज ही जाते हैं। देर से सोना इतना आम हो गया है कि हम ये भी नहीं समझ पाते कि असल में ये हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है। हमारे बड़े-बुजुर्ग अक्सर कहा करते हैं कि जल्दी सोना और जल्दी जागना अच्छी सेहत के लिए बहुत जरूरी है, लेकिन आज के समय में हम में से ज्यादातर लोग ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। कम उम्र में ही हम में से काफी लोग अलग-अलग बीमारियों से परेशान हैं और उसके पीछे एक वजह ये भी है। असल में जल्दी सोना शरीर को कई तरह से फायदा पहुंचाता है और जब आप 12 बजे की जगह 10 बजे सोना शुरू करती हैं, तो शरीर में क्या बदलाव होते हैं, चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डॉक्टर श्रेय श्रीवास्तव, सीनियर कंसल्टेंट-इंटरनल मेडिसिन, शारदा हॉस्पिटल जानकारी दे रहे हैं।
जब आप 12 बजे की जगह 10 बजे सोती हैं तो शरीर में क्या बदलाव आते हैं?
- डॉक्टर श्रीवास्तव का कहना है कि सबसे पहला बदलाव नींद की गुणवत्ता में आता है। रात 10 बजे सोने से शरीर का सर्कैडियन रिदम (जैविक घड़ी) सही तरह से काम करता है। इस समय शरीर मेलाटोनिन हार्मोन अधिक मात्रा में बनाता है, जिससे नींद गहरी और आरामदायक होती है।
- दूसरा बड़ा बदलाव ऊर्जा स्तर यानी एनर्जी लेवल में दिखता है। जल्दी सोने वाले लोग सुबह ज्यादा तरोताजा महसूस करते हैं, दिनभर थकान कम रहती है और काम करने की क्षमता बढ़ती है।
- तीसरा फायदा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा है। 10 बजे सोने से तनाव, चिड़चिड़ापन और चिंता कम होती है। दिमाग को पूरी तरह आराम मिलता है, जिससे एकाग्रता और याददाश्त बेहतर होती है।
- जल्दी सोने से शरीर के हार्मोन्स पर भी असर होता है। जल्दी सोने से ग्रोथ हार्मोन सही समय पर निकलता है, जो मांसपेशियों की मरम्मत, त्वचा की चमक और इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है।
यह भी पढ़ें- Sound Sleep: नींद आने में होती है मुश्किल? सोने से पहले पिएं यह चाय
- पांचवां असर वजन नियंत्रण पर पड़ता है। देर से सोने पर भूख बढ़ाने वाले हार्मोन सक्रिय हो जाते हैं, जबकि जल्दी सोने से अनावश्यक खाने की इच्छा कम होती है।
- एक्सपर्ट का कहना है कि 10 बजे सोने की आदत दिल, पाचन और प्रतिरोधक क्षमता के लिए भी फायदेमंद होती है। यह छोटी-सी आदत आपकी सेहत पर काफी पॉजिटिव असर डाल सकती है।
यह भी पढ़ें- रात को बिस्तर पर जाने से पहले इन 2 अंगों पर लगाएं तेल और फिर देखें कमाल
एक्सपर्ट का कहना है कि समय पर सोना और समय से जागना सेहतमंद रहने के लिए बहुत जरूरी है। हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।