Fri Sep 11, 2026 | Updated 08:14 PM IST

नौतपा के दौरान शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अपनी दिनचर्या में करें ये जरूरी बदलाव

नौतपा (नव + तपा) यानी लगातार 9 दिनों तक पड़ने वाली तेज गर्मी शुरू हो चुकी है। इस दौरान शरीर का कूलिंग सिस्टम कमजोर होने के कारण कई तरह की स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं भी पैदा होने लगती हैं। इन दिनों कैसी हो आपकी दिनचर्या, क्या खाएं, किन बातों का रखें खयाल, एक्सपर्ट से जानें...
Updated:- 2026-05-26, 20:42 IST
heat wave safety tips

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक इन दिनों शरीर बाहर का उच्च तापमान सहन करने की क्षमता खोने लगता है। यही नहीं, जिन लोगों को पहले से ही दिल, लिवर, किडनी या कोई आटोइम्यून संबंधित बीमारी है उन्हें ज्यादा सावधान रहने की सलाह दी जाती है। खासतौर पर बच्चे और बुजुर्गों के लिए तेज धूप या लू में बाहर जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसलिए उनके लिए भी कई तरह की सावधानियां बताई गईं हैं।

दिल्ली इंस्टीट्यूट आफ नेचुरोपैथी के डायरेक्टर डा. आर एस दवास कहते हैं कि आम गर्मी के मुकाबले नौतपा के नौ दिन स्वास्थ्य के लिए चुनौती भरे होते हैं क्योंकि इस दौरान बाहर के तापमान के अनुसार शरीर का तापमान भी बढ़ता जाता है। इससे शरीर का खून गर्म होता है और हार्ट की पपिंग तेज होने लगती है। यही नहीं, ऐसे में रक्तचाप की समस्या भी हो सकती है। इस दौरान आपकी पल्स रेट (नाड़ी) भी बहुत तेज चलने लगती है, जो स्वास्थ्य के लिए अच्छी नहीं है। इसलिए शरीर को शीतल रखने के उपाय बताए जाते हैं। इस मौसम में दिन में दो बार नहाने की सलाह दी जाती है। पेट और लिवर को ठंडा रखने के लिए ठंडे और गर्म पानी की पट्टी बांधनी चाहिए।

नौतपा में बदल जाता शरीर का सिस्टम

इन दिनों अगर आप सावधानी बरते बगैर बाहर धूप में या लू में निकल जाते हैं, तो आपको सिर दर्द, उलटी, हीट स्ट्रोक, चक्कर आना, डिहाइड्रेशन, पेट में गड़बड़ी, त्वचा में रैशेज, मुंह और जीभ सूखना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जो लोग पहले से ही दवाएं ले रहे हैं, उन्हें सांस फूलना, दिल की धड़कने तेज होना, माइग्रेन, उलटी आदि जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर इस दौरान कोई बेहोश हो जाए या फिर शरीर का तापमान बढ़ जाए, सीने में दर्द या जलन होने लगे या पेट में मरोड़ दे तो तुरंत डाक्टर से संपर्क करना चाहिए।

ये नौ दिन कैसी हो आपकी दिनचर्या

भीषण गर्मी में आप अपना खयाल तो रखते ही हैं लेकिन ये नौ दिन आपके लिए चुनौतीभरे होंगे। इसलिए आपको अपनी दिनचर्या में थोड़ा बदलाव करना होगा।

यह भी पढ़ें- Nautapa Skin Care Tips: नौतपा की भीषण गर्मी में ऐसे करें स्किन की केयर, चेहरे पर बना रहेगा ग्लो

nautapa me kya kare

शरीर को हाइड्रेटेड रखें

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। अगर प्यास न भी लगे तब भी बीच-बीच में पानी पिएं। कोशिश करें कि रोजाना तीन से चार लीटर पानी जरूर पिएं। जरूरत पड़ने पर ओआरएस, नींबू पानी या नमक-चीनी का घोल भी ले सकते हैं।

हल्के और सूती कपड़े पहनें

गर्मी में ढीले, हल्के रंग के और सूती कपड़े पहनना बेहतर रहता है, क्योंकि ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं।

heat wave safety tips

धूप में निकलते समय रखें सुरक्षा

दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कड़ी धूप रहती है। इस दौरान बाहर निकलने से परहेज करें। अगर आपको इस दौरान बाहर निकलना पड़ता है तो अपने साथ छतरी, टोपी, चश्मा, पानी को बोतल जरूर साथ रखें।

नौतपा में क्या खाना चाहिए?

  • शीतल और हल्का भोजन लें
  • पानी वाली सब्जियां कद्दू, लौकी, तोरई
  • गुलकंद, मिश्री या नारियल पानी पी सकते हैं।
  • राबड़ी, जौ और बाजरा खाएं।
  • खीरा, ककड़ी, ठंडी तासीर वाले फल खाएं।

यह भी पढ़ें- नौतपा की भीषण गर्मी में ऑफिस जाने वाली महिलाएं नाश्ते में शामिल करें ये हेल्दी फूड, बनाना है बेहद आसान

nautapa 2026 health tips

नौतपा में क्या न खाएं

  • ज्यादा मसालेदार भोजन खाने से परहेज करें।
  • अल्कोहल, नशीले पदार्थों से दूरी बनाएं।
  • तला हुआ, डिब्बा बंद भोजन न खाएं।
  • चाय-काफी, कोलड्रिंक के सेवन से बचें।
  • नान वेज खाने से दूरी बनाएं।

इन दिनों कैसी हो आयुर्वेदिक दिनचर्या

आयुर्वेद के मुताबिक इन दिनों सुबह जल्दी उठकर प्राणायम और ध्यान करना चाहिए। इससे पूरे दिन शरीर और मन शांत रहता है। बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीने से परहेज करना चाहिए। सुबह-सुबह एक गिलास गुनगुना पानी पी सकते हैं। नहाते वक्त चंदन या गुलाब जल का प्रयोग करें। आप चाहें तो चेहरे पर भी इसका लेप लगा सकते हैं। बीच-बीच में ठंडे पानी से आंखें धोते रहें। रात को सोने से पहले पैरों के तलवों में थोड़ा घी लगाएं। यह जानकारी पसंद आई हो, तो इस लेख को शेयर और लाइक करें। इसी तरह और भी आर्टिकल्‍स पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।