2027 से पहले कम हो सकता है 4 किलो तक वजन, डाइट में शामिल करें ये 2 सूप

अगर आप नए साल से पहले 3-4 किलो तक वजन और कुछ इंच कम करना चाहती हैं, तो आपको आज से ही डिनर में इन 2 सूप को शामिल करना चाहिए। इससे वजन कम होगा और शरीर को ताकत भी मिलेगी।
Updated:- 2026-11-21, 20:06 IST
soups to lose upto 4 kgs before new year 2027

नया साल आने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। कुछ ही हफ्तों में हम साल 2026 को विदा देंगे और नए साल 2027 का स्वागत करेंगे। अगर आप 2027 की शुरुआत फिट अंदाज में करना चाहती हैं और इसके लिए वजन कम करने की सोच रही हैं, तो आपको अभी से अपनी डाइट में कुछ खास बदलाव करने चाहिए। वजन कम करने के लिए डाइट में कुछ खास सूप को शामिल किया जा सकता है। यहां हम आपको 2 ऐसे सूप के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अगर अभी से डिनर में शामिल करेंगी तो नए साल तक 3-4 किलो तक वजन कम कर सकती हैं। हालांकि, सिर्फ सूप पीने से 4 किलो वजन कम होने की गारंटी नहीं है। इसके लिए संतुलित डाइट, नियमित एक्सरसाइज और अच्छी नींद भी जरूरी है।  हां, बेशक इन सूप से मदद जरूर मिल सकती है। चलिए इसके बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट राधिका गोयल जानकारी दे रही हैं। 

टमाटर और तुलसी का सूप

अगर आप वजन कम करने के बारे में सोच रही हैं, तो टमाटर और तुलसी के सूप को डाइट में शामिल करें। यह सूप वजन कम करने और शरीर को न्यूट्रिशन देने में मदद कर सकता है। टमाटर में मौजूद लाइकोपीन और पोटैशियम हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद होते हैं। टमाटर का फाइबर और तुलसी पाचन को बेहतर बनाते हैं। इस सूप में कैलोरी बहुत कम होती है और पानी ज्यादा होता है, ऐसे में इसे पीने से वजन कम करने में मदद मिल सकती है। यह ठंड में एक टॉनिक की तरह काम करता है, शरीर को गर्म रखता है और मौसमी इंफेक्शंस से भी बचाता है। खासकर बेली फैट को कम करने में यह सूप बहुत फायदेमंद है।

कैसे बनाएं टमाटर और तुलसी का सूप?

सामग्री

  • टमाटर- 4-5
  • लहसुन- 2 कली
  • तुलसी की पत्तियां- 7-8
  • ऑलिव ऑयल- 1 टीस्पून
  • पानी- 1 कप
  • नमक और काली मिर्च- स्वादानुसार

विधि

  • टमाटर और लहसुन को काट लें।
  • एक पैन में ऑलिव ऑयल डालें। अब इसमें लहसुन डालकर हल्का सा भून लें।
  • याद रखें कि आपको लहसुन को ब्राउन नहीं करना है।
  • अब इसमें टमाटर मिलाकर 1-2 मिनट भूनें और फिर पानी डालकर ढक दें।
  • जब टमाटर मुलायम हो जाएं, तो इसमें तुलसी के पत्ते डालें।
  • अब इसे ब्लेंड कर लें।
  • इसमें काला नमक और काली मिर्च मिलाएं।
  • आपका हेल्दी सूप तैयार है।

soups to lose upto 4 kgs

यह भी पढ़ें- वजन नहीं बढ़ा, फिर भी शरीर फूला-फूला क्यों लगता है? ये कारण हो सकते हैं जिम्मेदार

2. मोरिंगा और धनिया का सूप

मोरिंगा यानी सहजन का सूप भी वजन कम करने में मदद करता है। मोरिंगा और धनिया का सूप कम कैलोरी, अधिक फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह वजन कम करने में मदद करता है। इससे पेट भरा रहता है और अनहेल्दी क्रेविंग्स नहीं होती हैं। मोरिंगा और धनिया में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स इंफ्लेमेशन को कम करते हैं और मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त करते हैं। इससे शरीर को जरूरी न्यूट्रिशन भी मिल जाता है और पेट में भारीपन भी महसूस नहीं होता है।

कैसे बनाएं मोरिंगा और धनिये का सूप?

सामग्री

  • मोरिंगा (ड्रमस्टिक)- 2

  • प्याज- 1 (बारीक कटा हुआ)
  • लहसुन- 2 कली
  • धनिये के पत्ते- चौथाई कप (ताजा)
  • अदरक- आधा टीस्पून घिसा हुआ
  • जीरा- आधा टीस्पून
  • पानी- 3 कप
  • ऑलिव ऑयल- 1 टीस्पून
  • नमक- स्वादानुसार

विधि

  • एक पैन में तेल डालकर हल्का सा गर्म कर लें। अब इसमें जीरा डालें। इसके बाद अदरक, लहसुन और प्याज डालकर भूनें।
  • अब इसमें ड्रमस्टिक और पानी डालकर ढक दें और ड्रमस्टिक मुलायम होने तक पकाएं।
  • अब फलियों में से चम्मच की मदद से गूदा निकाल लें।
  • इसे कुकिंग वॉटर में ही डाल दें। इसमें धनिया डालें और अच्छे से ब्लेंड कर लें।
  • इसे 2-3 मिनट तक पकने दें। आपका हेल्दी सूप तैयार है।


यह भी पढ़ें- सुनो सहेली! 35 के बाद अचानक बढ़ रहा है वजन? इन कारणों पर ध्यान देना है जरूरी


हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे।
अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit: Shuttersotck

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।