सुनो सहेली! 35 के बाद अचानक बढ़ रहा है वजन? इन कारणों पर ध्यान देना है जरूरी

क्या आपका वजन 35 की उम्र पार करते ही अचानक बढ़ने लगा है और आप इसके पीछे की वजह नहीं समझ पा रही हैं? इसके पीछे एक नहीं, बल्कि कई कारण हो सकते हैं। चलिए इस बारे में एक्सपर्ट से समझते हैं।
Updated:- 2026-10-21, 21:15 IST
Why do women start gaining weight after 35 age

उम्र के अलग-अलग पड़ाव पर महिलाओं के शरीर में कई बदलाव होते हैं, जिन्हें कई बार महिलाएं खुद नहीं समझ पाती हैं और उनके मन में कई सवाल उठने लगते हैं। 35 साल की उम्र के बाद कई महिलाओं को महसूस होता है कि उनका वजन पहले के मुकाबले तेजी से बढ़ने लगा है या फिर खान-पान और जीवनशैली में कोई बदलाव न होने पर भी वजन में बदलाव नजर आने लगता है। इसकी वजह से कई बार महिलाएं अपनी सामन्य डाइट को और कम कर देती हैं और इसका असर उनकी सेहत पर पड़ने लगता है। असल में 35 की उम्र के बाद वजन बढ़ने के पीछे सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि शरीर में होने वाले कई बदलाव भी जिम्मेदार हो सकते हैं। चलिए इनके बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी डॉक्टर सोनू खोखर, एमबीबीएस, हेल्थ एंड वेलनेस एक्सपर्ट (Dr. Sonu Khokhar, MBBS, Health and Wellness Expert) दे रही हैं।

35 की उम्र के बाद क्यों बढ़ने लगता है महिलाओं का वजन?

35 की उम्र के बाद महिलाओं का वजन कई कारणों से बढ़ने लगता है। इनमें हार्मोनल बदलाव, मेटाबॉलिज्म में बदलाव और तनाव समेत कई वजहें शामिल हैं। चलिए इनके बारे में जानते हैं।

1. मेटाबॉलिज्म में बदलाव

उम्र बढ़ने के साथ हमारे मेटाबॉलिज्म में भी बदलाव होता है। इसका असर शरीर की कैलोरी बर्न करने की क्षमता पर भी होता है। ऐसे में खानपान और फिजिकल एक्टिविटी सही होने पर भी वजन बढ़ने लगता है।

why women start gaining weight after 35 know the reasons expert backed answer

Image Courtesy: Shutterstock

2. हार्मोनल बदलाव भी हो सकते हैं जिम्मेदार

35 की उम्र के बाद महिलाओं में कई हार्मोनल बदलाव होते हैं और इनकी वजह से भी वजन पर असर होता है। खासकर पेरिमेनोपॉज यानी मेनोपॉज से पहले के चरण में एस्ट्रोजन के स्तर में उतार-चढ़ाव होने लगता है। हालांकि, पेरिमेनोपॉज आमतौर पर 40 की उम्र के आसपास या उसके बाद शुरू होता है, लेकिन इसका समय हर महिला के लिए अलग हो सकता है। इस दौरान शरीर में फैट जमा होने का तरीका बदल सकता है और पेट के आसपास चर्बी बढ़ सकती है।

3. तनाव और नींद की कमी

कई बार इसकी वजह तनाव और नींद की कमी भी हो सकती है। इस उम्र में घर, परिवार और काम की जिम्मेदारियों के चलते महिलाएं अपनी नींद और मेंटल हेल्थ पर ध्यान नहीं दे पाती हैं और इसका असर भी हार्मोन्स और वजन पर पड़ता है।

4. फिजिकल एक्टिविटी की कमी

उम्र बढ़ने के साथ कई महिलाओं की दिनचर्या पहले से ज्यादा व्यस्त हो जाती है। लंबे समय तक बैठकर काम करना, पैदल कम चलना और नियमित एक्सरसाइज के लिए समय न निकाल पाना वजन बढ़ने का कारण हो सकता है।

यह भी पढ़ें- 'कुछ नहीं हुआ, मैं ठीक हूं...', महिलाएं अपनी तकलीफ छिपाती क्यों हैं? जानिए साइकोलॉजी

5. थायराइड या पीसीओएस भी हो सकती है वजह

35 की उम्र के बाद अचानक वजन बढ़ने के पीछे थायराइड या पीसीओएस भी हो सकता है। हालांकि, यह 35 की उम्र के बाद ही हो ऐसा जरूरी नहीं है। हालांकि, 35 के बाद अगर आपका वजन अचानक बढ़ रहा है, तो डॉक्टर की सलाह के आधार पर आपको थायराइड या पीसीओएस की जांच करवानी चाहिए।

thyroid tips that no one talks about but actually works

Image Courtesy: Shutterstock

35 के बाद वजन को कंट्रोल करने के लिए क्या करें?

अगर आपका वजन 35 की उम्र के बाद अचानक बढ़ने लगा है, तो आपको खाना-पीना नहीं छोड़ना चाहिए। इसके कारणों को समझें और अपनी डाइट व लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करें। डाइट में प्रोटीन, फाइबर, फल, सब्जियां और साबुत अनाज शामिल करें। नियमित रूप से पैदल चलें और अपनी क्षमता के अनुसार स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करें, ताकि मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में मदद मिले। रोजाना अच्छी नींद लें और तनाव कम करने के लिए योग या मेडिटेशन की मदद ले सकती हैं।

यह भी पढ़ें- महिलाओं को हर वक्त थकान क्यों महसूस होती है? शरीर के इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

 


हर जिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, हेल्दी खान-पान और मेंटल हेल्थ के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
Image Credit:Freepik, Shuttersotck

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।