Fri Sep 11, 2026 | Updated 07:30 PM IST

आयुर्वेद में 'रामबाण' है मुलेठी, जानें फायदे और सेवन का सही तरीका

दादी-नानी के स्वास्थ्य संबंधित नुस्खों में सबसे पहला नाम मुलेठी का आता था। सर्दी-जुकाम है तो मुलेठी का पाउडर ले लो, ठीक हो जाएगी। आयुर्वेद में भी मुलेठी को रामबाण औषधि के रूप में बताया गया है। 
Updated:- 2026-09-08, 20:23 IST
mulethi benefits how to use

मुलेठी एक ऐसी औषधि है जो शरीर के कई अंगों का इलाज कर सकती है। पेट की जलन से लेकर त्वचा के दाग-धब्बे मिटाने तक, सिर से लेकर पांव तक मुलेठी फायदों से भरपूर है। हां, सभी समस्याओं के लिए इसके सेवन का तरीका एक जैसा नहीं है। अगर आपको गले में खराश या खांसी है तो मुलेठी का टुकड़ा चूस लेने से खांसी कम हो जाती है, लेकिन अगर पेट में गैस या अपच की दिक्कत है तो इसके पाउडर को गुनगुने पानी में लेने की सलाह दी जाती है।

मुलेठी के फायदे और खाने का तरीका

मुलेठी न केवल शरीर की अंदरूनी समस्याएं हल करती हैं बल्कि इसके लेप से शरीर की बाहरी समस्याओं का भी निवारण होता है। गला, पेट, बाल, त्वचा आदि के लिए कैसे फायदेमंद है यह औषधि, आइए आयुर्वेद एक्‍सपर्ट से जानें...

mulethi for stomach

पेट की जलन और अपच में राहत

जिन्हें अक्सर एसिडिटी रहती है या फिर खाना ठीक से हजम नहीं होता, उन्हें खाने के बाद मुलेठी पाउडर खाना चाहिए। मुलेठी एसिड कम करने में मदद करती है। यही नहीं, इससे पेट और आंतों की सूजन भी कम होती है।

सर्दी-जुकाम में है असरदार

गले की खराश, सर्दी जुकाम में मुलेठी खूब काम आती है। यह ऑटोइम्यून बीमारियों को रोकने और इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद करती है।

mulethi for weight loss

वजन कम करने में मददगार

मुलेठी मेटाबालिज्म तेज करके, शरीर में फैट को जमा होने से रोकती है जिससे वजन काबू में रहता है। यह फैट लिपिड मेटाबालिज्म को बेहतर बनाकर शरीर से टाक्सिन्स को बाहर निकालने में मददगार है। इसके अलावा यह भूख को कंट्रोल करने में भी मदद करती है। इतना ही नहीं, मुलेठी के एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मोटापे से जुड़ी सूजन को कम करने में मदद करते हैं।

एक्ने होते हैं कम

अगर चेहरे पर मुंहासे या पिंपल है तो मुलेठी का फेस पैक काम आ सकता है। एक चम्मच मुलेठी पाउडर में एक से दो चम्मच गुलाब जल और शहद मिलाकर चेहरे पर लगाने से यह समस्या धीरे-धीरे कम होने लगती है।

बालों का झड़ना होता है कम

बालों की समस्या में रामबाण है मुलेठी का पैक लगाना। बालों की झड़ना रोकने के लिए आप चाहें तो मुलेठी का सेवन भी कर सकते हैं या फिर बालों पर लगा भी सकते हैं। मुलेठी का सेवन चाय या चूर्ण के रूप में किया जा सकता है, लेकिन बालों पर लगाने के लिए अलग विधि अपनानी होगी।

यह भी पढ़ें- खांसी की समस्या को दूर करने में कारगर है मुलेठी, जानिए कैसे

विधि-एक चम्मच मुलेठी पाउडर में दो चम्मच आंवला और हिना पाउडर और एक चम्मच सरसों का तेल मिलाकर एक पेस्ट बना लें। फिर इस पेस्ट को रात भर लोहे की छोटी कड़ाही में छोड़ दें। सुबह इस पेस्ट को बालों पर लगाएं और फिर शैंपू कर लें। सप्ताह में एक से दो बार यह विधि अपनाने से बालों का झड़ना और टूटना कम होने लगता है।

mulethi uses

एक्‍सपर्ट की राय

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, दिल्ली की पूर्व स्वस्थ वृत्त विशेषज्ञ मेधा कुलकर्णी बताती हैं कि मुलेठी की प्रकृति शांत, शीतल और मधुर है, इसलिए इसके सेवन से वात और पित्त के दोष कम होते हैं। मुलेठी के सेवन से गले में दर्द, बैठी हुई गले की आवाज ठीक हो जाती है। उल्टी को रोकने में भी मुलेठी कारगर है। हां, लेकिन एक बात ध्यान देने की है अगर मुलेठी पाउडर का सेवन ज्यादा किया गया तो उल्‍टी ज्यादा होने लगती है।

यह भी पढ़ें- बदलते मौसम की ढाल है मुलेठी! क्यों ये हर्बल टी इम्युनिटी और गले के लिए है सबसे शानदार? डॉक्‍टर से जानें

मुलेठी न केवल अंदरूनी समस्याओं का समाधान करती है बल्कि बाहरी समस्याओं में भी बहुत लाभकारी है। जैसे कटने, जलने या छिलने पर मुलेठी का लेप लगाने की सलाह दी जाती है, वैसे ही शरीर के किसी हिस्से में दर्द होने पर मुलेठी के लेप से मालिश भी कर सकते हैं। मुलेठी के पेस्ट से बालों का झड़ना कम होता है। कई लोग रात को मुलेठी को दूध में डालकर भी पीते हैं, इससे पेट से संबंधित परेशानियां कम होती हैं।

अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Images: magnific

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।