बार-बार मीठा खाने की जिद करता है बच्चा, तो कुछ इस तरह दें उसे हेल्दी ट्विस्ट

अगर आपके बच्चे को अक्सर शुगर क्रेविंग्स होती हैं तो ऐसे में आप उसे इन हेल्दी फूड ऑप्शन्स को दे सकती हैं।  
Updated:- 2021-09-07, 15:00 IST
kids healthy diet

मम्मी कुछ मीठा खाने को है क्या? मम्मी आज हलवा बना दो ना। मम्मी चॉकलेट्स खा लूं? क्या आपका बच्चा आपसे अक्सर यह लाइनें बोलता है। अगर इसका जवाब हां है तो आप भी उन पैरेंट्स की लिस्ट में शुमार है, जिनके बच्चों को मीठा खाना काफी पसंद होता है। अगर वह स्वीट लवर नहीं भी हैं, तो भी उन्हें अक्सर शुगर क्रेविंग्स होती हैं और उस समय उनका मन कुछ मीठा खाने के लिए मचल उठता है। इस स्थिति में अक्सर बच्चे कुछ ना कुछ अनहेल्दी खा लेते हैं।

इससे भले ही उनकी शुगर क्रेविंग्स शांत हो जाएं, लेकिन बार-बार अनहेल्दी स्वीट्स खाने से सिर्फ उनकी ओरल हेल्थ ही नहीं, बल्कि ओवरऑल हेल्थ पर बुरा प्रभाव पड़ता है। हालांकि, आप बच्चे को बार-बार मीठा खाने के लिए मना नहीं कर सकतीं। ऐसे में जरूरी है कि आप कुछ हेल्दी ऑप्शन्स पर विचार करें। जी हां, अगर आपके बच्चे को बार-बार मीठा खाने का मन होता है तो आपको उन्हें मना करने की जरूरत नहीं है। बस आप कोशिश करें कि आप उन्हें कुछ हेल्दी शुगरी आइटम्स खाने के लिए दें, जिसके बारे में आज सेंट्रल गवर्नमेंट हॉस्पिटल के ईएसआईसी अस्पताल की डायटीशियन रितु पुरी आपको बता रही हैं-

बनाएं चावल या सूजी की खीर

kheer

खीर चॉकलेट और टॉफी की तुलना में यकीनन एक बेहद हेल्दी ऑप्शन है। खीर बनाने के लिए दूध का इस्तेमाल किया जाता है, जो कैल्शियम का एक अच्छा सोर्स है। इसके अलावा, इसमें चावल या सूजी भी मुख्य इंग्रीडिएंट के रूप में इस्तेमाल किए जाते हैं, जिसके कारण यह बच्चे की डाइट में कार्ब्स एड करता है। हालांकि, जब भी आप खीर बनाएं तो चीनी की जगह गुड़ या शहद का इस्तेमाल करें। जहां गुड़ आयरन रिच होता है, जो बच्चों के लिए काफी अच्छा होता है। वहीं, शहद में पोटेशियम अच्छी मात्रा में होता है।

इसे भी पढ़ें:सप्ताह में एक बार जरूर खाएं खिचड़ी, सेहत को मिलेंगे यह जबरदस्त लाभ

खजूर व एप्पल की खीर

expert tips for kids

यह एक आयरन रिच खीर है। इस खीर को बनाते समय दूध में खजूर के पल्प को मिक्स करके उसे पकाया जाता है। साथ ही इसमें कई तरह के नट्स जैसे बादाम, अखरोट, काजू व पिस्ता भी डाले जाते हैं। आखिरी में आप सेब को डालकर दो मिनट के लिए पकाएं। अगर आपके बच्चे को फल पसंद नहीं है तो ऐसे में इस खीर को देना अच्छा विचार है। साथ ही इसमें शुगर का इस्तेमाल नहीं किया जाता है तो यह यकीनन बच्चों के लिए काफी हेल्दी ऑप्शन है।

प्रोटीन रिच लड्डू

protein rich food

बच्चों के लिए प्रोटीन रिच लड्डू बनाकर उनकी सेहत का ख्याल रखा जा सकता है। इसे बनाने के लिए आप मखाने व अन्य नट्स को ड्राई रोस्ट करें और ठंडा होने पर ग्राइंड करें। अब आप इसमें खजूर का पल्प डालकर मिक्स करें। आप बेसन को घी में रोस्ट करें और इसमें हल्का सा शहद भी मिक्स करें। अब आप नट्स व बेसन को मिक्स करें और लड्डू बनाएं। यह एक हेल्दी प्रोटीन, आयरन, सेलेनियम और मैग्नीशियम रिच डेसर्ट है, जो बच्चे के माइंड पर सकारात्मक असर डालता है।

इसे भी पढें:इन छोटे-छोटे किचन हैक्स से बढ़ सकती है परिवार की इम्यूनिटी

लौकी की मिठाई

अगर आपके बच्चे को मिठाई खाना बेहद अच्छा लगता है, लेकिन वह सब्जी से दूर भागता है तो ऐसे में आप लौकी की मिठाई उसे बनाकर दे सकती हैं। इसे बनाने के लिए आप दूध और कद्दूकस लौकी को साथ में पकाएं। मीठे के लिए आप शहद या गुड़ का इस्तेमाल करें। आप इसे अंत में बर्फी बनाकर रख दें और जब भी बच्चा मीठा खाने की जिद करे तो आप उसे यह मिठाई खाने को दें। यह एक कैल्शियम, प्रोटीन व फाइबर रिच मिठाई है, जो बच्चों को फायदा पहुंचाती है।

अगर आपको यह लेख अच्छा लगा हो तो इसे शेयर जरूर करें व इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए जुड़ी रहें आपकी अपनी वेबसाइट हरजिन्दगी के साथ।

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।