जीरा-अजवाइन का पानी बनेगा आपके पेट का दोस्त, जानें इसे पीने का सही समय

पाचन का दुरुस्त होना कितना जरूरी है, ये बात अक्सर हमें तब समझ आती है जब हमारा डाइजेशन खराब रहने लगता है। जब गैस, एसिडिटी, बदहजमी, सीने में जलन और भूख न लगना जैसी दिक्कतें होने लगती हैं, तब हमें पाचन के सही होने की अहमियत पता चलती है। आज के वक्त में पाचन से जुड़ी दिक्कतें काफी आम हो गई हैं और इन्हें दूर करने में कई देसी नुस्खें मदद कर सकते हैं। जीरा और अजवाइन का पानी इन्ही में से एक है। जीरा और अजवाइन दोनों ही पाचन के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं और गट और डाइजेशन को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं। जीरा-अजवाइन का पानी किस तरह पाचन को सुधारता है और इसे किस समय पीना चाहिए, चलिए इसका जवाब एक्सपर्ट से जानते हैं। इस बारे में डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट राधिका गोयल जानकारी दे रही हैं।
पाचन से जुड़ी दिक्कतों को दूर कर सकता है जीरा-अजवाइन का पानी
- जीरा और अजवाइन का पानी, ब्लोटिंग, गैस, कब्ज और एसिडिटी को कम कर सकता है। इससे मेटाबॉलिज्म दुरुस्त होता है, खाना अच्छे से पचता है और पेट भी नहीं फूलता है।
- अजवाइन में थाइमोल होता है। यह डाइजेस्टिव एंजाइम्स के सीक्रेशन को बढ़ाता है। इससे फूड ब्रेकडाउन (भोजन का छोटे टुकड़ों में बदलने का प्रोसेस) आसानी से होता है।

- जिन लोगों का पाचन मंद यानी धीमा है और खाना ठीक से हजम नहीं होता है, उन्हें इसका सेवन जरूर करना चाहिए।
- जब लिवर ठीक से फंक्शन नहीं करता है, तो भी पाचन खराब रहने लगता है। ऐसे में जीरा और अजवाइन का पानी लिवर को हेल्दी रखने में मदद करता है।
- यह पानी एक नेचुरल क्लींजर की तरह काम करता है और शरीर को डिटॉक्स करता है।
- इससे पित्त (बाइल) का बहाव तेज होता है और पाचन दुरुस्त होता है।
यह भी पढ़ें- गट हेल्थ के सच्चे साथी हैं घी और मुनक्का, जानें डाइट में शामिल करने का सही तरीका
जीरा और अजवाइन का पानी कब पिएं?

- डाइटिशियन राधिका का कहना है कि सुबह खाली पेट जीरा-अजवाइन का पानी पीना बेहद फायदेमंद होता है।
- रात को एक गिलास पानी में एक चम्मच जीरा और एक चम्मच अजवाइन भिगोकर रखें।
- सुबह इसे उबाल लें और छानकर खाली पेट पिएं।
- आप खाने से आधा घंटा पहले या आधा घंटा बाद भी इसे पी सकती हैं। हालांकि, एक्सपर्ट के अनुसान इसे सुबह के वक्त पीना सबसे ज्यादा फायदा पहुंचाता है।
यह भी पढ़ें- डाइजेशन होगा मजबूत और पेट रहेगा खुश, खाने के बाद जरूर पिएं नींबू-अदरक की यह ड्रिंक
पाचन को दुरुस्त बनाने के लिए डाइटीशियन राधिका गोयल के बताए तरीके से जीरा और अजवाइन का पानी पिएं। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।