रोज पीती हैं कॉफी? जानिए सेहत के लिए वरदान है या नुकसान

कॉफी कई लोगों के लिए सिर्फ एक बेवरेज नहीं, बल्कि रूटीन का एक हिस्सा है, जिसके बिना उन्हें दिन अधूरा लगता है। काफी लोग दिन की शुरुआत कॉफी से करते हैं और ऐसा मानते हैं कि इससे एनर्जी और मूड बूस्ट होता है और फोकस बेहतर होता है। कॉफी पीना सेहत के लिए फायदेमंद है या नुकसानदेह, यह असल में सिर्फ कॉफी पर नहीं, बल्कि इसकी मात्रा, पीने के तरीके और भी कई बातों पर निर्भर करता है। कॉफी के फायदे, नुकसान और इसे पीने के सही तरीके के बारे में एक्सपर्ट से जानते हैं। यह जानकारी Dr. Anup Taksande Clinical Director - Cardiology and Cardiac Interventions, KIMS Hospitals, Thane दे रहे हैं।
क्या कॉफी सेहत के लिए नुकसानदेह है?

- कॉफी में कैफीन होता है और इससे नर्वस सिस्टम उत्तेजित होता है। इसे पीने से कुछ देर के लिए दिल की धड़कन और बीपी बढ़ सकता है।
- आमतौर पर ऐसा बहुत कम देर के लिए होता है और बीपी और धड़कन का लेवल बहुत ज्यादा नहीं बढ़ता है।
- एक्सपर्ट का कहना है कि आमतौर पर कम मात्रा में कॉफी का सेवन दिल के लिए फायदेमंद माना गया है, लेकिन ऐसा सभी के साथ हो यह जरूरी नहीं है।
- कई लोगों को एक कप कॉफी पीने के बाद भी दिल की धड़कन तेज होना, कंपकंपी या बेचैनी महसूस होना जैसी दिक्कतें सकती है। यह आमतौर पर आपकी बॉडी का संकेत है कि आप और कॉफी न पिएं।
कॉफी की सही मात्रा का रखना होगा ध्यान
कॉफी का सीमित मात्रा में सेवन आमतौर पर ठीक होता है और इससे कोई नुकसान नहीं होते हैं। एक हेल्दी एडल्ट के लिए 2-3 कप कॉफी का सेवन सुरक्षित माना जाता है। वहीं इससे ज्यादा सेवन से नींद आने में मुश्किल, बेचैनी और घबराहट महसूस हो सकती है। इसका प्रभाव आपकी हार्ट हेल्थ पर भी हो सकता है। स्ट्रेस लेवल बढ़ने और नींद पूरी न होने का सीधा कनेक्शन आपकी हार्ट हेल्थ से होता है।
कॉफी बनाने का सही तरीका भी है जरूरी

एक्सपर्ट का कहना है कि ब्लैक कॉफी जहां हार्ट और लिवर हेल्थ के लिए फायदेमंद मानी जाती है, वहीं शुगर, दूध, क्रीम और फ्लेवर सिरप डालकर इसे पीना नुकसादेह हो सकता है, क्योंकि इसमें कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है। इससे कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ सकता है, डायबिटीज हो सकती है और मोटापा भी बढ़ सकता है। फिल्टर कॉफी आमतौर पर एक बेहतर विकल्प होती है, वहीं जब आप कॉफी को शुगर के साथ उबालकर पीते हैं, तो इससे बैड कोलेस्ट्रॉल का खतरा रहता है।
यह भी पढ़ें- बार-बार एसिडिटी क्यों होती है? जानें इसके छुपे हुए कारण
कॉफी कैसे पिएं?
एक्सपर्ट का कहना है कि दिन में 1-2 कप ब्लैक कॉफी पीना फायदेमंद रहेगा। अगर आप दूध वाली कॉफी पी रही हैं, तो एक कप से ज्यादा न पिएं। ब्लैक कॉफी हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद होती है और इससे लिवर भी डिटॉक्स होता है।
यह भी पढ़ें- Mother’s Day Special: बढ़ती उम्र में मां की सेहत का खास ख्याल रखेंगे ये भीगे Superfoods
अगर आप भी रोजाना कॉफी पीती हैं, तो एक्सपर्ट की सलाह पर जरूर ध्यान दें। हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।
हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।