Sat Sep 12, 2026 | Updated 02:47 AM IST

गर्मी में पेट को ठंडा रखना है? एक्सपर्ट से जानें क्या खाएं और क्या पिएं

गर्मी में पेट की जलन, एसिडिटी और भारीपन जैसी समस्याएं आम हैं, जो पित्त दोष और खराब पाचन का संकेत हैं। एक्‍सपर्ट के अनुसार, इन समस्याओं से बचने के लिए तरल पदार्थों का सेवन, हल्का भोजन और मसालेदार व तले-भुने खाने से परहेज करना चाहिए।
Updated:- 2026-05-28, 10:00 IST
how to keep stomach cool in summer

क्या इन दिनों खाने के तुरंत बाद आपके पेट में जलन होती है, एसिडिटी या फिर भारीपन लगता है। अगर हां, तो ये सारे पेट की गर्मी के लक्षण हैं। तेज गर्मी की वजह से कुछ लोगों के साथ ऐसा होता है, जो बाद में जाकर पेट की गंभीर समस्या के रूप में बदल जाती है। आइए एक्सपर्ट से जानें, कैसे पेट को इस मौसम में ठंडा रखें और पाचन तंत्र मजबूत बनाएं?

बाहर के बढ़ते तापमान का असर आपके पेट पर भी पड़ता है। इस मौसम में पाचन तंत्र में असंतुलन होने के कारण ब्लोटिंग, पेट फूलना, खाना हजम न होना और एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्याएं होती हैं। इसके पीछे केवल बढ़ता तापमान नहीं है, बल्कि खान-पान में लापरवाही और डिहाइड्रेशन भी अहम कारण हैं। आयुर्वेद में इस समस्या को पित्त दोष कहते हैं। मसालेदार, तला-भुना भोजन, अनियमित दिनचर्या, पानी की कमी इस समस्या को और बढ़ा देते हैं।

dehydration symptoms

कैसे बढ़ता है पित्त दोष?

  • डिहाइड्रेशन- शरीर में पानी की कमी के कारण पाचन क्रिया प्रभावित होती है, शरीर का तापमान बढ़ता है और पेट से गर्मी निकलती है।
  • ज्‍यादा भोजन करना- ज्‍यादा मात्रा में भोजन करने से भी पाचन तंत्र पर प्रेशर पड़ता है, जिससे पेट से अतिरिक्त गर्मी उत्पन्न होती है।
  • इंफेक्‍शन- बैक्‍टीरियल या वायरल इंफेक्‍शन से आंतों में सूजन और पेट की गर्मी में वृद्धि हो सकती है। गर्मी के मौसम में बैक्टीरिया जल्दी पनपते है, बासी खाना या दूषित स्ट्रीट फूड खाने से पेट में इंफेक्‍शन बढ़ता है।
  • पेट की सूजन- पेट में लंबे समय तक गर्मी रहने से आंतों में सूजन और अल्सर बनने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

कैसी हो आपकी डाइट?

तरल पदार्थों का सेवन

hibiscus tea for stomach

  • गर्मी के दिनों में पेट को ठंडा रखने और पाचन तंत्र मजबूत करने के लिए सबसे बेहतरीन विकल्प है पेय पदार्थों का अधिक से अधिक सेवन।
  • कैमोमाइल चाय – पाचन तंत्र को आराम देती है और एसिडिटी को कम करने में मदद करती है।
  • हिबिस्कस चाय – तापमान को नियंत्रित करने में सहायक और ठंडक प्रदान करती है।
  • पुदीने की चाय – पेट फूलने से राहत दिलाती है और पाचन क्रिया को बेहतर बनाती है।
  • सौंफ और धनिया का पानी, पुदीना का पानी, नारियल पानी, छाछ, दही, सत्तू आदि से पेट ठंडा रहता है। आप चाहें तो रोजाना सुबह गोंद का पानी भी पी सकते हैं, इससे पूरा दिन पेट ठंडा रहता है। इसके अलावा चिया सीड्स भी भिगोकर खाने चाहिए।

हल्का भोजन लाभकारी

गर्मी के दिनों में भोजन हमेशा हल्का करना चाहिए, मसलन आपको अगर तीन रोटी की भूख है, लेकिन आपने दो रोटी खाई है तो पेट हैवी नहीं होगा। इस मौसम में छिलके वाली या मूंग की धुली दाल, तूहर दाल, दलिया, खिचड़ी, रागी आदि का आहार पेट के लिए बेहतरीन विकल्प है। दरअसल, इस मौसम में जल्दी पचने वाला भोजन ही ग्रहण करना चाहिए। आप चाहें तो दही चावल, किनुआ, पोहा भी खा सकते हैं। पाचन तंत्र मजबूत करने के लिए फाइबर युक्त आहार भी जरूरी है।

avoid oil foods in summer

गर्मी में इन खाने की चीजों से करें परहेज

मसालेदार और हैवी भोजन करने से पाचन क्रिया की गति धीमी हो जाती है। इसलिए कोशिश करें कि गर्मी के मौसम में तली चीजें, डिब्बा बंद खाना, रेडी टू इट फूड्स से दूरी बनाएं। ऐसे खाने से एसिडिटी बढ़ने की संभावना रहती है।

अपोलो स्पेक्ट्रा, कानपुर के गेस्ट्रो सर्जन डा.साद अनवर का कहना है कि तेज गर्मी और शरीर में पानी की कमी का सीधा असर पाचन तंत्र पर पड़ता है। दरअसल, गर्मी में तापमान नियंत्रित रखने के लिए शरीर ज्यादा पानी खर्च करता है। ऐसे में अगर शरीर में पानी की कमी होती है तो पाचन धीमा पड़ जाता है। नतीजा गैस, कब्ज और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। यही नहीं, ऐसे मौसम में बहुत ज्यादा कैफीन लेना भी नुकसानदायक साबित हो सकता है।

यह भी पढ़ें- पेट की गर्मी को निकाल देंगी ये ड्रिंक्स, आप भी बनाएं रेसिपीज

आजकल हमारे पास लोग फूड इंफेक्शन और पेट खराब होने की शिकायत लेकर ज्यादा आ रहे हैं। इसलिए इस मौसम में हल्का भोजन करने की सलाह दी जाती है। इसके साथ ही लंबे समय तक खाली पेट रहने से भी एसिडिटी बढ़ सकती है। इसलिए एक बार में नहीं, थोड़ी मात्रा में भोजन करना बेहतर माना जाता है। इसके अलावा देर रात भारी खाना खाने, बहुत ज्यादा मसालेदार आहार और बाहर की खुली चीजें खाने से भी पेट में जलन हो सकती है। अगर बार-बार पेट दर्द, उल्टी, एसिडिटी, दस्त या फिर ब्लोटिंग की समस्या बनी रहे तो तुरंत डाक्टर से संपर्क करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- पेट की गर्मी को दूर करने के लिए ट्राई करें यह समर ड्रिंक

हरजिंदगी के वेलनेस सेक्शन में हम इसी तरह अपने आर्टिकल्स के जरिए स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में आप तक सही जानकारी पहुंचाने की कोशिश करते रहेंगे। अगर आपको यह स्टोरी अच्छी लगी है, तो इसे शेयर जरूर करें। ऐसी ही अन्य स्टोरी पढ़ने के लिए जुड़ी रहें हरजिंदगी से।

लेखक- सुमन अग्रवाल

Image Credit: magnific.com

Disclaimer

हमारा उद्देश्य अपने आर्टिकल्स और सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से सही, सुरक्षित और विशेषज्ञ द्वारा वेरिफाइड जानकारी प्रदान करना है। यहां बताए गए उपाय, सलाह और बातें केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। किसी भी तरह के हेल्थ, ब्यूटी, लाइफ हैक्स या ज्योतिष से जुड़े सुझावों को आजमाने से पहले कृपया अपने विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी प्रतिक्रिया या शिकायत के लिए, compliant_gro@jagrannewmedia.com पर हमसे संपर्क करें।